हम जनता के मन की बात सुनते हैं: राहुल गांधी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज मंदसौर के पीपल्यामंडी में ‘‘किसान समृद्ध संकल्प सभा’’ को संबोधित किया। यह सभा पिछले वर्ष छह जून को किसान आंदोलन के दौरान गोली से मारे गये छह किसानों की श्रद्धांजलि सभा के रूप में व किसानों की समृद्वि व सम्मान के रूप में आयोजित की गई थी। गांधी ने कहा कि हम मोदी सरकार जैसा झूठ नहीं बोलते हैं कि 15 लाख रूपये प्रत्येक व्यक्ति के खाते में काला धन आने के बाद जमा हो जायेंगे। हम मन की बात नहीं करते बल्कि जनता के मन की बात सुनते हैं। मध्यप्रदेश की कमान कमलनाथ जी को सौंपने के बाद व राहुल गांधी जी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली मध्यप्रदेश यात्रा थी।

श्री गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश की कमान हमने कमलनाथ जी जैसे अनुभवी और उर्जावान व्यक्ति को सौंपी है और मैं आपसे वादा करता हूं कि यदि मप्र में आप लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनायी तो कांग्रेस सरकार बनने के दस दिन के भीतर किसानों का कर्जा माफ होगा। जो हम कहते हैं वह करते है। हमने पूर्व में भी 72 हजार करोड रू. किसानों का कर्ज माफ किया। हमारी कर्नाटक और पंजाब की सरकार ने भी किसानों का कर्ज माफ किया। एक वादा और आपसे करता हूं कि हमारी सरकार आने पर दस दिन के अंदर मंदसौर गोलीकांड के पीडि़तों को न्याय और दोषियों को सजा मिलेगी।

…2…

श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को फसल लेकर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उनके गांव, खेत के पास ही फुड प्रोसेसिंग यूनिट बनाये जायेंगे, जिन्हें शहरों से जोड़ा जायेगा। हम पूरी फूड चैन बनायेंगे। इससे किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिलेगा। हम यह व्यवस्था भी करेंगे कि किसानों को मंडी के अंदर ही उनकी फसल का नगद भुगतान मिल जाये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मोदी जी तो सिर्फ दिखावे के तौर पर चीन-चीन करते हैं, जबकि उनके हाथ में जो मोबाईल रहता है उस पर मेड इन चाईना लिखा होता है। लेकिन हम चाहते हैं कि जब हम पांच साल बाद आपसे मिले तो आपके हाथ में जो मोबाईल हो उस पर मेड इन चाईना की जगह मेड इन मंदसौर लिखा हो। हम युवाओं को रोजगार देने का भरपूर प्रयास करेंगे।
श्री राहुल गांधी ने कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी मंदसौर गोली कांड में मृत किसानों को आज तक न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जब मैं मृतकों के परिजनों से मिला तो उसमें से एक परिवार ने मुझसे कहा कि शिवराज सरकार ने हमें एक करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता दी तो हमने शिवराजसिंह चौहान से कहा कि आप हमसे दो करोड़ रूपये ले लें, लेकिन हमारा खोया बेटा हमें वापिस दिलवा दें। यह सरकार किसानों की आवाज तक सुनने के लिए तैयार नहीं है वा किसानों का कर्ज माफ करने को भी तैयार नहीं है। मैं प्रधानमंत्री मोदी जी से एक बार ही मिला था और इस बारे में बात करने पर उन्होंने मुझे कोई जवाब ही नहीं दिया और वे मौन बैठे रहे।
श्री गांधी ने कहा कि मोदी सरकार पन्द्रह उद्योगपतियांे का ढ़ाई लाख करोड़ रूपयों का कर्ज माफ कर सकती हैं, पर किसानों का कर्ज माफ नहीं कर सकती। नीरव मोदी, मेहुल चौकसी मोदी सरकार में तीस हजार करोड़ रू. देश का लेकर भागे हैं। इतने में तो किसानों का दो बार कर्ज माफ किया जा सकता था।
हमारी सरकार बनी तो वह किसानों की सरकार होगी। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के सभी नेता टीम वर्क से काम कर रहे हैं। हमारी पहली प्राथमिकता जनता होगी। दूसरी प्राथमिकता कांग्रेस कार्यकर्ता और तीसरी प्राथमिकता में नेता आयेंगे।
श्री राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि वे आज से ही अलग-अलग जिलों में जायें और शिवराजसिंह के झूठे वायदों की पोल खोलें। इसके पहले श्री गांधी ने दिनेश गुर्जर के नेतृत्व में मृत किसानों की याद में निकाली गई ‘‘किसान कलश यात्रा’’ के समापन पर कलश पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभा प्रारंभ के पूर्व पिछले वर्ष मंदसौर गोलीकांड में मारे गये सभी छह किसानों के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में आज अजीबो-गरीब हालात हैं। हर वर्ग परेशान है। हर वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह कान और आंख बंद रखते हैं। सिर्फ उनका मुंह भर चलता है। मध्यप्रदेश में किसान बेहद आक्रोशित हैं। जो लोग खुद को किसान पुत्र कहते हैं, उन लोगों ने ही किसानों का खून बहाया। मध्यप्रदेश सरकार में सिर्फ प्रचार में विकास है, जबकि मैदान में सिर्फ भूख-प्यास है।

