प्रदेश की सरकार गरीब एवं मध्यम वर्ग के साथ खड़ी है

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के गरीब एवं मध्यम वर्ग की सभी जरूरतों में सरकार उनके साथ है। मुख्यमंत्री मजदूर कल्याण जैसी नई योजना लागू की गई है। योजना में गरीब के जीवन की सभी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने का कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मजदूर कल्याण योजना में पंजीयन का कार्य प्रगति पर है। प्रदेश में दो करोड़ दो लाख से अधिक व्यक्तियों ने पंजीयन करा लिये हैं। श्री चौहान आज नरेला में खेड़ापति हनुमान जी महाराज स्वर्ण गदा अर्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मानव जीवन का लक्ष्य परमात्मा को प्राप्त करना है। स्वर्ण गदा अर्पण कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले ईश्वर की कृपा के भागी होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी जनता ही उनका भगवान है। उसकी सेवा के लिये ही वे निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री मजदूर कल्याण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में ढ़ाई एकड़ से कम भूमि के स्वामी, अशासकीय सेवक और आयकर नहीं देने वाले व्यक्ति पंजीकृत हो रहे हैं। योजना में पंजीकृत भूमिहीन को रहने की जमीन का टुकड़ा वैधानिक रूप से उपलब्ध करवाया जायेगा। परिवारों को आगामी 4 वर्षों में पक्का मकान मिलेगा। बच्चों की पहली से लेकर पीएचडी तक शिक्षा और गंभीर बीमारियों का उपचार नि:शुल्क होगा। संतान के जन्म के समय गर्भधारण के छह से नौ माह की अवधि में गर्भवती महिला को 4000 रूपये और संतान जन्म के बाद 12 हजार रूपये दिये जायेंगे। असंगठित श्रमिक परिवारों को निर्धारित सीमा तक विद्युत उपयोग पर मात्र 200 रूपये देने होंगे। शेष राशि का भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा। साठ वर्ष से कम आयु में परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रूपये और दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रूपये दिये जायेंगे। अंतिम संस्कार के लिये भी 5 हजार रूपये दिये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today