मोदी आज करेंगे रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना लोकार्पित

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 जुलाई पूर्वान्ह 11 बजे विश्व की बड़ी सौर परियोजनाओं में शामिल रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लगभग 4 हजार करोड़ की लागत वाली 750 मेगावाट की इस परियोजना में पूर्ण क्षमता से सौर ऊर्जा का उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना लोकार्पित होगी। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में मध्यप्रदेश की राज्यपाल आंनदी बेन पटेल लखनऊ से और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से शामिल होंगे। लोकार्पण कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा श्री आर.के. सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 22 दिसम्बर 2017 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। परियोजना को लगभग ढाई साल के रिकार्ड समय में पूरा किया गया। परियोजना से सस्ती बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे बड़ी राशि की बचत हो रही है। इस परियोजना को विश्व बैंक का ऋण राज्य शासन की गारंटी के बिना क्लीन टेक्नालॉजी फण्ड के अंतर्गत सस्ती दरों पर दिया गया है। यह परियोजना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है क्योकि इसमें प्रति यूनिट की क्रय दर 2 रूपये 97 पैसे है, जो अब तक की न्यूनतम दर है। सौर परियोजना को पर्यावरण की दृष्टि से देखे तो रीवा सौर परियोजना से प्रतिवर्ष 15.7 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड के उर्त्सजन को रोका जा रहा है जो 2 करोड़ 60 लाख पेड़ों को लगाने के बराबर है।

गुढ़ रीवा में स्थापित वृहद सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना 1590 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित है। यह दुनिया के सबसे बड़े सिंगल साइड सौर सयंत्रों में से एक है। इस सौर ऊर्जा प्लांट में कुल तीन इकाईयां है। प्रत्येक इकाई में 250 मेगा वाट विद्युत का उत्पादन हो रहा है। परियोजना से उत्पादित विद्युत का 76 प्रतिशत अंश प्रदेश की पावर मैनेजमेंट कम्पनी और 24 प्रतिशत दिल्ली मेट्रो को प्रदान किया जा रहा है।

परियोजना स्थल गुढ़ रीवा पर लोकार्पण कार्यक्रम की सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित की जा चुकी है। सांसद सर्वश्री जनार्दन मिश्रा, श्री राजमणि पटेल, विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल, श्री नागेन्द्र सिंह, श्री दिव्यराज सिंह, श्री के.पी. त्रिपाठी, श्री श्यामलाल द्विवेदी, श्री प्रदीप पटेल, श्री गिरीश गौतम एवं श्री पंचूलाल प्रजापति कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहेंगे। परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम को क्षेत्रिय न्यूज चैनलों के साथ ही वेब-लिंक के साथ फेसबुक पर भी लाइव किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today