हर वार्ड में नागरिक सभाएँ होंगी, विकास योजनाओं की समीक्षा होगी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहाँ प्रदेशव्यापी नगर उदय अभियान का शुभारम्भ किया। यह अभियान 25 दिसम्बर से 5 फरवरी तक तीन चरणों में चलेगा। उन्होंने स्थानीय भारत माता चौराहे से पॉलीटेक्निक  चौराहे तक 2.2 किलोमीटर स्मार्ट सड़क का भूमि पूजन किया और इस सड़क का निर्माण अगले नौ महीने में पूरा करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने छह नगर उदय अभियान रथों एवं 51 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने भोपाल नगर निगम द्वारा पी.ओ.एस. मशीन से संपत्तिकर आदि का भुगतान करने की सुविधा का भी शुभारम्भ किया।

श्री चौहान ने कहा कि नगर उदय अभियान के अंतर्गत हर वार्ड में नागरिक सभाएँ होंगी। इनमें सरकार की नगरीय कल्याण एवं अन्य जन-कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा नागरिकों के साथ बैठकर की जाएगी। नागरिकों से सुझाव लिए जाएंगे और संभावित हितग्राहियों की सूची तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार सही अर्थों में लोगों की सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगरीय विकास के 83 हजार करोड़ रुपए के काम स्वीकृत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल में स्मार्ट सिटी के काम की शुरूआत स्मार्ट सड़क के भूमिपूजन के साथ हो रही है। यह शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना में सभी शहरों के विकास के लिए राशि दी जाएगी। भोपाल के लिए 100 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों और नगर निकायों के अध्यक्षों, पार्षदों से आग्रह किया कि वे नगर उदय अभियान को उत्साहपूर्वक नेतृत्व प्रदान करें। उन्होंने कहा कि नगरीय कल्याण के कामों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने या किए जाने पर दोषी लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान में हितग्राहियों को राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। लाभ वितरण के कार्यक्रम पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे नगर अभियान के दौरान आकस्मिक निरीक्षण करेंगे और और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल का हर कोना साफ होना चाहिये। चाहे अस्पताल हों या अन्य सार्वजनिक स्थल हों। नागरिकों के सहयोग से सफाई का पूरा ध्यान रखा जायेगा। लापारवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि घरों में काम करने वाली बाईयों, हाथ ठेला चलाने वालों, केश शिल्पियों, सब्जी बेचने वालों, मजदूरी करने वालों और अन्य छोटे-छोटे काम करके वालों की आजीविका बढाने और उनकी समस्याओं पर भी इस अभियान के दौरान चर्चा होगी।

राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार की कार्य संस्कृति में बदलाव आया है। अब सरकार खुद हितग्राहियों के पास जा रही है। इसके पहले ग्रामोदय अभियान में ग्रामीण परिवारों को लाभान्वित किया गया था। उन्होंने कहा कि यह लोगों की सरकार है।

भोपाल महापौर श्री आलोक शर्मा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि राज्य और केन्द्र की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ इस अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को दिलवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रचार रथ भोपाल जिले के सभी वार्डों में पहुँचेंगे। नये हितग्राहियों की सूची बनाई जायेगी। नागरिकों के साथ बैठकर योजनाओं की समीक्षा होगी। इसके लिये अधिकारियों के दल बनाये गये हैं जो अभियान के दौरान लोगों तक पहुँचेंगे। सभी वार्डों में हाकर्स कार्नर बनाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि भोपाल नगर निगम में कैशलैश लेनदेन को प्रोत्साहित करने और करों भुगतान की सुविधा देने के लिये विशेष प्रकोष्ठ बनाया गया है। उन्होंने भोपाल को स्वच्छ बनाये रखने के लिये उठाये गये कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों के सहयोग से भोपाल को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि ई रिक्शा से बेरोजगार नौजवान रोजगार से जुड गये हैं।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी, श्री बाबूलाल गौर, सहकारिता राज्य मंत्री श्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद श्री आलोक संजर, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, बीडीए के अध्यक्ष श्री ओम यादव, भोपाल संभागायुक्त श्री अजातशत्रु, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन श्री मलय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विवेक अग्रवाल, कलेक्टर श्री निशांत बरवडे, नगर निगम आयुक्त श्रीमती छवि भारद्वाज, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today