भोपाल की अरेरा हिल्स की एक सड़क पर शनिवार को रात मुंबई पुलिस का चैकिंग देखकर लोग अचानक चौंक गए। यह चैकिंग भोपाल पुलिस ने लगाई थी और स्टॉपर मुंबई पुलिस लिखा था। वहां से गुजरे लोग यह देखकर चौंके और सोशल मीडिया पर भोपाल पुलिस से सवाल किए तो पुलिस भी चौंकी। जब पता किया गया तो माजरा कुछ और ही निकला। आपको बताते हैं क्या है वास्तविकता।
मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू हुआ तो विधानसभा की ओर जाने वाले अरेरा हिल्स के सभी तरफ के रास्तों पर वाहनों की चैकिंग के लिए पाइंट लगाए गए हैं। एक पाइंट शिवाजी नगर से वल्लभ भवन की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी बनाया गया जहां वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए कई स्टॉपर लगाए गए हैं। इनमें मुंबई पुलिस लिखा स्टॉपर भी लगा था जिसे कल रात बारिश के बीच कुछ लोगों ने देखा और इसका वीडियो बनाकर ट्विटर और व्हाट्सअप ग्रुप पर शेयर किया। उसे देखकर लोगों को लगा कि भोपाल में मुंबई पुलिस तो चैकिंग नहीं कर रही।
खोदा पहाड़ निकली चुहिया
इस वीडियो को भोपाल पुलिस ने ट्विटर पर देखा तो उपायुक्त भोपाल पुलिस जोन दो ने मुंबई पुलिस के स्टॉपर की वास्तिवक कहानी बताई। उनके बताए गए कारण से पता चला कि भोपाल में एक फिल्म शूटिंग के लिए मुंबई पुलिस का दृश्य शूट करने के लिए फिल्म निर्माता ने मध्य प्रदेश पुलिस के स्टापर को इस्तेमाल किया था और मुंबई पोलिस लिखकर फिल्म का कोई सीन शूट किया था। बाद में इस स्टापर पर से मुंबई पोलिस का पट्टी को हटाया नहीं गया और उसी रूप में भोपाल पुलिस ने इसे उपयोग करना शुरू कर दिया। वैसे भोपाल की सड़कों पर सिंहस्थ 2016 के दौरान उज्जैन पुलिस द्वारा बनवाए गए स्टापर भी कुछ समय पूर्व तक कुछ स्थानों पर रखे मिल जाते थे।
Leave a Reply