भाजपा को जिताने का संकल्प लें: भाजपा

आने वाला चुनाव विशुद्ध रूप से विकास का चुनाव है। यह जनकल्याण और दमोह को आगे बढ़ाने का चुनाव है। भाजपा का लक्ष्य दमोह और प्रदेश का विकास है। हम वचन देते हैं कि इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने देंगे। इसलिए आप भी यह संकल्प लें कि पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल सिंह को जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

यह बात मंगलवार को दमोह में पार्टी प्रत्याशी राहुल सिंह द्वारा नामांकन जमा किए जाने के उपरांत आयोजित जनसभा में पार्टी नेताओं ने कही। सभा को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री जयंत मलैया, मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेन्द्र सिंह, डॉ. प्रभुराम चौधरी, भारत सिंह कुशवाह, बृजेन्द्र सिंह यादव एवं पार्टी प्रत्याशी राहूल सिंह ने भी सम्बोधित किया। इससे पहले पार्टी प्रत्याशी राहुल सिंह ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य नेताओं की उपस्थित में निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में अपना नामांकन जमा किया। सभा के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री मुकेश नायक के भाई एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सतीश नायक ने सैकड़ों कांग्रेस नेताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी कांग्रेस, 15 महीनों में प्रदेश को बर्बाद कर दियाः शिवराजसिंह चौहानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि 2018 के चुनाव में कांग्रेस को बहुमत नहीं मिला था। हम चाहते तो उनकी सरकार तब भी नहीं बनती। लेकिन उनके पास हमसे 2-4 सीटें ज्यादा थीं। हमने जनमत का आदर किया और सरकार नहीं बनाई। उम्मीद थी 15 साल बाद कांग्रेस लौटी है, कुछ बेहतर काम करेगी। लेकिन कांग्रेस की सरकार ने 15 महीनों में प्रदेश को बर्बाद कर दिया। कमलनाथ सरकार ने वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया। ठेकेदारों, दलालों से सेटिंग होने लगी। भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनने लगे। प्रदेश में विकास ठप्प हो गया। जनकल्याण की योजनाएं बंद कर दी गईं। मुख्यमंत्री के पास अपने ही विधायकों, मंत्रियों से मिलने का समय नहीं होता था। कमलनाथ सरकार ने छतरपुर और पन्ना के मेडिकल कॉलेज छीन लिए। दमोह और गढ़ाकोटा से छीन लिए। मैं कमलनाथ से पूछना चाहता हूं कि दमोह की जनता ने आपका क्या बिगाड़ा था? जब भी विकास की बात आती, तो कहते थे पैसा नहीं है। खजाना खाली है, मामा सब लूट के ले गया। वास्तव में उन 15 महीनों में कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश को लूट खाया, बर्बाद कर दिया।

विकास के जो काम, योजनाएं कांग्रेस ने बंद की, हमने सब चालू कर दिये

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार-सरकार में फर्क होता है। वो कहते थे पैसा नहीं है, मैं कहता हूं विकास के लिए पैसे की कमी नहीं है। श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ सरकार बताए कि उसने यहां विकास का कौन सा काम किया है? उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय से लगाकर कांग्रेस सरकार के 50 सालों तक दमोह जिले में सिर्फ 12 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होती थी। भाजपा की सरकारों ने 152 परियोजनाएं पूरी कीं और अब यहां 52 हजार हैक्टेयर में सिंचाई होती है। जिन परियोजनाओं का काम चालू है, उनके पूरा होने पर 70 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होने लगेगी। आने वाले सालों में हमारी कोशिश है कि यहां हर किसान के खेत में सिंचाई के लिए और हर घर में पीने के लिए पानी पहुंच जाए। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने यहां विकास के जो काम बंद किये थे, हमने फिर चालू कर दिये। सैकड़ों कि.मी.लंबी सड़कें बन रही हैं। 47 कि.मी. लंबी बिजली की 33 के.वी. लाइन बिछाई जा रही है। ट्रांसफार्मर लगाएंगे और घर-घर बिजली पहुंचाएंगे। श्री चौहान ने कहा कि मैं वचन देता हूं कि हमारी सरकार दमोह के विकास में कोई कमी नहीं रहने देगी। दमोह के विकास के लिए आप सब श्री राहुल सिंह को जिताने का संकल्प लें, जिन्होंने इस क्षेत्र के विकास के लिए अपना कॅरियर दांव पर लगा दिया।
कांग्रेस और कमलनाथ में ही पानी नहीं, तो जनता को क्या देंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पूछा कि जितना काम दमोह क्षेत्र में हमारी सरकार ने किया है, क्या कमलनाथ सरकार कर सकती थी? उन्होंने कहा कि कमलनाथ और उनकी कांग्रेस पार्टी में ही पानी नहीं है, तो वे जनता को क्या पानी देंगे? श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद किसानों के खातों में 89000 करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। हमने संबल योजना दोबारा शुरू कर दी है। कोरोना काल के समापन के बाद हम कन्या विवाह योजना और तीर्थदर्शन योजना भी शुरू करेंगे। वो फसलों की खरीदी नहीं करते थे, हम किसानों से एक-एक दाना खरीदेंगे। जल संरक्षण के काम फिर शुरू हो गए हैं और किसानों को 0 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज फिर मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार हमारी सरकार की प्राथमिकताएं हैं और इनके लिए हमने काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के लिए बेटियों की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता है और दबाव या धोखे से उनका धर्मांतरण करने वालों पर नकेल कसने के लिए हमने लव जिहाद विरोधी कानून बनाया है। प्रदेश में माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि यह इस क्षेत्र के विकास का चुनाव है, इसलिए कार्यकर्ता और आम नागरिक गांव-गांव जाएं, अलख जगाएं, लोगों को समझाएं और कमल का बटन दबाएं।

