Warning: mysqli_real_connect(): Headers and client library minor version mismatch. Headers:100311 Library:30121 in /home/khabar/domains/khabarsabki.com/public_html/wp-includes/class-wpdb.php on line 2035
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्वागत

भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्वागत

हमारे राष्ट्रीय संगठन ने प्रदेश के जिन चार रत्नों पर विश्वास जताया है, वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सफलता हासिल करेंगे। प्रदेश के चार कार्यकर्ताओं का राष्ट्रीय पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभालना हमारे लिये गौरव की बात है और इन चारों पदाधिकारियों की नियुक्ति ने एक बार फिर इस बात को साबित किया है कि भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा संगठन है, जिसके पास प्रतिभा और कार्यक्षमता की पहचान है और जिसमें एक सामान्य कार्यकर्ता भी शिखर तक पहुंच सकता है।

यह बात बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हाल ही में राष्ट्रीय संगठन में नियुक्त होने वाले कैलाश विजयवर्गीय, सुधीर गुप्ता, ओमप्रकाश धुर्वे और लालसिंह आर्य का स्वागत करते हुए कही। स्वागत समारोह को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, वरिष्ठ नेता एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं संगठन महामंत्री सुहास भगत ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के हाल ही में नियुक्त सह संगठन् महामंत्री हितानंद जी का परिचय भी उपस्थित पार्टीजनों से कराया गया। वक्ताओं ने स्व. माधवराव सिंधिया जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

हर कसौटी पर खरे उतरेंगे नवनियुक्त पदाधिकारीः शिवराजसिंह चौहान

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि उन्हें चारों नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ काम करने का अवसर मिला है और ये चारों हर कसौटी पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि दोबारा राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए गए कैलाश विजयवर्गीय जी के साथ उन्होंने मध्यप्रदेश में काम किया है और वे संगठन के काम से लेकर चुनाव लडने और लड़ाने तक के काम में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि श्री विजयवर्गीय ने पहले हरियाणा में सफलता अर्जित की और अब उनके नेतृत्व में पार्टी पश्चिम बंगाल में भी वैसी ही सफलता हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि श्री ओमप्रकाश धुर्वे का प्रदेश के मंडला अंचल में पार्टी के प्रचार-प्रसार में अहम योगदान रहा है। सामान्य परिवार के श्री लालसिंह आर्य ने जो सफलता अर्जित की है, उसे देखकर गर्व होता है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार में उनके सहयोगी के रूप में भी सफलतापूर्वक काम किया है। वहीं,  सुधीर गुप्ता जी के साथ भी मंदसौर में काम करने का अवसर मिला है, वे एक कुशल संगठन और सफल सांसद हैं। चौहान ने आशा जताई कि ये चारों पदाधिकारी पार्टी संगठन के विस्तार में अहम योगदान देंगे और पार्टी की अपेक्षाओं को पूरा करेंगे।

बेनकाब हुआ कांग्रेस का कुचक्र

बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले की चर्चा करते हुए श्री चौहान ने कहा कि इस फैसले से कांग्रेस का कुचक्र बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा कि रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कांग्रेस लगातार मंदिर निर्माण का विरोध करती रही और कुचक्र रचती रही। निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाई और हमारे संतों, महात्माओं, नेताओं पर मुकदमे लाद दिये। लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट के फैसले से कांग्रेस बेनकाब हो गई और यह साबित हो गया है कि जीत हमेशा सत्य की ही होती है।

नई चुनौती के मुकाबले में जुट जाएं कार्यकर्ता

चौहान ने कहा कि आज नई चुनौती हमारे सामने है और संघर्ष का बिगुल बज चुका है। हमने मध्यप्रदेश में सरकार बनाई, क्योंकि पहले वाली सरकार भ्रष्ट और निकम्मी थी। वो सरकार हमारे कार्यकर्ताओं को कुचल रही थी और प्रदेश को लूट रही थी। अब ये सरकार बनी रहे, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए जुट जाना है। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में एक महीना बाकी है, इस दौरान किसी को कोई कसर नहीं छोड़ना है और सभी 28 सीटों पर जीत हासिल करना है,  ताकि हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के लिए हम आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बना सकें। श्री चौहान ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में एक नए गौरवशाली, वैभवशाली भारत का उदय हो रहा है, हमें उसे और आगे बढ़ाना है।

