भारत-भवन के समीप कला-ग्राम बनाया जाएगा : मुख्यमंत्री

भारत-भवन से लगी भूमि पर कला-ग्राम बनाया जाएगा। साथ ही कस्बा-आधारित फिल्म निर्माण परियोजना में पातालकोट के जनजीवन पर फिल्म तैयार की जाएगी, जिससे पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित हो सके। मुख्यमंत्री कमल नाथ की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई भारत भवन प्रबंधन की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-भवन की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कला गतिविधियों के केन्द्र के रूप में प्रतिष्ठा है। इसे और अधिक समृद्ध बनाने के लिए विशेष प्रयास किये जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत भवन में कलाकारों और साहित्यकारों के साथ ही निरपेक्ष भाव से विभिन्न आयोजनों का संचालन किया जाये। श्री कमल नाथ ने कला ग्राम की परिकल्पना को साकार रूप देने के लिए समयबद्ध योजना बनाने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि भारत विभिन्न संस्कृतियों का देश है। सभी संस्कृतियों में आपसी मेल-जोल हो, इसके लिए उत्तर-पूर्व के राज्यों पर केन्द्रित महोत्सव भी आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने महोत्सव के लिये रूप-रेखा बनाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने भारतीय कला, संस्कृति, साहित्य की समृद्ध परंपरा से युवाओं को जोड़ने के लिए भी विशेष कार्यक्रम चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि भारत भवन की गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। श्री कमल नाथ ने भारत-भवन की कलात्मक साज-सज्जा उत्कृष्ट बनाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने भारत-भवन में आयोजित गतिविधियों के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर रखने को कहा।

संस्कृति मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ ने कहा कि भारत-भवन में मुख्यमंत्री की मंशानुसार कला, साहित्य और भारतीय संस्कृति की विभिन्न गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। भारत-भवन के न्यासी सचिव एवं प्रमुख सचिव संस्कृति श्री पंकज राग ने भारत भवन में आयोजित होने वाले भावी कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री के.के. सिंह और उप सचिव संस्कृति डॉ. प्रज्ञा अवस्थी उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today