विधानसभा चुनाव पूर्व प्रियंका गांधी ने सवा महीने में दूसरी बार मध्य प्रदेश आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोला। पीएम मोदी पर प्रियंका ने बंगलुरू में विपक्षी दलों की बैठक में शामिल पार्टियों को चोर कहने पर उन्हें घेरा और सीएम चौहान को पटवारी भर्ती व महाकाल मूर्ति घोटाले को गिनाया। शिवराज और भाजपा सरकार को 18 साल में सत्ता में रहने की वजह से अहंकारी बताया और कहा कि अब ऐसी सरकार बनाएं जो न खरीदी जा सके और न कोई बिक सके। प्रियंका गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर सीधा हमला नहीं बोला और उन्होंने मोदी-शिवराज सरकारों की आलोचना की। पढ़िये आक्रोश रैली की रिपोर्ट।
प्रियंका गांधी ने जनाक्रोश रैली में कहा जिस तरह कांग्रेस की दूसरे राज्यों में सरकारें हैं वहां वादे किए थे, वे पूरे किए हैं, वैसे ही मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस आएगी तो यहां 1500 रुपए महिलाओं के खातों में नारी सम्मान योजना में देने, 500 रुपए का गैस सिलेंडर, किसान कर्ज माफी, 100 यूनिट बिजली माफ 200 यूनिट बिजली हाफ और पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। प्रियंका ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से अपनी तरफ से दिव्यांगों की 600 रुपए पेंशन को बढ़ाने का चुनावी वादा करने की बात कही और कहा कि जब प्रदेश में सरकार बनने तो उनकी पेंशन को बढ़ा दिया जाए।
राजनीति की नींव सत्य की लड़ाई के बजाय आरोप-प्रत्यारोप बनी
प्रियंका गांधी ने कहा कि भारतीय राजनीति की नींव सत्य की लड़ाई रही है और देश की उस परंपरा के अनुरूप नेताओं में सरलता, सच्चाई तलाशते हैं। आज राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप की लड़ाई बन गई है और मंच पर एक-दूसरे की बुराई की जाती है। उन्होंने कहा कि इस सबके बीच जनता के मुद्दे गुम हो जाते हैं। आजकल भोकाल, शानो शोहरत की राजनीति बन गई है। मंच से दूसरों की आलोचना करना बहुत आसान है।
जनता के मुद्दे महंगाई पर बोलीं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने कहा कि वे भी आधा घंटे में प्रधानमंत्री, शिवराज और सिंधिया के खिलाफ 10-10 मिनिट पर बोलकर ध्यान भटका सकती हैं। मगर वे जनाक्रोश रैली के जनमुद्दों पर बोलने आई हैं। उन्होंने महंगाई की बात कही और कहा कि आज टमाटर महंगा हो गया, घर की छत टपक रही है तो उसे बंद करना महंगा हो गया है। इससे लगता है कि कैसे आम आदमी जीवन जी रहा है। महिलाओं को घर चलाना मुश्किल हो रहा है। गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। घर में कोई बीमार पड़ जाए तो घबराहट होती है बीमारी की और फिर इलाज कराने के खर्च की घबराहट होती है। चुनाव में जब भी कोई नेता मोहल्ले-घर में जाए तो वह बताए कि महंगाई क्यों है।
देश की संपत्ति दो लोगों को बेच दिया
प्रियंका गांधी ने रोजगार छिनने के कारण गिनाते हुए वजह बताई कि जहां से लोगों को रोजगार मिलता था वह दो लोगों को बेच दिया। सार्वजनिक उपक्रम, खेतों, रेलवे, सेना से रोजगार मिलता था, वह सब बिक गया है। 1600 करोड़ रुपए एक दिन में एक उद्योगपति कमा रहा है जबकि एक दिन में किसान 27 रुपए भी नहीं कमा पा रहा है। सेना में अग्निवीर योजना में भर्ती की जा रही है। ट्रेनिंग से ही सेना में भर्ती होने वाले लोग वापस हो रहे हैं क्योंकि भविष्य उन्हें सुरक्षित नहीं महसूस होता है।
पटवारी परीक्षा में घोटाला गिनाया
प्रियंका गांधी ने कहा कि कर्मचारी चयन मंडल से हुई पटवारी की भर्ती में भी घोटाला हो गया है। शर्म की बात है कि ऐसी भर्ती हो रही है। घोटालों पर घोटाले कर बड़े-बड़े महल बनाए जा रहे हैं। जनता को आव्हान किया कि वे पांच सालों के लिए ऐसी सरकार चुने जो रोजगारों, किसानों, व्यापारी, छोटे दुकानदारों की हालत सुधारे। जनता से जागरूक होने को कहा और नेताओं से सवाल करें कि घोषणाएं कैसे पूरी करेंगे।
सरकार भाजपा ने गिराई
कांग्रेस नेता प्रियंका ने चुनाव के पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान के योजनाओं की घोषणाएं करने पर तंज कसा कि 18 साल से जब सरकार में थे तो तब क्यों यह नहीं दिखा। अब योजनाओं की घोषणाएं की जा रही हैं। इन्होंने इतने घोटाले किए हैं कि भगवान की मूर्तियों में भी घोटाला कर दिया। महाकाल में मूर्तियां में घोटाला किया।
सरकार की नींव गलत थी
प्रियंका ने कहा कि मौजूदा सरकार पैसों से खरीदी थी तो इसकी नींव ही गलत थी। शुरू से ही इसका ध्यान घोटाले में रहा। 18 सालों से जिसके पास सत्ता हो तो उसमें अहंकार आ ही जाता है। आसपास के अधिकारी भी ऐसे में सच्चाई नहीं बताते हैं। नेताओं को इससे सत्ता उनमें हमेशा रहने की सोच आ जाती है। वे जनता के मुद्दों महंगाई, किसानों की समस्याएं पता नहीं रहती हैं। आज मध्य प्रदेश में यही परिस्थितियां हैं।
मध्य प्रदेश में ज्यादा समय की सरकार होने से लूट मची
प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में 18 साल से सरकार है तो यहां लूट मची है। इस कारण आदिवासियों के साथ अत्याचार हो रहे हैं। भाजपा नेता आदिवासियों से दुष्कर्म व छेड़छाड़ किया जा रहा है। आज 1600 युवा बेरोजगारी की वजह से आत्महत्या कर रहा है। उसके नौकरी-रोजगार के सपने पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
Leave a Reply