पूरी सावधानी रखें, संक्रमण नहीं फैलना चाहिए

सभी जिलों में लॉक डाउन प्रभावी रहे, सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन हो। संक्रमित क्षेत्र पूरी तरह बंद रहे तथा पूरी सावधानी रखी जाए, जिससे संक्रमण बिल्कुल भी ना फैले। जिलों में चल रहे उपार्जन कार्य एवं सौदा पत्रक के माध्यम से खरीदी में यह सुनिश्चित किया जाए कि व्यापारी किसानों से हम्माली की राशि ना वसूलें, उन्हें सौदे की पूरी राशि प्राप्त होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश के सभी जिलों से वीसी के माध्यम से कोरोना की व्यवस्थाओं एवं रवि उपार्जन कार्य की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी श्री विवेक जौहरी, एसीएस हेल्थ श्री मोहम्मद सुलेमान, संचालक जनसंपर्क श्री ओ.पी. श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

आवश्यक वस्तुओं, पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में आवश्यक वस्तुओं एवं पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। सभी जिलों को 3 माह का उचित मूल्य राशन भिजवा जा चुका है। इसका सभी उपभोक्ताओं को वितरण हो जाए। राशन कार्ड के अलावा भी प्रदेश के 32 लाख व्यक्तियों के लिए राशन पहुंचाया गया है इसका भी वितरण सुनिश्चित किया जाए।

क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की निरंतर बैठकें हों

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में गठित आपदा प्रबंधन समूह की बैठक नियमित रूप से की जाए तथा इनमें जिले की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा हो। कार्य में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा जनता का पूरा सहयोग लिया जाए।

उज्जैन पर विशेष ध्यान दें

एसीएस हेल्थ  ने बताया कि उज्जैन में कोरोना प्रकरणों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। 22 अप्रैल को किए गए 173 टेस्ट में से 43 टेस्ट पॉजिटिव आए हैं। ये सारे प्रकरण संक्रमित क्षेत्रों के ही हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वहां विशेष ध्यान दिए जाने तथा निगरानी किए जाने की आवश्यकता है।

अब 14 लैब में 2000 टेस्ट प्रतिदिन

 एसीएस हेल्थ श्री मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि अब प्रदेश में कोरोना टेस्ट के लिए 14 लैब ने कार्य करना प्रारंभ कर दिया है तथा प्रतिदिन हम लगभग 2,000 टेस्ट कर रहे हैं। प्रदेश में शिवपुरी एवं छिंदवाड़ा जिलों में 17 दिन से कोई कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है। इसी प्रकार मुरैना में 12 दिन से तथा आगर जिले में 11 दिन से कोई भी कोरोना पॉजिटिव प्रकरण नहीं पाया गया है।

किसानों के खातों में जल्दी पहुंचे पैसा

बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा सभी जिलों में चल रहे रबी उपार्जन कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन की राशि किसानों के खातों में शीघ्र पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। प्रमुख सचिव श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि 200 करोड़ से अधिक की राशि इसके लिए बैंकों को भिजवा दी गई है शीघ्र ही किसानों के खातों में पैसा पहुंच जाएगा।  प्रदेश में अभी तक 9 लाख 70 हजार मी. टन गेहूं का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जा चुका है। इसमें से दो लाख 35 हज़ार मीट्रिक टन का परिवहन भी हो गया है।

केंद्रीय दल द्वारा कोरोना व्यवस्थाओं एवं सौदा पत्रक की सराहना

सचिव जनसंपर्क श्री पी नरहरि ने बताया कि प्रदेश में कोरोना की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने आए केंद्रीय दल ने यहां की गई व्यवस्थाओं की सराहना की है। साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश में इस बार सौदा पत्रक के माध्यम से व्यापारियों द्वारा किसानों के घर से ही उनका गेहूं खरीदे जाने की व्यवस्था की भी प्रशंसा की है। वर्तमान लॉक डाउन के दौरान यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। बताया गया कि प्रदेश में मंडियों में खरीदे गए गेहूं में से 83 प्रतिशत गेहूं, 60% चना तथा 68% सरसों की खरीदी सौदा पत्रक के माध्यम से हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today