देश में मध्यप्रदेश का संगठन और कार्यकर्ता आदर्श : विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी का संगठन एक आदर्श संगठन है। संपूर्ण देश में अगर कर्मठ कार्यकर्ता और आदर्श संगठन के रूप में प्रमुखता से किसी का नाम लिया जाता है तो वह मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता है। आदर्श संगठन की परंपरा को आगे ले जाने का काम कैलाश विजयवर्गीय,  ओमप्रकाश धुर्वे,  सुधीर गुप्ता और लालसिंह आर्य ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री श्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मध्यप्रदेश के नेताओं को दायित्व देकर जो विश्वास व्यक्त किया है उसके लिए मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करती है। शर्मा ने कहा कि श्री विजयवर्गीय जी की पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हीं के परिश्रम के बल पर आज पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने में सक्षम हुई है। उन्होंने कहा कि अजा एवं अजजा वर्ग में पार्टी की विचारधारा को लेकर काम करना सबसे बड़ा चैलेंज है। श्री ओमप्रकाश धुर्वे एवं श्री लालसिंह आर्य को पार्टी ने अहम जिम्मेदारी देकर इस वर्ग का सम्मान किया है और इनके परिश्रम को सराहा है। उन्होंने कहा कि हम सबके लिए बडे गर्व की बात है कि चार नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला है। प्रदेश अध्यक्ष ने नवनियुक्त प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद को भी शुभकामनाएं दी।

महापुरुषों की सीख ही दिखा रही रास्ताः कैलाश विजयवर्गीय

                पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने उन पर विश्वास जताने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि हमें ठाकरे जी, राजमाता जी जैसे महापुरुषों के साथ करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि हमारे इन नेताओं की विनम्रता, सरलता, शैली और परिश्रम उनकी विशेषता थी और इनसे काफी कुछ सीखने को मिला। ये सभी नेता कार्यकर्ताओं की इतनी चिंता करते थे कि उनके लिए किसी भी सीमा तक जा सकते थे। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी के महापुरुषों से मिली सीख और प्रेरणा ही उन्हें पश्चिम बंगाल में सफलता दिला रही है और आगामी चुनावों में निश्चित रूप से वहां भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि पार्टी ने मुझे राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी के लायक समझा और इसके लिए मैं सभी नेताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं और जो जिम्मेदारी मुझे मिली है, उसे अवश्य पूरा करूंगा। श्री विजयवर्गीय ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री माधवराव सिंधिया जी का पुण्य स्मरण करते हुए उनके व्यवहार और सादगी प्रिय जीवन का उल्लेख किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए।

त्याग, समर्पण, निष्ठा से हासिल किया मुकामः श्री सुहास भगत

                भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने कहा कि मध्यप्रदेश से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री ओमप्रकाश धुर्वे, श्री सुधीर गुप्ता एवं श्री लालसिंह आर्य को स्थान मिला है। ये चारों पदाधिकारी अपने त्याग, समर्पण, निष्ठा से आज इस मुकाम पर पहुंचे है। यह इनके सम्मान के साथ ही कार्यकर्ताओं का सम्मान भी है। उन्होंने सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि आपका मार्गदर्शन मध्यप्रदेश को हमेशा मिलता रहेगा। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने नवनियुक्त सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी का कार्यकर्ताओं से परिचय कराया।

चार रत्नों ने बढ़ाया प्रदेश का सम्मानः ज्योतिरादित्य सिधिंया

                पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद श्री ज्यातिरादित्य सिधिंया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के चार नव रत्नों को राष्ट्रीय टीम में दायित्व देकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रसाद नड्डा जी ने प्रदेश का मान- सम्मान बढ़ाया है। किसी भी राजनैतिक दल में सबसे अहम भूमिका आम कार्यकर्ता की रहती है। जब बड़े से बड़े नेता आम कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हैं  तब वह पार्टी मजबूत होती है और वही पार्टी राष्ट्र के कल्याण का कार्य कर पाती है। राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने हम सबको रास्ता दिखाने का काम किया है। हम सबको राष्ट्रीय मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष व सांसद श्री सुधीर गुप्ता, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रसाद नड्डा के दिखाए मार्ग पर चलकर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाना है और प्रदेश के 28विधानसभा उपचुनाव में पार्टी का परचम फहराना है।

                कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, स्व. कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया व स्व. माधवराव सिंधिया के चित्रों पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं वरिष्ठ नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं सह संगठन महामंत्री का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत ने किया एवं आभार प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार ने माना। इस अवसर पर मंच पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान, प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक, जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी उपस्थित थे।

                इस अवसर पर तीर्थ एवं मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री माखन सिंह चौहान, प्रदेश शासन के मंत्री श्री गोपाल भार्गव, श्री भूपेन्द्र सिंह, श्री नरोत्तम मिश्रा, श्री ओमप्रकाश सखलेचा, श्री इंदरसिंह परमार, पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री कन्हाईराम रघुवंशी, श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री सत्येन्द्र भूषण सिंह, श्री राजेन्द्रसिंह राजपूत,प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, प्रदेश प्रवक्ता श्री राहुल कोठारी, श्री राजपालसिंह सिसौदिया, अजा मोर्चा अध्यक्ष श्री सूरज कैरो, सांसद श्री गजेन्द्र पटेल, श्रीमती सीमा सिंह सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस प्रदेश महासचिव भाजपा में हुए शामिल

                कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री श्री अशोक शर्मा (ग्वालियर), प्रदेश सचिव श्री बंसत शर्मा, श्री बलवंत शाक्य सांची एवं मांझी समाज के अध्यक्ष श्री यशवंत मांझी ने मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं वरिष्ठ नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश सरकार के मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today