भारतीय जनता पार्टी विकास की पर्यायः विष्णुदत्त शर्मासभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विकास का पर्याय बनकर खड़ी है। 15 महीनों में दिग्विजय सिंह के इशारे पर चलने वाली कमलनाथ सरकार ने गरीब जनता के अधिकार छीन लिये थे। भाजपा की सरकार द्वारा किये गये विकास को अवरुद्ध करने का काम किया। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के प्रयासों से केन-बेतवा परियोजना की सौगात बुंदेलखण्ड को मिली है। यह परियोजना स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी का सपना थी, जिसे मुख्यमंत्री जी ने पूरा किया है, इसके लिए हम हृदय से उनके आभारी हैं।
अकेले राहुल सिंह नहीं, पूरी भाजपा लड़ रही चुनाव
श्री शर्मा ने कहा कि आज अकेले राहुल सिंह नहीं बल्कि स्थानीय नेताओं के साथ पूरी भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर पार्टी खड़ी है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे लोग जब पार्टी को चैलेंज करते हैं, तो इसका जवाब देने के लिए एक-एक कार्यकर्ता खड़ा हो जाता है। श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ बताएं कि क्या बुंदेलखण्ड को सिंचाई के लिए पानी नहीं चाहिए था, मेडिकल कॉलेज नहीं चाहिए था? कमलनाथ तो गलती से सत्ता में आये और प्रदेश को लूटकर चले गये। हमारे मुख्यमंत्री जी ने सारे मध्यप्रदेश को एक सूत्र में बांधकर प्रदेश के कोने-कोन का विकास किया। श्री शर्मा ने कहा कि आज भाई राहुल सिंह जी ने अपना नामांकन दाखिल किया है। आज दमोह के नौजवानों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को प्रधानमंत्री मोदी जी, मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं स्थानीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में बूथ-बूथ पर चुनाव जीतने का संकल्प लेना है।
कांग्रेस की विश्वसनीयता खत्म, नेतृत्व बीमार
श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस का नेतृत्व अब थक गया है। कांग्रेस की हालात खराब हैं।  छल, झूठ और कपट के कारण उसकी विश्वसनीयता प्रदेश में खत्म हो गई है। कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व भी मानसिक तौर से बीमार हो गया है। अब देश में कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। श्री शर्मा ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और कमलनाथ को आईना दिखा दिया है और बता दिया है कि वह भाजपा सरकार और उसके नेतृत्व के साथ खड़ी है। अब दमोह की जनता को कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील ठोंकना है।
कांग्रेस ने इस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं कियाः प्रहलाद पटेलसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल कहा कि दमोह विधानसभा उपचुनाव सिर्फ विकास का चुनाव है। इस क्षेत्र के विकास को लेकर हमारी सरकार ने कई सौगातें देने का काम किया है, जबकि कांग्रेस ने क्षेत्र के विकास लिए कुछ नही किया। उन्होंने जनता से अपील की कि क्षेत्र के विकास के लिए पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल सिंह को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से लेकर निचले कार्यकर्ता तक भाषा की मर्यादा को तारतार करने का काम कर रहे हैं। उन्होने जनता से आग्रह करते हुए कहा कि यह चुनाव पार्टी प्रत्याशी नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी लड़ रही है इसलिए भारी मतो से पार्टी प्रत्याशी को जिताएं।
इस अवसर पर प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानन्द जी, कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, श्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, श्री रामखिलावन पटेल, जिला अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी, पूर्व सांसद व वरिष्ठ नेता श्री रामकृष्ण कुसमरिया, सांसद केपी यादव, श्री गणेश सिंह, श्री राजबहादुर सिंह, श्री प्रभुदयाल पटेल, श्रीमती ललिता यादव, श्रीमती लता वानखेड़े, श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, विधायक श्री प्रद्युम्न लोधी, श्री प्रणय पाण्डे, श्री संदीप जायसवाल, श्री शैलेन्द्र जैन, श्री जसपाल सिंह जज्जी, श्री प्रदीप पटेल, श्री पी.एल.तंतुवाय, श्रीमती लीना जैन, श्री महेश राय सहित पार्टी पदाधिकारी मंच पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today