शिवराजजी, आप भले कहे प्रदेश की जनता आपकी भगवान है लेकिन जनता सच्चाई जानती है:कमल नाथ

“कलाकारी में माहिर शिवराज जी कभी घुटनों के बल बैठ जाते हैं, कभी कहते हैं कि प्रदेश की जनता मेरी भगवान और मैं उसका पुजारी, अरे शिवराज जी प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है कि आपकी नज़र में जनता असली भगवान नहीं, आपकी नज़र में तो माफिया और मिलावट खोर भगवान हैं और आप उनके पुजारी है।

आपको तो मैं पहले भी कह चुका हूँ कि आपको कलाकारी करने मुंबई चले जाना चाहिए, अच्छे-अच्छे फिल्मी कलाकारों को आप पीछे छोड़ देंगे।आप कितना झूठ बोलते हैं ,कितनी झूठी घोषणाएँ करते हैं।यहाँ के लोग बता रहे है कि अकेले बमोरी में ही उपचुनाव को देखते हुए आपने 1100-1200 करोड़ की घोषणाएँ कर दी , क्या जनता को आप मूर्ख समझते हैं ? आज का मतदाता बहुत समझदार है, आपकी कलाकारी का शिकार बनने वाला नहीं है “उक्त संबोधन आज प्रदेश की बमोरी विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी श्री कन्हैयालाल अग्रवाल के समर्थन में विशाल जनसभा में देते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आज मुझे बमोरी आकर कर बेहद खुशी हुई है और मैं यहां की जनता को बधाई देता हूं कि आपने पिछले चुनाव में यह संदेश दे दिया था कि हमें गुलाम समझने की भूल ना करे, हम आजाद हैं और यहाँ की जनता ने आजादी का झंडा उठाकर बमोरी को आजाद किया लेकिन आज मुझे यहाँ आकर बमोरी के विकास को देखकर बड़ा ही ताज्जुब हो रहा है।ना यहाँ स्कूल है, ना कॉलेज है, ना ठीक-ठाक अस्पताल ?

जो लोग खुद को महाराज कहते हैं , जिनके खुद के कई स्कूल-कॉलेज है ,उनका क्षेत्र इतना उपेक्षित कि स्कूल-कॉलेज तक नहीं है ? चुनाव में भी लड़ता हूँ , 40 साल से जनता का प्रतिनिधित्व करता हूँ , मेरे क्षेत्र की जनता मुझ पर विश्वास करती है , क्षेत्र का विकास करता हूँ।आप छिंदवाड़ा का विकास देख कर आइए और उसकी तुलना महाराजा के इस क्षेत्र से कीजिये , विकास की सोच व नीयत आपको ख़ुद दिखाई देगी।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए नाथ ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर ने संविधान बनाया। बाबासाहेब व संविधान का सम्मान आज पूरा विश्व करता है। उसमें प्रावधान था उपचुनाव का लेकिन भाजपा ने सौदेबाजी ,बेईमानी और बिकाऊ राजनीति से प्रदेश की जनता पर उपचुनाव का भार थोपा ,प्रदेश की राजनीति को कलंकित किया लेकिन वो यह जान ले कि कुछ नेता बिक सकते हैं लेकिन प्रदेश का ईमानदार मतदाता बिकाऊ नहीं है।

शिवराज जी को जनता ने पूरे 15 वर्ष दिए लेकिन उनका पेट नहीं भरा ,उन्होंने 15 माह में ही हमारी सरकार गिरा दी।उन्होंने ऐसा प्रदेश हमें सौंपा जो किसानों की आत्महत्या,महिलाओं पर अत्याचार ,बेरोजगारी ,भ्रष्टाचार में देश में नंबर वन था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया , इतिहास में पहली बार चालू खाते वालों के भी कर्ज हमने माफ किये , हमारी सरकार आने पर बाकी किसानों का भी हम कर्ज माफ करेंगे।हमने मक्का पर भी बोनस दिया था , आज हालत क्या है ?
प्रदेश में जितने उद्योग लगते नहीं ,उतने बंद हो जाते हैं।आज मालनपुर की हालत देखो।प्रदेश में कोई निवेशक निवेश करने को तैयार नहीं क्योंकि विश्वास का माहौल नहीं है।शिवराज जी नौजवानों का दुख नहीं देख सकते ,किसानों की पुकार नहीं सुन सकते , इनकी आंख , इनके कान नहीं चलते , इनका तो सिर्फ़ मुँह चलता है

यह मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है , हमें बिकाऊ राजनीति को जवाब देना है , लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना हैं।हमने अपने सरकार में नीति और नियत का परिचय दिया। हमने किसानों का कर्ज माफ किया , 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी,पेंशन बढ़ायी ,माफिया-मिलावटखोरों पर कार्रवाई की , क्या यह कर कोई पाप , गुनाह किया ?

शिवराज जी कहते हैं कि हमने कर्जा माफ नहीं किया तो शिवराज जी सुन ले हम गरीब किसान का कर्जा माफ करेंगे ,आपका कर्जा हम कभी माफ नहीं करेंगे।

आज अतिथि शिक्षक मुझसे मिले ,कह रहे हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ना हमारे ढाल बने ना तलवार तो मैंने उनसे कहा कि आप चिंता मत करिए ,हमारा लक्ष्य रोजगार है।
शिवराज की सरकार में अस्पतालों में डॉक्टर नहीं ,डॉक्टर के पास दवाई नहीं ,स्कूलों में शिक्षक नहीं ,खंभे में तार नहीं ,तार में बिजली नहीं , बात बड़ी-बड़ी करते है ?

मैं आज आपसे अपील करता हूँ कि आप कमलनाथ व कांग्रेस का साथ भले मत देना लेकिन इन नौजवानों के भविष्य के लिए ,आने वाली पीढ़ियों के लिए ,किसान भाइयों के लिए ,माताओं-बहनों के भविष्य को देखते हुए सच्चाई का साथ दीजिएगा ,जिससे इनका भविष्य सुरक्षित हो।

इसके पूर्व आज मंगलवार के शुभ दिन के अवसर पर हनुमान भक्त कमलनाथ जी का बमोरी आगमन पर , वहाँ की जनता ने बमोरी के प्रसिद्ध हनुमान स्थल टेकरी सरकार का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
सभा के पूर्व क्षेत्र के बसपा के पूर्व प्रत्याशी ओपी त्रिपाठी ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ कांग्रेस में प्रवेश लिया , कमलनाथ जी ने तिरंगा दुपट्टा पहनाकर उनका कांग्रेस प्रवेश पर स्वागत किया।

सभा को क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया लाल अग्रवाल ,पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ,पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ,पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ,पूर्व मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा ,विधायक लक्ष्मण सिंह ,ग्यारसी लाल रावत ,हीरालाल अलावा आदि ने भी संबोधित किया।
स्वागत भाषण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह परसोदा ने दिया ,आभार ब्लॉक अध्यक्ष मुरारी लाल धाकड़ ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today