प्रदेश के हरदा जिले की टिमरनी तहसील में आज दिनदहाड़े सनसनीखेज तरीके एक बुजुर्ग महिला को घर में अकेला पाकर बदमाशों ने लूटपाट की और महिला के विरोध करने पर उसके निर्मम ढंग से मार डाला। घटना के बाद पूरे नगर में आक्रोशित भीड़ ने बंद करा दिया और पुलिस थाने के स्टाफ को बदलने की मांग की।
हरदा में लवकुश अग्रवाल नामक व्यक्ति का व्यापार है जिसकी बुजुर्ग मां उर्मिला आज घर में सुबह करीब साढ़े नौ बजे अकेली थी। बेटा धंधे पर चला गया था और वह घर का काम कर रही थी। तभी कुछ बदमाश घर में घुस आए और उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी।
लुटेरों का उर्मिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने अनाज निकालने के सुंबे से उसकी आंखें निकाल लीं। साथ ही तौलने के बांट सिर पर बेरहमी से मारे कि वह घर में ही मर गईं। घटना का पता लोगों को उस समय लगा जब एक काम वाली बाई लवकुश अग्रवाल के घर पहुंची। भीतर लाश देखकर उसकी चीख निकल गई और उसने आसपास के लोगों व लवकुश को बताया।
घटना का जैसा ही लोगों को पता चला तो उन्होंने नगर बंद करा दिया। लवकुश के घर और पुलिस थाने में जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी हुई। घटनास्थल पर दोपहर में आईजी, एसपी और कलेक्टर पहुंचे। मगर इसके पहले काफी हंगामा मचा। नगर बंद के साथ मंडी भी बंद करा दी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के साथ ही पुलिस थाने के पूरे स्टाफ को बदले जाने की मांग की गई।
Leave a Reply