मानवता की अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं हमारे पुलिस कर्मी

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण को रोकने में हमारे पुलिस के साथियों ने सराहनीय कार्य किया है। इसके साथ ही भूखों को भोजन कराने, असहायों, नि:शक्‍तों, बुजुर्गों आदि की मदद करने तथा जरूरत मंदों तक भोजन आदि पहुंचाने में उन्‍होंने मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। मध्‍य प्रदेश की 7.5 करोड़ जनता आज आप पर गर्व कर रही है। प्रसन्‍न रहें, अपनी पूरी सुरक्षा करें तथा निर्भय होकर कार्य करें। हम जल्‍दी ही आप सब के सहयोग से कोरोना महामारी पर पूर्ण विजय प्राप्‍त करेंगे।

मुख्‍यमंत्री चौहान आज मंत्रालय में वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से प्रदेश के सभी पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों आदि से चर्चा कर रहे थे। बैठक में मुख्‍य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, डी.जी.पी. श्री विवेक जौहरी आदि उपस्थित थे।

जांबाज स्‍व. श्री देवेन्‍द्र चंद्रवंशी एवं स्‍व. श्री यशवंत पाल को प्रणाम

मुख्‍यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारे पुलिस के जांबाज कोरोना महायोद्धा स्‍व. श्री देवेन्‍द्र चंद्रवंशी एवं स्‍व. श्री यशवंत पाल को को में हार्दिक प्रणाम करता हूं। ये कर्तव्‍य निष्‍ठा का अनुपम उदारहण हैं, जिन्‍होंने जनता की सेवा के लिए अपने प्राण न्‍यौछावर कर दिए। आज पूरा प्रदेश इनके साथ है। इनके परिवारों के लिए 50 लाख की सहायता, एक सदस्‍य को सरकारी नौकरी, परिवार को असाधारण पेंशन दिए जाने के साथ इन योद्धाओं को कर्मवीर पदक प्रदान किया जाएगा। साथ ही पुलिस के ऐसे सभी साथी जो कोरोना संकट से निबटने में उल्‍लेखनीय कार्य करेंगे, उन्‍हें 15 अगस्‍त को कर्मवीर पदक प्रदान किया जाएगा।

अपने आप को सुरक्षित रखते हुए कार्य करें, आप सुरक्षित तो प्रदेश सुरक्षित

मुख्‍यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आप सभी पूरी सावधानी एवं सुरक्षा के साथ कार्य करें, जिससे कि कोई भी कोरोना संक्रमित न हो। मास्‍क्‍ पहनें, फिजिकल डिस्‍टेंसिंग रखें, बार बार हाथ धोएं, सैनेटाइजर का प्रयोग करें। संक्रमित क्षेत्रों में ड्यूटी के दौरान पीपीई किट पहनें। साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए हमारे आयुष विभाग द्वारा विशेषरूप से तैयार किए गए काढ़े को पिएं।

सख्‍ती एवं मानवता दोनों आवश्‍यक

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आपके कर्तव्‍य में सख्‍ती एवं मानवता दोनों आवश्‍यक हैं। लॉक डाउन में पूरी सख्‍ती करें, संक्रमित क्षेत्रों से कोई आ जा न सके, केवल आवश्‍यक वस्‍तुओं की दुकानें खुलें, बाजार न खुलें। असामाजिक तत्‍वों के विरूद्ध सख्‍त कार्रवाई करें। साथ ही जनता की मदद करने में कोई कमी न रखें। सज्‍जनों में आपके प्रति विश्‍वास हो तथा दुर्जनों में भय।

संक्रमित क्षेत्रों में उत्‍कृष्‍ट सर्वेलेंस सिस्‍टम

वीसी में कुछ जिलों द्वारा उनके जिलों में अपनाई जा रही बैस्‍ट प्रेक्टिसेज के बारे में मुख्‍यमंत्री को जानकारी दी गई। इंदौर जिले में पुलिस द्वारा संक्रमित क्षेत्रों में क्रियान्वित किए गए उत्‍कृष्‍ट सर्वेलेंस सिस्‍टम की मुख्‍यमंत्री ने सराहना की। इंदौर में संक्रमित क्षेत्रों में 608 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनके माध्‍यम से निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर अफगाहों एवं गलत जानकारियों को रोकने के लिए भी एप के माध्‍यम से कार्रवाई की जा रही है। सिटीजन कॉप सॉफ्ट वेअर का भी सफलता पूर्वक प्रयोग किया जा रहा है।

उज्‍जैन में होम क्‍वैरैन्‍टाइन की अच्‍छी व्‍यवस्‍था

मुख्‍यमंत्री श्री चौहान ने उज्‍जैन पुलिस द्वारा होम क्‍वैरैन्‍टाइन की अच्‍छी व्‍यवस्‍था की सराहना करते हुए अन्‍य जिलों में भी इसे लागू किए जाने को कहा। उज्‍जैन एसपी ने बताया कि वहां होम क्‍वैरैन्‍टाइन करने के बाद पुलिस उस घर की बैरीकेटिंग कर वहां सीसीटीवी कैमरा लगा देती है। यदि संबंधित बाहर निकलने का प्रयास करता है तो उसे तुरंत रोक दिया जाता है तथा उसपर फाइन किया जाता है। वहां लॉक डाउन का उल्‍लंघन करने पर 600 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

भोपाल एवं रायसेन जिलों ने भी बताई बैस्‍ट प्रेक्टिस

वीसी में भोपाल एवं रायसेन जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने भी कोरोना संबंधी कार्यों में उनके जिलों में अपनाई गई बैस्‍ट प्रेक्टिस की जानकारी दी। एसपी रायसेन ने बताया कि वहां वाट्स एप ग्रुप के माध्‍यम से भी जनता को आवयश्‍क मदद पहुंचाई जा रही है, नाकाबंदी पॉइन्‍ट्स पर खाद्य सामग्री जनता को उपलब्‍ध कराई जा रही है तथा पुलिस मास्‍क्‍ वितरण आदि का कार्य भी कर रही है। भोपाल एसपी ने बताया कि संक्रमित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों एवं द्रोण के माध्‍यम से निगरानी की जा रही है। कोरोना कार्य में वॉलैन्टियर्स का अच्‍छा प्रयोग किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today