पिछले दो वर्षो में भारत और विदेशों में योगाभ्यास करने वालों की संख्या में भारी वृद्धि

आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री श्रीपद नाइक ने आज राष्ट्रीय मीडिया केन्द्र, नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य संपादकों के सम्मेलन के दूसरे संस्करण का उदघाटन किया। सम्मेलन का आयोजन आयुष मंत्रालय ने पत्र सूचना कार्यालय (पसूका), सूचना व प्रसारण मंत्रालय और केन्द्रीय योग तथा प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आयुष मंत्रालय) के सहयोग से किया। यह आयोजन तीसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून,2017) के समारोह के तहत किया गया। इस वर्ष के  सम्मेलन का मुख्य विषय (थीम) था- “ स्वास्थ्य और सदभाव के लिए योग”।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए श्री श्रीपद नाइक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस  संभवत: एकमात्र ऐसा अवसर हैं जहाँ दुनिया भर के लोग बड़ी संख्या में आते हैं और सक्रिय भागीदारी निभाते है। मंत्री महोदय ने कहा कि योग में भागीदारी के प्रति रुचि और उत्साह साल दर साल तेजी से बड़ रहा हैं और योग वास्तविक अर्थ में एक घरेलू नाम  हो गया हैं। श्री श्रीपद नाइक ने कहा कि योग की लोकप्रियता बढ़ाने का श्रेय मीडिया को भी जाता है, चाहे प्रिंट मीडिया हो, इलेक्ट्रानिक मीडिया या सोशल मीडिया हो।

आयुष मंत्री ने कहा कि योग ने लोगों  के बीच सकारात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में  वैश्विक पहचान अर्जित किया है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि लोगों के लिए आधुनिक अस्पतालों में उपचार कराना महंगा होता जा रहा है, इसलिए योग स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली में अपना स्थान बना रहा है। मंत्री महोदय ने आगे कहा कि योग लोगों को न सिर्फ स्वस्थ बनाता है बल्कि देश स्वास्थ्य प्रणाली के बोझ को भी कम करता है।

मीडिया द्वारा पूछे गये प्रश्नों के जवाब में श्री श्रीपद नाइक ने खुलासा किया कि सीसीआरवाईएन ने मधुमेह पर योग के प्रभाव का अध्ययन किया है जिसमें लगभग 2.50 लाख लोगों से जानकारी इकट्ठा की गई है। इस अध्ययन के परिणाम बहुत उत्साहजनक हैं। एक अन्य प्रश्न के जवाब में श्री नाइक ने कहा कि एसोचैम द्वारा कराये गये एक सर्वे के अनुसार पिछले दो वर्षो में योगाभ्यास करने वालों की संख्या में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। विदेशों में भी योग का अभ्यास करने वालों की संख्या में 15 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।

आयुष सचिव श्री सी के मिश्रा ने मीडियाकर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2017 के तहत आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। सचिव ने कहा कि प्रत्येक राज्य जिला/उप जिला स्तर पर योग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करेगा। आयुष मंत्रालय ने शिक्षा और उद्योग जगत के  संस्थाओं  से भी भागीदारी करने की इच्छा जताई है।

स्वास्थ्य संपादकों के सम्मेलन को संबोधित करते  हुए पसूका के प्रधान महानिदेशक श्री फ्रैंक नरोन्हा कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

लगभग 150 स्वास्थ्य संपादकों और मीडियाकर्मियों ने इस सम्मेलन हिस्सा लिया । पसूका और आयुष मंत्रालय के उच्च आधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थिति थे।

योग और आधुनिक दवा के तीन विख्यात विशेषज्ञों ने  योग पर अपने शोध के मुख्य बिन्दुओं से अवगत कराया।

  1. डॉ. के. के. दीपक, एम्स, नई दिल्ली।
  2. डॉ. आर. एस. भोगल, कैवाल्यधाम, पुणे
  3. डॉ. हेमन्त भार्गव, एस.वी.वाई.ए.एस.ए, बंगलोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today