सरकार को बचाने व टिकाने के लिए कोई सौदा नहीं किया : कमलनाथ

“मुझे कभी पद का लालच नहीं रहा , मुझे मध्यप्रदेश के भविष्य की चिंता थी ,मैं प्रदेश के नागरिकों को ऐसा प्रदेश नहीं सौंपना चाहता था ,जिसमें सौदेबाजी की राजनीति हो इसलिए मैंने अपनी सरकार बचाने व टिकाने के लिए कोई सौदा नहीं किया।

भाजपा ने प्रदेश में लोकतंत्र के खिलवाड़ के साथ-साथ ऐसी बिकाऊ राजनीति का खेल खेला कि उनके राज में पंचायत चुनाव की आवश्यकता भी नहीं ,बोली बोलो और सरपंच बना लो “ उक्त संबोधन आज दतिया जिले के भांडेर में कांग्रेस प्रत्याशी श्री फूल सिंह बरैया के समर्थन में आयोजित जनसभा में देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि चुनाव तो 3 नवंबर को समाप्त हो जाएंगे, 1 नवंबर को झंडे-बैनर-पोस्टर भी उतर जाएंगे लेकिन प्रदेश का किसान यही रहेगा , युवा यही रहेगा।अब आप लोगों को यह तय करना है कि आप किसके हाथ में अब प्रदेश का भविष्य सौंपना चाहते हैं , कैसे प्रदेश का निर्माण आप करना चाहते हैं ? यह फैसला अब आपके हाथ में है।आप भले कांग्रेस का साथ ना दें ,कमलनाथ का साथ ना दे लेकिन सच्चाई का साथ जरूर दे।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए श्री नाथ ने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति विश्वास की ,जोड़ने की संस्कृति है।हम दिलों को जोड़ते हैं ,संबंध जोड़ते हैं ,रिश्ता जोड़ते हैं ,जाति-धर्म को जोड़ते हैं।पूरे विश्व में भारत देश ही ऐसा देश है जिसमें इतनी अनेकता है ,इतनी संस्कृति है ,इतनी भाषाएं ,इतनी जाति ,इतने धर्म है और यही कांग्रेस की संस्कृति है सबको जोड़ने की।
बाबासाहेब अंबेडकर ने ऐसा संविधान बनाया था जो सबकी रक्षा करें ,कमजोर वर्ग की भी रक्षा करें ,सभी धर्म ,सभी समुदायों की रक्षा करें लेकिन जिस प्रकार से उनके द्वारा बनाये गए संविधान के साथ भाजपा ने खिलवाड़ किया ,जिसके कारण आज प्रदेश पर उपचुनाव का बोझ आ पड़ा है।ऐसा उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि सौदेबाजी कर लो ,बिकाऊ बन जाओ और उप चुनाव की आवश्यकता आ पड़े लेकिन भाजपा यह जान ले कि छोटा सौदा छुप जाता है लेकिन बड़ा सौदा नहीं छुपता है।हमने वोट से सरकार बनाई और उन्होंने नोट से सरकार बनायी।
15 साल बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी।भाजपा ने मुझे ऐसा प्रदेश सौंपा , जिसमें कई चुनौतियां थी।हमारा प्रदेश किसानों की आत्महत्या से लेकर महिलाओं पर अत्याचार ,बेरोजगारी ,भ्रष्टाचार में देश में नंबर वन पर था।हमारे सामने कई चुनौतियां थी लेकिन इन 15 माह में अपने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया।हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया और हमारी सरकार आने पर हम बचे किसानों का भी कर्ज माफ करेंगे।हमारा खजाना खाली था लेकिन फिर भी हमने अपना वचन पूरा किया।मैं कमलनाथ हूँ , शिवराज नहीं।शिवराज जी की 15 साल की झूठी घोषणाओं की वास्तविकता सभी जानते हैं।उनकी हज़ारों घोषणाए आज भी अधूरी है।वे तो जेब में दो-दो नारियल लेकर चलते हैं ,जहां मौका मिलता है घोषणा करके नारियल फोड़ देते हैं लेकिन शिवराज जी आपका झूठ अब बहुत हो गया।मैंने सोचा था शिवराज जी हारने के बाद झूठ बोलना बंद कर देंगे लेकिन आज भी इतना झूठ बोलते है कि झूठ भी शर्मा जाता है।
हमने माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करी ,मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया ,गौशाला बनायी ,पिछड़े वर्ग को 27% आरक्षण प्रदान किया ,किसानों का कर्ज माफ किया , ₹100 में 100 यूनिट बिजली प्रदान की , क्या यह मेरा गुनाह था , मेरी गलती थी ?
प्रदेश में निवेश आता नहीं था क्योंकि प्रदेश में फैला भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के कारण निवेशकों के मन में विश्वास नहीं था।मैंने इस पहचान को बदलने का काम किया।शिवराज सरकार में जितने उद्योग लगते नहीं थे ,उससे ज्यादा बंद हो जाते थे।
शिवराज जी को मै पहले भी चुनौती दे चुका हूं , आज भी चुनौती देता हूं।मुझसे 15 महीने का हिसाब मांगते हैं।आ जाये जनता के सामने , मै अपना हिसाब देने को तैयार हूँ वो अपने 15 वर्ष के शासनकाल का हिसाब सामने लेकर आ जाए।
इन्हें जनता पर विश्वास नहीं है ,यह प्रशासन के माध्यम से चुनाव लड़ना चाहते हैं। मै प्रशासन को आगाह करना चाहता हूं कि यदि आप भाजपा का बिल्ला जेब में लेकर काम करेंगे तो एक माह बाद जनता को गवाह बनाकर आपसे हिसाब जरूर लूंगा।

इस अवसर पर भारतीय न्याय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम पाल ने अपनी पूरी पार्टी के कांग्रेस में विलय की घोषणा की ,कमलनाथ जी ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया।भाजपा छोड़कर कई लोगों ने कांग्रेस में प्रवेश लिया ,उनका भी कमलनाथ जी ने फूल मालाओं से स्वागत किया।

आज की सभा को भांडेर के कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया , पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ,पूर्व मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह ,पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ,विधायक घनश्याम सिंह ,विधायक बैजनाथ कुशवाह ,राजेंद्र भारती ,देवाशीष जरारिया ,भानु ठाकुर ,दामोदर यादव ,विभा पटेल आदि ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today