मध्यप्रदेश में 700 थानों में ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश में विगत दिनों में महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों की रोकथाम हेतु प्रमावी एवं सख्‍त कार्यवाही करने के दिशा निर्देश दिये थे। इन दिशानिर्देशों के परिपालन में मध्‍यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सार्थक सहयोग तथा केन्द्र सरकार के आर्थिक सहयोग से प्रदेश के समस्त जिलों के 700 थानों में ‘’ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क’’ की स्थापना वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित कर की गई। प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब न्‍यायपालिका, पुलिस, प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के सामूहिक प्रयासों से ऊर्जा महिला हेल्‍प डेस्‍क को मूर्त रूप दिया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अपने लिखित संदेश में बताया कि मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है। महिलाओं के विरुद्ध की जाने वाली शारीरिक, मानसिक प्रताड़ना एवं घरेलू हिंसा एक सामाजिक अपराध है। इस संबंध में जहां एक ओर कानून और नियमों को कठोर बनाया जायेगा, वही दूसरी ओर महिलाओं की सहायता एवं क्षतिपूर्ति के लिये भी विशेष प्रयास किये जायेंगे। इसी अनुक्रम में पीड़िताओं को तत्काल राहत प्रदान करने के लक्ष्य को लेकर केन्द्र सरकार की वित्तीय सहायता से प्रदेश में 700 महिला डेस्क प्रारम्भ किये जा रहे हैं।

      कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय न्यायाधिपति राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर श्री प्रकाश श्रीवास्तव रहे। इस अवसर पर माननीय न्यायाधिपति ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में महिलाओं को निरंतर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, सार्व‍जनिक जीवन में भाग लेने के नए-नए मौके मिल रहे हैं किंतु महिलाओं को आज भी सुरक्षा एवं दंड न्‍यायिक प्रक्रिया तक पहुँचने में चुनौतियाँ हैं। पूर्ण न्‍याय के लिए यह आवश्‍यक है कि उन्‍हें विधिक सहायता, तत्‍काल राहत, सूचनाओं का आदान-प्रदान एवं पुर्नवास में सहयोग मिलें। महिलाएं विभिन्‍न प्रकार की समस्‍याओं जैसे दहेज प्रताड़ना, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, बलात्‍संग, मानसिक उत्‍पीड़न आदि की शिकायत लेकर पु‍लिस थाना पहुँचती है। कई बार महिलाएं अपनी बात थाने में सहज रूप से कहने में संकोच करती है, ऐसी स्थिति में प्रदेश में 700 ऊर्जा महिला हेल्‍प डेस्‍क का स्‍थापित होना एक म‍हत्‍वपूर्ण प्रयास है। जो कि मध्‍यप्रदेश के ग्रामीण दूरस्‍थ अंचलों में भी स्‍थापित किए जा रहे है। जिससे अ‍धिकाधिक संख्‍या में महिलाओं को लाभ मिल सकें। महिला उत्‍पीड़न को कम करने के लिए तथा जागरूकता, पुर्नवास एवं आपराधिक न्‍यायिक प्रणाली में न्‍यायिक सुलभता हेतु राज्‍य विधिक सेवा प्र‍ाधिकरण सदैव तत्‍पर रहता है। यह एक अच्‍छी पहल है कि पुलिस, न्‍यायपालिका एवं प्रशासन के समन्‍वय से ‘’ऊर्जा महिला हेल्‍प डेस्‍क’’ की शुरूआत की जा रही है।

      कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला हेल्प डेस्क पुलिस थाने की एक पूरक इकाई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा महिला हेल्प डेस्क के संचालन हेतु SOP उपलब्ध कराई जा रही है, जो महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली एवं कार्यवाही को मानक स्तर प्रदान करेगी। ऊर्जा डेस्क अन्तर विभागीय समन्वय का बेहतरीन उदाहरण है। पुलिस महानिदेशक द्वारा गृह मंत्रालय, भारत शासन तथा न्यायाधिपति श्री प्रकाश श्रीवास्तव एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव श्रीमती गिरिबाला सिंह का आभार व्यक्त किया तथा आश्वस्त किया कि इन ऊर्जा डेस्क को आवश्यक संसाधनों तथा बल के माध्यम से सशक्त बनाया जायेगा। कार्यक्रम में माननीय अपर मुख्य सचिव गृह विभाग श्री राजेश राजौरा द्वारा बताया गया कि सभी संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय स्थापित किया जायेगा तथा ऊर्जा महिला डेस्क के ऑनलाईन प्रशिक्षण व पर्याप्‍त मात्रा में प्रचार-प्रसार एवं कानूनी प्रावधानों संबंधी सामग्री उपलब्‍ध कराई गई है।

      वर्चुअल कार्यक्रम में अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक (महिला अपराध) श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव द्वारा ‘’ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क’’ पर एक पाँवर पॉईंट प्रेजेंटेशन ऊर्जा डेस्‍क की स्थापना, कर्तव्‍य, संचालन व उद्देश्‍य के संबंध में प्रस्तुत किया गया। कार्यकम में ‘’ऊर्जा महिला हेल्प डेस्‍क’’ की मानक परिचालन प्रक्रिया (SOP) की बुकलेट का मुख्य अतिथि माननीय न्यायाधिपति राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर श्री प्रकाश श्रीवास्तव तथा अन्य अतिथिगणों द्वारा विमोचन किया गया।

      इस कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव गृह, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग, सचिव स्वास्थ्य विभाग सम्मिलित रहे। साथ ही NIC Center तथा लाईव वेबकास्‍ट के माध्यम से प्रदेश के समस्त संभाग, जोन और जिलों से आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा थाना स्तर तक के अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे।

      कार्यक्रम का संचालन सहायक पुलिस महानिरीक्षक महिला अपराध शाखा श्री शशिकान्त शुक्ला द्वारा तथा समस्त अतिथियों को सहायक पुलिस महानिरीक्षक महिला अपराध शाखा सुश्री पिंकी जीवनानी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today