लाल परेड ग्राउण्ड पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड में राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल की उपस्थिति में हुए राज्य-स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को आकर्षक झाँकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। राज्यपाल ने इस मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारियों को उनके द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्य के लिये सम्मानित किया। राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने लाल परेड ग्राउण्ड पर पौध-रोपण भी किया।राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर लोक-रंगीय समारोह में आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सांस्कृतिक समारोह की पहली प्रस्तुति शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल के मूक-बधिर बच्चों ने तिरंगा बनाकर अपनी राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रदर्शित किया। मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने डिजिटल इण्डिया और स्वच्छ भारत की थीम पर प्रस्तुति दी। नृत्य प्रस्तुति में मध्यप्रदेश के तीर्थ-स्थल और पर्यटन-स्थलों को दिखाने के साथ-साथ राजाभोज के गौरव और मध्यप्रदेश की नीतियों का भी आकर्षक ढंग से वर्णन किया गया। शासकीय कन्या कमला नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक धरोहर की बहु-रंगीय झलकियाँ प्रस्तुत कीं। नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया गया था। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरखेड़ा, भेल की छात्राओं ने गाँधीजी के सपनों का भारत थीम पर नृत्य की प्रस्तुति दी। नृत्य में भारत की गौरव-गाथा के साथ-साथ चरखे से भारत की आजादी का सपना दिखाया गया। सरोजनी नायडू कन्या विद्यालय, शिवाजी नगर की छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रस्तुत गीत में ‘बेटी है तो माँ है, बेटी है तो सृष्टि है, बेटी है तो कल” को प्रदर्शित किया गया। नृत्य में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बेटियों के उत्थान में शुरू की गई महत्वपूर्ण योजनाओं का समावेश किया गया था। प्रदेश के आदिवासी अंचल की लोक-संस्कृति को भगोरिया नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। भगोरिया नृत्य में आदिवासी युवक-युवतियों ने नृत्य की आकर्षक मुद्राएँ प्रस्तुत कीं। उनकी रंग-बिरंगी वेशभूषा और श्रृंगार आकर्षण का केन्द्र रही। झाँकियों का प्रदर्शन उद्यानिकी विभाग की झाँकी में उद्यानिकी फसलों के बढ़ते रकबे और उद्यानिकी उत्पाद के निर्यात को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। आदिम-जाति कल्याण विभाग की झाँकी में ‘उत्थान” जनजातीय विकास के सुनहरे दस साल को दिखाया गया। झाँकी में आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य सेवा, युवाओं के हुनरमंद और आत्म-निर्भरता को भी दिखाया गया। किसान-कल्याण, तथा कृषि विभाग की झाँकी में कृषि कर्मण अवार्ड के लगातार हासिल होने, गेहूँ उत्पादन में देश के बड़े उत्पादक राज्यों को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल करने, शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण और भावांतर भुगतान योजना से प्रदेश के किसानों को मिली राहत को दर्शाया गया। गृह (पुलिस) विभाग की झाँकी में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना डॉयल-100 को प्रदर्शित किया गया। झाँकी में महिला अपराध हेल्पलाइन-1090 को भी प्रदर्शित किया गया। इसके साथ दस्यु उन्मूलन और आतंकवादमुक्त मध्यप्रदेश के लिये किये जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया। जल-संसाधन विभाग की झाँकी में कुण्डालिया वृहद परियोजना का बाँध, जो 3448 करोड़ रुपये की लागत से राजगढ़ जिले के विकासखण्ड जीरापुर के ग्राम कोठरी में बनाया जा रहा है, उसे प्रदर्शित किया गया। झाँकी में सिंचाई जल के अपव्यय को रोकने के लिये माइक्रो इरीगेशन को भी प्रदर्शित किया गया। जेल विभाग की झाँकी में 10 वर्ष में प्रदेश के जेलों में किये गये विकास कार्य एवं कैदियों को हुनरमंद बनाने के कार्यों को प्रदर्शित किया गया। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग की झाँकी में सोलर पम्प और सोलर रूफटॉप योजना को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही झाँकी में प्रदेश में एलईडी बल्बों के वितरण को भी दिखाया गया। पशुपालन विभाग की झाँकी में पशु चिकित्सा सेवा का विस्तार, गोकुल महोत्सव में पशु चिकित्सा कैम्पों का आयोजन, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की झाँकी में स्वच्छता मिशन से आ रहे बदलाव और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। पुरातत्व अभिलेखागार की झाँकी में 18वीं शताब्दी का महिदपुर दुर्ग और गोहद का किला को दिखाया गया। पर्यटन विभाग की झाँकी में पर्यटन विकास का सुनहरा दशक और ‘एम.पी. में दिल हुए बच्चे सा” की थीम को प्रदर्शित किया गया। झाँकी में हेरीटेज सिटी चंदेरी का ‘बादल महल दरवाजा” को प्रदर्शित किया गया। उच्च शिक्षा विभाग की झाँकी में विश्वविद्यालय के गौरव पूर्व छात्र नोबल पुरस्कार विजेता श्री कैलाश सत्यार्थी के चित्र को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के कार्यकलापों को भी झाँकी में प्रदर्शित किया गया। महिला बाल विकास विभाग की झाँकी में लाड़ली लक्ष्मी योजना, तेजस्विनी कार्यक्रम, दत्तक ग्रहण की ऑनलाइन प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही झाँकी में महिलाओं के कल्याण के लिये चलाई जा रही योजनाओं में मिले राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों को भी प्रदर्शित किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की झाँकी ‘मजबूत लोकतंत्र सबकी भागीदारी” के अंतर्गत सुलभ निर्वाचन थीम पर तैयार की गई थी। झाँकी में मतदाता शिक्षा, आदर्श मतदान-केन्द्र और ‘व्हीव्हीपीएटी जागरूकता वैन” को प्रदर्शित किया गया था। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की झाँकी में घरेलू नल-कनेक्शन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति का दृश्यांकन किया गया था। वन विभाग की झाँकी में प्रदेश की वन सम्पदा, लघु वनोपज का संग्रहण एवं संग्राहकों को दी जाने वाली सुविधा एवं बाघों की बढ़ती संख्या को प्रदर्शित किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की झाँकी में उज्जैन में नव-निर्मित तारा-मण्डल और वेधशाला की प्रतिकृति प्रस्तुत की गई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग विभाग की झाँकी में स्टार्ट-अप योजना और उद्योग केन्द्रों में स्व-रोजगार के लिये दी जाने वाली काउंसिलिंग को प्रदर्शित किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग की झाँकी में विद्यार्थियों को दी जाने वाली विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्ति के सरलीकरण के लिये शुरू की गई समेकित छात्रवृत्ति योजना मिशन वन क्लिक को प्रदर्शित किया गया। प्रदेश में 8 विभागों की 30 प्रकार की छात्रवृत्ति समग्र शिक्षा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मिशन वन क्लिक में करीब डेढ़ करोड़ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का वितरण ऑनलाइन द्वारा किया जा रहा है। इसका प्रदर्शन स्कूल शिक्षा विभाग की झाँकी में आकर्षक तरीके से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today