प्रदेश में कागजों पर बन रही है स्मार्ट सिटी: अजय सिंह यादव

मध्यप्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में भाजपा सरकार के संरक्षण में भारी अव्यवस्थाओं का आलम व्याप्त है। प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। प्रदेश के किसी भी नगरीय क्षेत्र में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पूरा नहीं हो पाया है। स्मार्ट सिटी कागजों पर सिमट कर रह गई है। नगर निगम भाजपा के भ्रष्टाचार का अड्डा बन गये हैं। उक्त बातें मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अजय सिंह यादव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहीं।

यादव ने अन्य मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि इंदौर में आज तक रिंग रोड पूरी नहीं बन पाई। गरीबों के मकान तोड़े गए और किसी रसूखदार के ऊपर कभी निगम का बुलडोजर नहीं चला। भाजपा के संरक्षण में लाखो अवैध निर्माण करवाए गए। वहीं शहरी क्षेत्र में जिन गांव को मिलाया गया, वहां अभी तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गई। यही नहीं पिछले 3 सालों में ख़रीदे गए कचरा संग्रहण वाहन मेंटेनेंस के अभाव में कबाड़ हो गए है।
श्री यादव ने ग्वालियर निकाय को लेकर कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर 2300 करोड़ रूपए केवल बंदरबांट की भेंट चढ़ गए कुछ भी स्मार्ट नहीं बन पाया। न सीवर सिस्टम सुधर पाए ना सड़के सुधर पाई, स्वयं सरकार के मंत्री समय-समय पर ग्वालियर के नाले नालियों की हालत दिखाते है।
श्री यादव ने जबलपुर शहर को लेकर कहा कि वर्ष 2015 से अब तक स्मार्ट सिटी के नाम पर 400 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं, लेकिन शहर में कुछ भी व्यवस्थित नहीं है, स्मार्ट सिटी के नाम पर सब केवल भ्रष्टाचार की भेट चढ़ गए, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत डिजिटल लाइब्रेरी, कन्वेंशन सेंटर, एनएमटी, स्मार्ट रोड ऐसे प्रोजेक्ट हैं जो करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी अधूरे पड़े हैं। जबकि इनके नाम पर करोडो रूपये खर्च हो गये है। शहर में 24 घंटे वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट झूठी घोषणा बनकर रह गई है। भारी जल संकट गहराया है। नगर निगम के पास टैंकर तक की उपलब्धता नहीं है। यहां तक कि सीवर लाइन का प्रोजेक्ट कई सालों से अधूरा पड़ा है। वर्ष 2014 में 7 नए वार्ड जोड़कर ग्रामीण इलाकों को नगर निगम सीमा में लाया गया, लेकिन वहां पर अभी तक मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पाई हैं।
श्री यादव ने कहा कि सागर शहर में स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर सड़कों पर 5-5 फीट के गड्ढे कर दिए हैं, जिनमे पहली बरसात में पानी भर गया है, स्थिति यह बन गई है कि पंपों से सड़को पर पानी खाली करना पड़ रहा है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। जबकि प्रदेश सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री सागर से ही आते हैं। सागर शहर के मुख्य मार्ग तीन बत्ती से लेकर कचहरी रोड की सड़क इतनी खराब है की आम जनता को जाने में डर लगता है कि कहीं सड़क पर कोई भारी हादसे का शिकार ना हो जाए। मुख्य जिला चिकित्सालय मार्ग का कार्य भी बंद पड़ा है।
श्री यादव ने कहा कि यही हाल राजधानी भोपाल का भी है। यहां स्मार्ट सिटी के नाम पर सैकड़ों करोड़ों की जमीन बेच दी गई लाखों पेड़ काट दिए गए, लेकिन स्मार्ट सिटी कहीं नजर नहीं आ रही है। भोपाल शहर में लगभग 38 नालों पर आबादी बसी हुई है, जिनके ऊपर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जबकि इन नालों में बहकर कई बच्चों की मौत तक हो चुकी है। यही नहीं शहर में आवारा कुत्तों की समस्या भयावह है, कुत्तों के काटने से बच्चों की मौत तक हुई है। आवारा कुत्तों को लेकर भाजपा सरकार द्वारा कोई कदम नहीं उठाए गए। सरकारी जमीनों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण एवं अवैध वसूली की जा रही है। नगर निगम द्वारा कचरा कलेक्शन के नाम पर 2 गुनी वसूली की जा रही है, नल कनेक्शनों के भी दाम बढ़ा दिए गए हैं एवं अन्य वसूली की जा रही है, जो जनता पर बहुत बड़ा आर्थिक संकट है।
श्री यादव ने कहा यही स्थिति उज्जैन की है। उज्जैन में स्मार्ट सिटी के नाम पर 2318 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, 79 प्रोजेक्ट पर काम होना दिखाया गया है, लेकिन अधिकांश प्रोजेक्ट केवल कागजों तक सीमित हैं । शहर का 25 किलोमीटर का स्मार्ट रोड अधूरा पड़ा हुआ है। स्पोर्ट्स कांपलेक्स फेस-2, मयूर वन, महाकाल रूद्र सागर परियोजना सब अधूरे पड़े हुए हैं। पूरे उज्जैन शहर की सड़कें खुदी पड़ी हुई है। भगवान श्री महाकाल मंदिर के गर्भगृह तक में पहली बारिश का पानी भर गया था। यह सब भाजपा सरकार की अव्यवस्था का परिणाम है।
जहां रीवा की बात की जाय तो भाजपा अध्यक्ष श्री बी.डी. शर्मा जी छोटी बच्चियों, महिलाओं के लिए अशोभनीय, विवादास्पद बयान देने वाले एवं 15 लाख तक के भ्रष्टाचार की छूट देने वाले रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा को विकास पुरुष बता रहे हैं, यही भाजपा की असली रीति नीति, चाल चरित्र और चेहरा है।
श्री यादव ने कहा कि पूरे मध्यप्रदेश में नगरीय क्षेत्रों की दुर्दशा का भाजपा हिसाब दे। अब जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता जीतेन्द्र मिश्रा, सुश्री अपराजिता पांडे, आनंद जाट, विक्की खोंगल भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today