आज मुख्यमंत्री निवास में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने परिवारजनों तथा सैकड़ों अन्य लोगों के साथ खूब होली खेली। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने फाग गीत और भक्ति गीतों को न केवल गाया बल्कि उन्हें हारमोनियम व ढपली से संगीत भी दिया। उनका साथ पत्नी साधना सिंह ने भी दिया। होली पर मुख्यमंत्री निवास में खूब गुलाल उड़ा और वहां पहुंचे लोगों पर गुलाल ऐसा चढ़ा कि उनके चेहरे पहचान में आना बंद हो गए। हमारे साथ देखिये सीएम हाउस की होली वीडियो में।
मुख्यमंत्री निवास और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निवास पर होली मनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की टीमें पहुंची। सीएम हाउस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी व पुत्र के साथ सुबह से ही बाहर आ गए थे। उन्हें होली की शुभकामना देने पहुंचे वाले लोगों के लिए विशेष इंतजाम किया गया था। होली खेलने के लिए कई रंगों के गुलाल के ढेर लगे थे तो गीत-संगीत के साथ होली मनाने की व्यवस्था थी।
सीएम ने हारमोनियम-ढपली के साथ गीत गाए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हारमोनियम और ढपली लेकर गीत गाना शुरू किया तो गाने वालों की टोली का जोश बढ़ गया। देखते ही देखते गीत की महफिल जम गई। मुख्यमंत्री ने आज न छोड़ेंगे बस हमजोली खेलेंगे हम होली….., आज बिरज में होली रे रसिया…., मेरी बहू निराली है……, होली खेले नंद के लाल….. और ऐसे कई गानों को सुर के साथ गाया। उन्होंने कभी हारमोनियम तो कभी ढपली के साथ संगीत देते हुए गीत गुनगुनाए।
वीडी शर्मा के घर भी उड़ा गुलाल
वहीं, चार इमली पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निवास पर भी होली का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहां गुलाल से होली खेली गई। विधायक रामेश्वर शर्मा और भाजपा के जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी पहुंचे। होली के गाने भी बजते रहे और लोग गुलाल उड़ाकर होली का आनंद लेते रहे।
कॉलोनियों में भी चढ़ा होली का रंग
मध्य प्रदेश में आज भी होली कई स्थानों पर मनाई गई। भोपाल में होली के मौके पर कॉलोनियों-सड़कों पर हुरियारों की टोलियां निकलीं। पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों को चैक करने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेट्स लगाकर जांच की। कॉलोनियों में होली का रंग बच्चों पर ज्यादा चढ़ा। इस बार पानी से होली खेलने वाले हुरियारों की संख्या बहुत कम देखी गई। अधिकांश लोगों ने गुलाल से ही होली खेली।
Leave a Reply