अहमद पटेल के बजाय बीजेपी को क्रॉस वोट करने वाले विधायकों पर बखेड़ा

गुजरात की तीन राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव में मंगलवार को मतदान के दौरान कांग्रेस के दो विधायकों भोला भाई गोहिल व राघवजी भाई पटेल ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को वोट दिखाकर वोट डाले। मतदान के बाद आठ घंटे तक दूसरी पार्टी के सदस्य को वोट दिखाकर मतदान किए जाने का हाईप्रोफाइल ड्रामा चला। रात 11 बजे दोनों वोटों को चुनाव आयोग निरस्त कर दिया जिससे बीजेपी को झटका लगा।
गुजरात में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए बीजेपी के अमित शाह तो कांग्रेस के अहमद पटेल जैसे दिग्गज मैदान में थे। वोट संख्या के हिसाब से अमित शाह, स्मृति ईरानी बीजेपी प्रत्याशियों की जीत तो निश्चित थी लेकिन तीसरे प्रत्याशी और कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन करने वाले शंकरसिंह वाघेला के रिश्तेदार बलवंत सिंह राजपूत की मुश्किलें बढ़ी थीं। उनके सामने कांग्रेस प्रत्याशी थे अहमद पटेल।
कांग्रेस के 51 में से सात विधायकों के क्रॉस वोट करने व एनसीपी के एक विधायक के बीजेपी को वोट देने से कांग्रेस प्रत्याशी अहमद पटेल की जीत की संभावनाओं पर चोट पहुंची। जो 44 विधायक बंगलुरू ले जाए गए थे, उनमें से भी एक एमएलए ने क्रॉस वोटिंग की। मतदान के दौरान अचानक कांग्रेस के दो विधायकों भोला भाई गोहिल और राघवजी पटेल ने क्रॉस वोटिंग करते हुए बीजेपी को मतदान कर दिया। हालांकि उन्होंने वोट बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को दिखाकर मतपेटी में डाले जिससे पूरा ड्रामा पलट गया।
कांग्रेस के पोलिंग एजेंट ने इस मतदान पर आपत्ति की और दोनों वोटों को मतपेटी में नहीं डालने देने का जोर दिया। रिटर्निंग ऑफीसर ने बाद में मामला देखने का कहते हुए उस समय विवाद को टाल दिया मगर मतदान समाप्त होने पर फिर कांग्रेस ने इस आपत्ति को उठाया। वीडियो रिकॉर्डिंग दिखाने को कहा तो रिटर्निंग ऑफिसर ने पहले हां कर ली लेकिन बाद में इनकार कर दिया। मामला दिल्ली के चुनाव आयोग तक पहुंचा। कांग्रेस ने जब हरियाणा व राजस्थान के राज्यसभा चुनाव में क्रमश: 12 व 1 वोटों को दिखाए जाने पर रद्द किए जाने का हवाला दिया तो बीजेपी ने तुरंत आपत्ति लेने की बात कहते हुए वोट निरस्त नहीं किए जाने की मांग रखी। दोनों पार्टियां चुनाव आयोग के पास पांच घंटे के दौरान तीन-तीन बार मिलीं। फिर रात 11 बजे चुनाव आयोग ने फैसला दिया कि भोला भाई गोहिल और राघवजी का वोट निरस्त किया जाता है। इसके बाद गुजरात राज्यसभा चुनाव में मतों की गणना शुरू हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today