हम सब मिलकर कोरोना से जंग लड़ रहे हैं: शिवराज

मेरे प्यारे बहनो-भाइयो, बेटे और बेटियो,
हम सब मिलकर कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। हमारे कोरोना योद्धा जान हथेली पर रखकर आपकी सेवा में जुटे हुए हैं। पूरे मध्यप्रदेश में हमने कुछ शहरों को सील किया है तथा जहाँ कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए थे, उन हॉटस्पॉट क्षेत्रों को सील करने का कार्य किया है। आपसे अपील है आप घर से ना निकलें। प्रशासन का सहयोग करें ।

मैं जानता हूँ कई जरूरी चीजों की कमी के कारण आपको परेशानी हो सकती है। प्रशासन आवश्यक चीजों को आप तक पहुँचाने का पूरा प्रयास कर रहा है। फिर भी आपको कष्ट तो हो ही रहा है। उस कष्ट के लिए मैं आपसे माफी मांगता हूँ। लेकिन आज अगर हम कष्ट सह लेंगे तो कल इस बीमारी को परास्त कर बाहर निकलेंगे।
आपमें यदि कोरना के लक्षण पाए जाते हैं, तो संकोच न करें, तत्काल बताएं। हैल्पलाइन 104 अथवा 181 पर तत्काल सूचना दें। कोरोना महामारी ऐसी नहीं है कि लक्षण है तो मौत हो ही जाएगी। मौत केवल ऐसे प्रकरणों में ही होती है जहां बताने में देर हो जाती है। अपने प्रदेश में बहुत से लोग स्वस्थ होकर घर वापस जा चुके हैं। कईयों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। तबियत ज्यादा खराब होने के बाद यदि मरीज आते हैं तो ठीक होने की संभावना कम होती है। अतः लक्षण छुपाएं नहीं तुरंत बताएं। छुपाना महापाप है, क्योंकि आप अपनी जिंदगी से खेल रहे हैं तथा अपने साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल रहे हैं।
प्रदेश में कोरोना के संकट से निपटने के प्रभावी प्रयास लगातार सरकार कर रही है। जब मैं मुख्यमंत्री बना तब कोरोना टेस्टिंग की व्यवस्था ही नहीं थी। एक लैब था व केवल 60 टेस्टिंग होती थीं। अब 1000 से ज्यादा टेस्टिंग प्रतिदिन हो रही हैं। मास्क आदि की भी पूरी व्यवस्था है। डेडिकेटेड अस्पताल हैं। हम व्यवस्थाओं में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
आप बिना मास्क लगाए घर से ना निकले। मास्क लगाना प्रदेश में अनिवार्य कर दिया गया है। लॉकडाउन का पूरा पालन करें, जिससे आप, आपका परिवार, प्रदेश व देश सुरक्षित रहे। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। बहुत-बहुत धन्यवाद।
आपका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today