बढ़ती महंगाई ने त्यौहारों की खुशियां भी छीनीं : शुक्ला

देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण आम आदमी तीज-त्यौहार भी हर्ष और उल्लास के साथ नहीं मना पा रहा है। त्यौहारों पर पड़ रही महंगाई की मार के विरोध में आज राजधानी के करोंद इलाके में हुए एक प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा। यहां तीज का व्रत रखने वालीं महिलाओं ने महंगाई के विरोध में कृष्ण और गोपियों की वेशभूषा में महंगाई के खिलाफ गीत और भजन गाए। ईश्वर की पूजा-अर्चना और अराधना की। ढोलक और मंजीरे बजाए ताकि देश और प्रदेश की सरकार की कानों तक गरीब जनता की आवाज पहुंच सके।

महंगाई की आग में जनता को झोंककर चैन की बंसी बजाने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और आज की महंगाई के लिए पं. जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार बताने वाले नरेला के अयोग्य मंत्री विश्वास सारंग को जनता का दर्द समझ नहीं आ रहा है। आज हरियाली तीज के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के सचिव मनोज शुक्ला और महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना शर्मा के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम को मोदी महंगाई तीज महोत्सव नाम दिया गया। इन महिलाओं ने महंगाई के विरोध में भजन-कीर्तन करके अपना विरोध दर्ज कराया। शुक्ला ने कहा कि आम आदमी के इस्तेमाल आने वाली ऐसी कोई चीज सरकार ने नहीं छोड़ी, जो महंगी न हुई हो। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के साथ अनाज, खाद्य और रोजमर्रा की वस्तुओं कीमतें आसमान छू रहीं हैं। सरकार जनता को महंगाई से राहत देने की बजाए उन्हें मीठी-मीठी बातों के गोल-गप्पे खिला रही है, लेकिन जनता भाजपा सरकार को भली-भांति समझ चुकी है। इसलिए वह इनकी मीठी बातों में इस बार नहीं आने वाली। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार को स्वीकार कर लेना चाहिए कि वो बढ़ती महंगाई को रोकने में नाकाम है। नहीं तो जनता उन्हें आईना दिखाने को तैयार बैठी है।इस अवसर पर सविता सखी, कुसुम साहू, निशा यादव, खुशबू रंजन, आरती गुप्ता, विमलेश ठाकुर, पवित्र कौर, भगवती तिवारी, नेपाल ठाकुर, आनंद विश्वकर्मा, युवराज सिंह राय, संजीव तिवारी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today