विधानसभा चुनाव के पहले इस साल विविध जनजातीय सम्मान 2021 दिए जाएंगे जिसके लिए जनजातीय कार्य विभाग के वन्या प्रकाशन द्वारा प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। इसी महीने इच्छुक लोगों से प्रविष्टियां मंगाई गई हैं।
मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग की वन्या प्रकाशन एक संस्था है जिसने जनजातीय समाज के महापुरुषों के नाम पर स्थापित विभिन्न सम्मानों के लिए 28 फरवरी तक प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। रानी दुर्गावती, वीर शंकर शाह-रघुनाथ शाह, ठक्कर बापा, जननायक टंट्या भील, बादल भोई औऱ जनगण श्याम के नाम पर स्थापित सम्मानों के लिए नामांकन व प्रविष्टियां बुलाई गईं है। इनमें से हरेक सम्मान में चयनित व्यक्ति को तीन-तीन लाख रुपए नकद सम्मान राशि सहित प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी। प्रविष्टियां जनजातीय कार्य विभाग की वेबसाइट www.tribal.mp.gov.in पर आमंत्रित की गई हैं। इसके लिए जनजातीय सृजनात्मक कला, शिल्प, साहित्य, संस्कृति औऱ समाजसेवा के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं, समाज शास्त्रियों, बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों, पत्रकारों, लेखकों, समीक्षकों, विषय विशेषज्ञों, विश्वविद्यालय शोध संस्थान औऱ जनजातीय केंद्रों से सम्मान के लिए नामांकन या अनुशंसाएं भेजी जा सकती हैं।
किस सम्मान के लिए क्या जरूरीः
रानी दुर्गावती सम्मानः यह राष्ट्रीय सम्मान समाज-सेवा, प्रशासन, उद्यमिता के क्षेत्र में अद्वितीय उपलब्धि एवं योगदान के लिए जनजातीय महिला को दिया जाएगा।
वीर शंकर शाह-रघुनाथ शाह सम्मानः यह सम्मान समाज-सेवा, प्रशासन एवं उद्यमिता के क्षेत्र में अद्वितीय उपलब्धि एवं योगदान के लिए जनजातीय पुरुष को प्रदान किया जाएगा।
ठक्कर बापा सम्मानः यह सम्मान गरीब, पीड़ित और हर तरह से पिछड़ी मध्यप्रदेश राज्य अंतर्गत जनजाति समुदाय की प्रेम, समदृष्टि और ममतापूर्ण सेवा एवं सुदीर्घ साधना के लिए संस्था/व्यक्ति को दिया जाएगा।
जननायक टंट्या भील सम्मानः यह सम्मान शिक्षा और खेल गतिविधियों में स्वयं के उल्लेखनीय तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनजातीय युवा-युवतियों को प्रदान किया जाएगा।
बादल भोई सम्मानः यह सम्मान सामाजिक क्षेत्र में अदम्य साहस व वीरता के लिए जनजातीय महिला/पुरुष/बालक/बालिका को प्रदान किया जाएगा।
जनगण श्याम सम्मानः यह सम्मान परंपरागत एवं सृजनात्मक जनजातीय कला एवं शिल्प के क्षेत्र में अद्वितीय उपलब्धि एवं योगदान के लिए जनजातीय महिला या पुरुष को प्रदान किया जाएगा।
Leave a Reply