9 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ डालेंगे प्रधानमंत्री मोदी: रावत

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस 25 दिसम्बर को भारतीय जनता पार्टी सुशासन दिवस के रूप में मनाएगी। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम किसान सम्मान निधि के 18 हजार करोड़ रूपए 9 करोड़ किसानों के खातों में हस्तांतरित करेंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सुशासन दिवस कार्यक्रम के प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री किसानों को दोपहर 12 बजे से संबोधित करेंगे और उनके इस संबोधन को प्रदेश के 01 करोड़ किसान सुनेंगे।

बाबई विकासखंड के कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष
रावत ने बताया कि सुशासन दिवस के कार्यक्रम 25 दिसम्बर को विकासखंड स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि किसानों के साथ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा होशंगाबाद जिले के बाबई विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। केंद्रीय मंत्री श्री थावरचंद गहलोत उज्जैन जिले के खाचरौद में, श्री प्रहलाद पटेल सागर जिले के देवरी में एवं श्री फग्गनसिंह कुलस्ते मंडला जिले के निवास विकासखंड में उपस्थित रहेंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री जी के संबोधन को प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सभी एपीएमसी एवं सहकारी संस्थाओं पर भी किया जाएगा। पार्टी के जिला कार्यालयों पर भी किसानों को आमंत्रित कर प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन सुना जाएगा।
किसानों को देंगे प्रधानमंत्री, केन्द्रीय कृषि मंत्री एवं मुख्यमंत्री का पत्र
प्रधानमंत्री के संबोधन के पूर्व केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को देंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के पत्र भी किसानों को दिये जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today