प्रदेश पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों ने किया पदभार ग्रहण

कुशाभाऊ ठाकरे जी जैसे हमारे पूर्वजों ने जिस सपने के लिए और जिस संगठन को खड़ा करने के लिए अपना जीवन खपा दिया, हमारे संगठन की नई टीम उन सपनों को साकार करेगी। प्रदेश के संगठन को नं.1 और देश में एक मिसाल बनाने के लिए काम करेगी। हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी, नड्डा जी, अमित शाह जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, समृद्धशाली, शक्तिशाली और संपन्न भारत के निर्माण के लिए जो महायज्ञ चल रहा है, आज हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता इस महायज्ञ में अपनी आहुति डालेगा और संगठन की नई टीम इस महान काम में अपना सहयोग प्रदान करेगी।

यह बात रविवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के कार्यभार ग्रहण समारोह में उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कही। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री हरिशंकर खटीक एवं आभार सुश्री कविता पाटीदार ने माना।

                भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी एवं मोर्चा अध्यक्षों ने मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया। पूर्व में सभी अतिथियों के साथ पदाधिकारियों ने कार्यालय स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय, राजमाता जी एवं कुशाभाऊ ठाकरे जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। समारोह में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

सरकार जनता के कल्याण और सेवा के लिए हैः चौहान

                मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने प्रदेश को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था, प्रदेश को लूट लिया। अब प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, लेकिन प्रत्येक कार्यकर्ता को यह बात याद रखनी चाहिए कि हमारी सरकार प्रदेश के विकास, जनता के कल्याण और मध्यप्रदेश को नंबर-1 राज्य बनाने के संकल्प की पूर्ति के लिए सत्ता में हैं और यही काम कर रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि हमने प्रदेश में गुंडों, माफियाओं और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चालू किया है और पूरा मलबा साफ होने से पहले प्रदेश की सफाई का यह अभियान नहीं रुकेगा। श्री चौहान ने कहा कि कुछ लोग अभी भी भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, उनसे मुकाबले के लिए हमारे सभी मोर्चों और कार्यकर्ताओं को तैयार रहना है।

सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाएं कार्यकर्ता

                श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ हमेशा कहते थे, पैसा नहीं है, पैसा नहीं है। लेकिन हम कहते हैं कोई कमी नहीं है। जब अच्छे मन से काम करते हैं, तो परमात्मा भी सहायता करता है। सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाना हमारे संगठन की, हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। श्री चौहान ने कहा कि हम फिर से किसानों के खाते में पैसे डालने वाले हैं, लेकिन हमारे किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को उस समय किसानों के बीच मौजूद होना चाहिए। हम बैगा, सहरिया, भारिया बहनों के खातों में राशि डाल रहे हैं, तो हमारी महिला मोर्चा की बहनें वहां मौजूद हों। हम बेरोजगार युवाओं का हर माह एक लाख रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं, इसके लिए रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। जब ये मेले लगें तो उनमें हमारे युवा मोर्चा की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राही गृह प्रवेश करें, तो हमारे कार्यकर्ता दीप जलाकर उन्हें गृहप्रवेश कराएं। श्री चौहान ने कहा कि सरकार के कामों से आम कार्यकर्ता को जोड़ने के लिए हम जल्द ही पंचायत स्तर तक दीनदयाल समितयां बनाने जा रहे हैं, ताकि हर कार्यकर्ता यह महसूस कर सके कि सरकार के कामों में उसकी भी भागीदारी है। 

हम सामूहिक नेतृत्व के साथ आगे बढ़ते हैं : विष्णुदत्त शर्मा

                भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामूहिक नेतृत्व के आधार पर आगे बढती है। पार्टी के जिन कार्यकर्ताओं को दायित्व मिला है वे अपनी भूमिका के साथ पूरे मध्यप्रदेश में पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। यह टीम वीडी शर्मा की नहीं यह टीम भाजपा है। यह टीम सामूहिकता के साथ आगे बढेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पहली बार जब प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी तब उन्होंने कहा था कि मेरी सरकार गरीबों को समर्पित होगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने जब शपथ ली थी तब उन्होंने कहा था कि हम गरीब कल्याण के लिए काम करेंगे। केन्द्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों के कल्याण और अंत्योदय के मंत्र पर काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी इसे हर बूथ तक पहुंचाने का काम करेंगे।

मध्यप्रदेश संगठन ने पूरे देश को पद्धति दी

                श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हम जो भारतीय जनता पार्टी का वर्तमान स्वरूप देख रहे हैं उसकी नींव में कई संगठन मनीषियों ने अपना त्याग, तपस्या और बलिदान दिया है। राजमाता जी, श्री सुंदरलाल पटवा, श्री कैलाश जोशी, श्री प्यारेलाल खण्डेलवाल, श्री कैलाश नारायण सारंग जैसे अनेक संगठन शिल्पियों ने मध्यप्रदेश भाजपा को गढ़ा है। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे ने जिस संगठन पद्धति को लेकर मध्यप्रदेश के कोने कोने में भाजपा पहुंचाने का काम किया, उस संगठन पद्धति पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में काम कर रही है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता उस पद्धति के तत्व को समझते है इसलिए पूरे देश में मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की अलग पहचान है।

आने वाले चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटें

                उन्होंने कहा कि गृह मंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा दल बना। तो राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की विजय पताका राज्यों में फहरा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में हम पूरी ताकत के साथ जुटें और 2023 और 2024 के चुनावों के लिए आज हम संकल्प लें कि टीम भावना के साथ भारतीय जनता पार्टी के काम में जुट जायेंगे। यहां से प्रत्येक पदाधिकारी और मोर्चा अध्यक्ष अपने अपने क्षेत्रों और अपने अपने कामों में जुटेंगे। मध्यप्रदेश भाजपा को आगे बढाने के लिए हम परिश्रम की पराकाष्ठा करें।

समाज को तोड़ने वाली ताकतों को रोकने की जिम्मेदारी हमारी

                श्री शर्मा ने कहा कि आज एक वैचारिक युद्ध चल रहा है। कुछ देश विरोधी ताकतें समाज को तोड़ने और बांटने का काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते समाज में विघटन पैदा करने वाली ताकतों को रोकने और उन्हें मुखरता के साथ जवाब देने की जिम्मेदारी हमारी है। इसके लिए हमें समाज के हर वर्ग से संवाद करते हुए भारतीय जनता पार्टी को पहुंचाने का काम करना है। हर ग्राम केन्द्र, नगर केन्द्र और बूथ पर भाजपा को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा कमजोर दिखती है, तो भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह भाजपा को मजबूत करने के लिए जुटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today