मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की पात्र सवा करोड़ महिलाओं के खाते में आज 1000-1000 रुपए की राशि को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक से ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने इस मौके पर घोषणा की कि जल्द ही लाड़ली बहनों को सरकार योजना में 3000-3000 रुपए की राशि देना शुरू करेगी। यह वृद्धि धीरे-धीरे की जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में आयोजित लाड़ली बहना योजना की राशि पात्र बहनों के खातों में ट्रांसफर करने के सिंगल क्लिक कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि वित्त व्यवस्था करते हुए धीरे-धीरे लाड़ली बहना योजना की राशि 1000 से 1250, फिर 1500 और उसके बाद 1750, 2000, 2250, 2500, 2750 से 3000 तक की जाएगी। इस तरह लाड़ली बहनें लखपति क्लब में शामिल हो जाएंगीं। यही नहीं सीएम चौहान ने इसमें पात्रता की उम्र को विवाहित 21 साल तक करने का भी ऐलान किया है।
लाड़ली बहना सेनाएं बनेंगी
शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में कहा कि जल्द ही लाड़ली बहना सेनाएं भी गठित की जाएंगी जो बड़े गांव में 21 और छोटे में 11 महिलाओं की होगी। ये सेनाएं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में लाड़ली बहनों की मदद करेगी। नारी सशक्तिकरण के लिए प्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक उन्नयन के लिए किए जा रहे प्रदेश सरकार के कामों के बारे में भी चौहान ने बताया। आज लाड़ली बहना योजना में सिंगल क्लिक से सवा करोड़ महिलाओं के खातों में 1209.64 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं।
Leave a Reply