श्री नाथ ने कहा कि हमारे समय में किसान समर्थन मूल्य बढ़ाने की बात करता था और आज समर्थन मूल्य दिलवाने की बात करता है। इतनी इवेस्टर्स समिट होने के बाद भी आज भी निवेश के नाम पर स्थिति शून्य है। नये उद्योग खुलना तो दूर, पहले से उद्योगों का पलायन हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर माह दो सौ करोड़ रूपये के करीब शिवराज सरकार की ब्रांडिंग और प्रचार पर खर्च किये जाते है। मैंने शिवराज सरकार से कहा है कि यदि इतना पैसा किसानों और युवाओं पर खर्च किया जाता तो आज उनकी यह हालत न होती। आज युवा रोजगार मांग रहा है। हम मध्यप्रदेश का नया नक्शा बनायेंगे, जिसमें किसान की प्रगति होगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा, महिलाओं का सम्मान होगा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चुनावी वर्ष होने से प्रतिदिन घोषणाऐं करते जा रहे हैं, उनका काम सिर्फ घोषणा के बल पर चल रहा है। लेकिन प्रदेश की जनता कह रही है कि अब समय हिसाब देने का है, न कि घोषणा करने का। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार मध्यप्रदेश मंे निश्चित तौर पर कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने राहुल जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मेरे अध्यक्ष बनने के बाद आपका यह मध्यप्रदेश का पहला दौरा है।
सभा के पूर्व सभास्थल पर राहुल गांधी और कमलनाथ ने पिछले गोलीकांड में मृत किसानों के परिजनों से मुलाकात की। इस अवसर पर उपस्थित परिजनांे ने उन्हें सरकार की वादा खिलाफी और अभी तक न्याय नहीं मिलने की बात की।
सभा को सर्वश्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, अजयसिंह, कांतिलाल भूरिया, संजय कपूर, जुबेर खान, मीनाक्षी नटराजन, अरूण यादव, विवेक तन्खा, राजेन्द्रसिंह, रामनिवास रावत, बाला बच्चन, सुरेन्द्र चौधरी, दिनेश गुर्जर, श्रीमती मांडवी चौहान, योगेश यादव, कुणाल चौधरी, विपिन बानखेड़े, शोभा ओझा, हरदीपसिंह डंग आदि ने भी संबोधित किया । इस अवसर पर मंच पर प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, दिग्विजयसिंह, सज्जन सिंह वर्मा, उमंग सिंगार भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन जीतू पटवारी ने किया। कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष कमलेश पटेल ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today