नौजवानों को सिर्फ रोजगार नहीं सुरक्षित रोजगार दूँगा

पूर्व मुख्‍यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि मैं नौजवानों को सिर्फ रोजगार नहीं सुरक्षित रोजगार दूँगा ताकि वह भरोसे और विश्‍वास के साथ काम करे। उन्‍होंने कहा कि बिजली विभाग में ऑउटसोर्स पर काम कर रहे जिन युवाओं को बेरोजगार किया गया है यह उनके साथ अन्‍याय हैं। कांग्रेस की सरकार आने पर किसी भी युवा को अपने रोजगार के लिए मांगपत्र देने की जरूरत नहीं होगी क्‍योंकि मैं जानता हूँ कि उनके भविष्‍य को सुरक्षित बनाने के लिए मुझे क्‍या करना है।

नाथ आज बिजली विभाग के ऑउटसोर्स कर्मचारी संघ के सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे थे। श्री नाथ ने कहा कि आज के युवाओं में जो बैचेनी है उससे में अवगत उन्‍हें रोजगार के मौके मिले यह आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्‍होंने कहा कि यह मेरे सोच के बाहर है कि जो लोग रोजगार से लगे हैं उन्‍हें बेरोजगार किया जाये। यह उसको अपमानित करने जैसा है। मैं इस प्रदेश की हर युवा की पीड़ा को समझता हूँ। इसलिए मैंने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को साकार किया था। इस दिशा में ओर आगे बढ़ता तो कुछ लोगों ने मिलकर मेरी सरकार को सौदेबाजी और बोलियां लगाकर गिरा दिया। उन्‍होंने कहा कि निवेश आने से कारखानों में उद्योगों में सिर्फ लोगों को रोजगार ही नहीं मिलता बल्कि उसके आस-पास के क्षेत्र में जो आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं उससे भी रोजगार के अवसर पैदा होते है।
पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि मै झूठी घोषणाओं और दिखावे के नारियल फोड़ने पर विश्‍वास नहीं करता मैंने 15 माह के शासन काल में कोई घोषणा नहीं की क्‍योंकि मैं काम करने पर विश्‍वास करता हूँ। ऐसा मैंने करके बताया। जो मैंने किया उसके परिणाम कामकाज के लिए मिले मात्र साढ़े ग्‍यारह महीने में दिखलाई भी देने लगें थे। 26 लाख किसानों का कर्ज माफ करना आसान नहीं था। आज मेरी सरकार होती तो तीसरे चरण में शेष सभी पात्र किसानों का कर्ज माफ कर दिया होता। श्री नाथ ने कहा कि झूठ बोलना लोगों को गुमराह करना मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा की आदत है। उन्‍होंने कहा कि स्‍वयं शिवराज सरकार ने हाल ही में हुई विधानसभा सत्र के दौरान सदन लिखित में यह बताया है कि प्रदेश में 26 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ हुआ हैं। लोकतंत्र के मंदिर में सच बताकर अब लोगों को गुमराह करने के लिए अपनी ही बात को झूठा बताने वाले मैंने प्रदेश के पहले मुख्‍यमंत्री और पहली सरकार को देखा हैं।
श्री नाथ ने कहा कि बेरोजगार युवाओं की तड़प को पिछले 15 साल में मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहचानी नहीं लेकिन सत्‍ता में आने की उनकी तड़प और भूख को इस प्रदेश की जनता ने देखा है। सौदेबाजी और बोलियां लगाके जिस तरह उन्‍होंने कांग्रेस की सरकार गिराई हैं उससे हमारे लोकतंत्र, संविधान और जनादेश का सरेआम अपमान किया गया हैं। मैं भी सौदेबाजी कर सकता था पर मैंने सरकार बचाने के लिए सौदों के पीछे नहीं सिद्धांतों के
साथ चला। उन्‍होंने कहा कि आज आवश्‍यकता है कि हम अपने प्रदेश के सम्‍मान, प्रजातंत्र की रक्षा के लिए अपने ऑख और कान को खुला रखें और मध्‍यप्रदेश के भविष्‍य और संविधान की रक्षा के लिए वर्तमान तस्‍वीर को देखते हुए सच्‍चाई का साथ दें।
इस मौके पर असंगठित कामगार संगठन के अध्‍यक्ष श्री आशुतोष विसैन और उपाध्‍यक्ष श्री वासुदेव शर्मा तथा बिजली ऑउटसोर्स कर्मचारी संघ के अध्‍यक्ष श्री मनोज भार्गव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today