मध्य प्रदेश में इन दिनों माध्यमिक शिक्षा मंडल और केंद्रीय शिक्षा बोर्ड की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं जिसमें परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने के नाम पर ठगने वाले लोग सक्रिय हो गए हैं। इनमें से रायसेन का एक बदमाश को सायबर क्राइम पुलिस ने पकड़ा है जो टेलीग्राम पर फर्जी ग्रुप बनाकर कुछ इसी तरह प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने के नाम पर छात्रों से पैसा ऐंठ रहा था। जानें ये अपराधी कैसे करते हैं धोखाधड़ी।
केंद्रीय शिक्षा बोर्ड और माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड एक्जाम इन दिनों चल रहे हैं जिसमें अपराधी किस्म के लोग तैयारी से बचकर प्रश्न पत्र की जुगाड़ में भटकने वाले छात्रों को लालच देते हैं। मंडीदीप के कौशिक दुबे नाम के बीकॉम के एक छात्र ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्रों को यह लालच दिया कि वह प्रश्न पत्र उपलब्ध करा सकता है। इसके लिए उसने टेलीग्राम पर फर्जी ग्रुप बनाया जिसमें माध्यमिक शिक्षा मंडल का लोगो लगा लिया। इससे छात्रों को यह लगा कि वाकई में माध्यमिक शिक्षा मंडल का कोई ग्रुप है और वह प्रश्न पत्र उपलब्ध करा रहा है। इस ग्रुप से कौशिक दुबे ने लोगों से रूपए मांगे और करीब साढ़े तीन लाख की राशि मिलने के बाद वह कथित प्रश्न पत्र उन्हें उपलब्ध कराने लगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा नियंत्रक को इसका पता चला तो उन्होंने सायबर क्राइम भोपाल को शिकायत की। इसके बाद कौशिक दुबे को पुलिस गिरफ्तार कर सकी। कौशिक दुबे ने छात्रों से पैसे लेने के लिए भारत पे के क्यूआर कोड का उपयोग किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद बैंक की पासबुक, मोबाइल और दो सिम कार्ड जप्त किए गए। सायबर क्राइम भोपाल ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सायबर काईम संबंधित घटना घटित होने की सूचना भोपाल सायबर क्राइम के हेल्पलाइन नम्बर 9479990636 अथवा राष्ट्रीय हेल्पलाईन नंबर 1930 पर देने की अपील की है।
विद्यासागर हायर सेकंडरी स्कूल में व्हाट्सअप पर पेपर शेयर
भोपाल के भानपुर में व्हाट्सअप पर पेपर शेयर के आरोप में केंद्र अध्य़क्ष राजकुमार सक्सेना, विश्वनाथ सिंह रेखा गोयल, पवन सिंह के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। इन सभी को निलंबित भी कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाओं के पेपर कथित रूप से लीक होने की खबरों से मंडल के अधिकारी परेशान हैं।
Leave a Reply