संत रविदास का मध्य प्रदेश के सागर में 11 एकड़ क्षेत्र में भव्य मंदिर बनाए जाने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूमिपूजन करने आ रहे हैं। संत रविदास के 100 करोड़ की लागत से बनने वाले भव्य मंदिर में कला संग्रहालय, इंटरप्रिटेशन म्यूजियम, लायब्रेरी, संगत हॉल, कुंड, भक्त निवास, फूडकोर्ट जैसे स्थानों का निर्माण किया जा रहा है। पढ़िये रिपोर्ट।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज से करीब छह महीने पहले संत रविदास महाकुंभ में ऐलान किया था कि सागर में संत रविदास का भव्य मंदिर बनेगा और इस परिकल्पना को आज आकार देने प्रधानमंत्री मोदी सागर आ रहे हैं। मंदिर 10 हजार वर्गफुट में नागर शैली से पत्थरों का बनाया जाएगा। इसके परिसर में 14 हजार वर्गफुट का इंटरप्रिटेशन म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव है जिसकी संस्कृति और रचनात्मक विशेषताएं हैं। इंटरप्रिटेशन म्यूजियम में चार गैलरियां बनाई जाएंगी।
गैलरी में रविदास के जीवन का प्रदर्शन
इंटरप्रिटेशन म्यूजियम की चार गैलरियों में से एक में संत रविदास के जीवन का प्रदर्शन किया जाएगा। दूसरी गैलरी में संत रविदास के भक्त मार्ग व निर्गुण पंथ के योगदान का प्रदर्शन किया जाएगा तो तीसरी गैलरी संतजी के दर्शन का विभिन्न मतों पर प्रभाव व रविदासिया पथ का प्रदर्शन किया जाएगा। चौथी गैलरी में रविदासजी की काव्योचित, साहित्य और समकालीन विवरण का प्रदर्शन किया जाएगा। लायब्रेरी और संगत हॉल में संत रविदास के भक्ति मार्ग व दार्शनिक विचारों के सभी साहित्य उपलब्ध किए जाएंगे। साथ ही इसमें एक प्रतीकात्मक जलकुंड भी होगा और 12 हजार वर्गफुट में श्रद्धालुजनों को ठहरने के इंतजाम रहेंगे। इसके अलावा पार्किंग, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाओं को पूरा ध्यान रखा जाएगा।
Leave a Reply