हम वचन देते हैं, जनता ने जो विश्वास जताया, उसे टूटने नहीं देंगेः शिवराज

कोरोना संकट के दौरान हमारी सरकार द्वारा किए गए काम और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत की बदौलत हम प्रदेश की जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे। एक बार फिर जनता ने अपना प्यार और विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर जताया है। हम वचन देते हैं कि जनता ने हम पर जो विश्वास जताया है, जान भले ही चली जाए, लेकिन उस विश्वास को टूटने नहीं देंगे। मैं इस प्रदेश की 8.5 करोड़ जनता का आभार जताता हूं और प्रणाम करता हूं।

यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने 28 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में पार्टी को मिली जीत के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित विजय उत्सव में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। विजय उत्सव में प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया।

प्रधानमंत्री जी, केंद्रीय नेतृत्व के आशीर्वाद से मिली जीत

                मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी केंद्र सरकार अभूतपूर्व काम कर रही है। वहीं, अमित शाह जी के नेतृत्व और नड्डा जी के मार्गदर्शन में पार्टी लगातार प्रगति कर रही है। उनके आशीर्वाद से ही मध्यप्रदेश में पार्टी को प्रचंड जीत मिली है। बिहार, गुजरात, उत्तरप्रदेश हर जगह पार्टी की जीत का परचम फहराया है। इसके लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताता हूं।

पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं ने किया अथक परिश्रम

                श्री चौहान ने कहा कि पार्टी को मिली इस जीत के लिए मैं उन लाखों लाख कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं जिन्होंने प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा जी के नेतृत्व और संगठन मंत्री श्री सुहास भगत के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत की। हमारे नेताओं उमा जी, नरेंद्रसिंह तोमर जी, कैलाश विजयवर्गीय जी, श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी, नंदकुमार सिंह चौहान, गोपाल भार्गव जी सहित अनेक नेता, विधानसभा प्रभारियों ने रात दिन मेहनत की। महीनों ये लोग घर नहीं गए और नवरात्रि भी अपने चुनाव क्षेत्र में ही मनाई। श्री चौहान ने कहा कि परिस्थितियां विपरीत थीं और चुनाव कठिन था, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जीत का संकल्प लेकर मेहनत की।

दंभ, अहंकार को पराजित होना पड़ा

                श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को भ्रष्टाचार और दलाली का अड्डा बना दिया था। उन्होंने प्रदेश का विकास ठप्प कर दिया था और हमारी सारी योजनाएं बंद कर दी थीं। चुनाव के दौरान उन्होंने खूब गालियां दीं, कई तरह की तोहमद लगाई। गद्दार, बिकाऊ और पता नहीं क्या-क्या कहा। लेकिन भाजपा की इस जीत ने ये साबित कर दिया कि सिंधिया जी और उनके साथियों ने कमलनाथ सरकार को गिराने का जो काम किया था, जनता उसका स्वागत करती है। जनता से साबित कर दिया कि उस सरकार को गिराना जरूरी था। श्री चौहान ने कहा कि ये जीत विकास की जीत है, जनता के कल्याण की जीत है, हमारे विचार, संस्कार और विनम्रता की जीत है। दंभ और अहंकार को पराजित होना पड़ा।

संगठन के सहयोग से करेंगे प्रदेश का विकास

                श्री चौहान ने कहा कि अब संगठन के सहयोग से प्रदेश का विकास ही हमारा लक्ष्य है। हम अंत्योदय समितियां बनाएंगे, जो ये देखेंगी कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। हम मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का काम कल से ही शुरू कर देंगे। श्री चौहान ने कहा कि पं. दीनदयाल जी कहा करते थे कि जो गरीब है, वही हमारा नारायण है। हम प्रदेश के गरीबों, किसानों, महिलाओं, भांजे-भांजियों की सेवा का संकल्प लेते हैं और अब हमें इन्हीं की सेवा में जुटना है। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के 15 महीनों के शासन के बाद जनता ने ये पहचान लिया कि भाजपा ही खरी है। इसलिए जहां हम हारे हैं, बहुत कम मार्जिन से हारे हैं, लेकिन जहां हम जीते, बड़े अंतर से जीते हैं। 

आने वाले चुनावों में हमें ऊर्जा देगी उपचुनाव में मिली शानदार जीतः विष्णुदत्त शर्मा

                भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस विराट जीत का श्रेय पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को जाता है। जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर जो विश्वास व्यक्त किया यह उस विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने15 वर्षों तक लगातार और पिछले 6 माह में दिन रात गरीबों के लिए जो काम किए है, उसके कारण यह जीत मिली है। उन्होंने कहा कि यह जीत हमें आने वाले चुनाव में ऊर्जा देगी। अब हमें मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के संवेदनशील नेतृत्व में, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर मध्यप्रदेश के विकास का संकल्प लेना है।

टीम भावना से मिली है यह जीत

                श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बिहार चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री श्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा और बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतिश कुमार को जाता है और उन्हें मैं बधाई देता हूं। इस चुनाव में कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत की और उसी का परिणाम है कि भाजपा को यह विजय मिली है। इसके लिए सभी 28 विधानसभाओं में बूथ स्तर तक काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ता बधाई के पात्र है। साथ ही मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, सुश्री उमा भारती, श्री नरेन्द्रसिंह तोमर, श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, श्री सुहास भगत, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, श्री गोपाल भार्गव, श्री भूपेन्द्र सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अथक परिश्रम कर टीम भावना के साथ काम किया। यह जीत पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को समर्पित है।

                इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद, प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, श्री भूपेन्द्र सिंह, डॉ. अरविन्द भदौरिया, श्री विजय शाह, श्री भारतसिंह कुशवाह, श्री रामखिलावन पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य, प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी, सुश्री कविता पाटीदार, श्री सरतेन्दु तिवारी, प्रदेश मंत्री श्री पंकज जोशी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री सत्येन्द्र भूषण सिंह, श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, प्रदेश प्रवक्ता सुश्री राजो मालवीय, श्री राहुल कोठारी, श्री रजनीश अग्रवाल, श्री हिदायतुल्ला शेख, युवा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. अभिलाष पाण्डे, अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सूरज कैरो, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष श्री भगतसिंह कुशवाह,जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी, वरिष्ठ नेता श्री आलोक शर्मा, श्री शैतान सिंह पाल, श्री अभयप्रताप सिंह, श्री पंकज चतुर्वेदी, श्री विकास विरानी, श्री सुधीर जाचक, श्री राजेन्द्र गुप्ता, श्रीमती सीमा सिंह, श्री वंदना जाचक, श्रीमती बृजुला सचान, श्रीमती भावना सिंह, श्री अनिल अग्रवाल उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today