भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी के देशभक्त होने पर सवाल खड़ा करते हुए कहा किउनकी इटली की विदेशी मां ने जन्म दिया है, इसलिए वे देशभक्त नहीं हो सकते। उन्हें अब भारत में राजनीति का अवसर नहीं दिया जाना चाहिए और देश से निकाल देना चाहिए। भाजपा सांसद के बयान पर कांग्रेस हमलावर हो गई है और कांग्रेस की सोशल मीडिया-डिजिटल टीम की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने उनकी मानसिक स्थिति पर सवाल खड़ा कर दिया और कहा कि वे विक्षिप्त हैं।
भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने यहां एक संत हिरदाराम स्टेशन पर भोपाल-दाहोद ट्रेन के हाल्ट पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद मीडिया से चर्चा में यह बात कही। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयान को लेकर भाजपा उनके खिलाफ लगातार हमलावर है और आज तो भोपाल से भाजपा की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने उनके देशभक्त होने पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने चाणक्य के हवाले से उनकी देशभक्ति पर यह सवाल किया है और कहा कि चाणक्य कहते थे जो विदेशी महिला से जन्म हो, वह देशभक्त नहीं हो सकता। भोपाल सांसद ने कहा कि राहुल गांधी की मां इटली की हैं और वे विदेशी मां से जन्मे तो देशभक्त नहीं हो सकते।
प्रज्ञा को विक्षिप्त बताया
प्रज्ञा सिंह ठाकुर के इस बयान के बाद अब कांग्रेस हमलावर है और कांग्रेस की सोशल मीडिया व डिजिटल टीम प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा सांसद प्रज्ञा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने तथा उन्हें विक्षिप्त होने का बयान दिया है। उन्हें एक अच्छे डॉक्टर से इलाज करने की सलाह देते हुए सुप्रिया ने कहा है कि इस देश का दुर्भाग्य है कि ऐसी महिला भारत के सदन में सांसद है। उन्होंने प्रज्ञा पर हमला करते हुए कहा कि वे गोडसे की उपासक, शहीद हेमंत करकरे का अपमान करने वाली, आतंकी आरोपों से घिरी हैं और सनातन संस्कृति और धर्म पर धब्बा है।
Leave a Reply