राष्ट्रपति चुनाव में मप्र में कांग्रेस विधायकों की क्रॉस वोटिंग, रामनाथ कोविंद 14 वें राष्ट्रपति बने

एनडीए के राष्ट्रपति चुनाव के प्रत्याशी रामनाथ कोविंद 66 फीसदी वोट लेकर देश के 14 वें राष्ट्रपति बन गए हैं। मध्यप्रदेश में यूपीए प्रत्याशी मीरा कुमार को क्रॉस वोटिंग में चार तीन वोट कम मिले जिसको लेकर गफलत बनी हुई है कि ये वोट बसपा के हैं या कांग्रेस विधायकों के। मगर यह माना जा रहा है कि कांग्रेस के तरुण भनोत, नीलेश अवस्थी और दिनेश अहिरवार ने अपने वोट कोविंद किए हैं लेकिन बीजेपी के रणनीतिकार यह दावा कर रहे हैं कि क्रॉस वोटिंग मालवा क्षेत्र के विधायकों ने की है।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए 17 जुलाई को मतदान था जिसमें मध्यप्रदेश के 228 वोटरों ने मतदान किया था। एक विधायक प्रेम सिंह के निधन से सीट रिक्त है तो दिल्ली हाईकोर्ट ने पेड न्यूज मामले में चुनाव आयोग द्वारा अयोग्य घोषित मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को वोट करने से रोका था। 228 वोटरों ने दोपहर तक पूरा मतदान कर दिया था। यूपीए प्रत्याशी मीरा कुमार को मप्र से 56 वोट कांग्रेस और चार मत बसपा विधायकों के मिलने की उम्मीद थी लेकिन गुरुवार को मतगणना में उन्हें यहां से केवल 57 वोट मिले।
कहा जा रहा है कि तीन वोट क्रास वोटिंग में कोविंद को कांग्रेस विधायकों ने डाले। जबकि कांग्रेस नेता इससे इनकार कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि ये तीनों विधायक महाकौशल और बुंदेलखंड के थे। वहीं बीजेपी के रणनीतिकार कहते हैं कि तीन वोट कांग्रेस के मालवा क्षेत्र के हैं। अगर कांग्रेस नेताओं की माने तो बसपा के तीन वोट कौन से हैं जो कोविंद को गए। यह कहा जा रहा है कि अगर बसपा के वोट कोविंद को गए तो सत्यप्रकाश सखवार को छोड़कर बाकी के तीनों विधायकों के वोट कोविंद को डाले गए। कांग्रेस और बसपा दोनों ही अपने यहां से क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार कर रहे हैं तो फिर दोनों पार्टियों को अपने आस्तीन के सांपों का पता लगाना चाहिए क्योंकि विधानसभा चुनाव 2018 में यही लोग बीजेपी को फायदा पहुंचाने का काम करेंगे।
कोविंद को 2930 वोट मिले जिनकी कीमत सात लाख दो हजार 44 रही तो मीरा कुमार को 1844 वोट हासिल हुए जिनकी कीमत तीन लाख 67 हजार 314 है। 77 वोट अवैध घोषित करार दिए गए जिनकी कीमत 20 हजार 942 थी।
बधाइयां
रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मप्र के राज्यपाल ओमप्रकाश कोहली, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने बधाइयां दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today