देखिये समय बदल रहा है…भाजपा में अब खुलकर अपने नेताओं की बगावत करने लगे कार्यकर्ता। भाजपा एक अनुशासित पार्टी मानी जाती है। मगर रतलाम जिले में आज जिला अध्यक्ष के खिलाफ ही पार्टी के झंडे-बैनर लगी दर्जनों बड़ी-बड़ी गाड़ियों की रैली निकाली गई। पढ़िये रिपोर्ट, क्या कह रहे जिला अध्यक्ष व रैली निकालने वाले।
रतलाम जिले में आज दोपहर में एक पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह आंजना के नेतृत्व में एक वाहन रैली जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुई थी। आलोट से रैली रास्ते भर के गांव और कस्बों से करीब तीन घंटे में रतलाम जिला मुख्यालय के पास तक पहुंच गई थी। विक्रम सिंह आंजना ने खबरसबकी डॉट कॉम से बात करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह द्वारा मनमानी की जा रही है और पदाधिकारियों को हटाया जा रहा है। पुलिस से दबाव बनाकर बदनाम किया जा रहा है। वहीं, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने खबरसबकी डॉटकॉम से चर्चा करते हुए बताया कि विक्रम सिंह को वरिष्ठ नेताओं ने मंडल अध्यक्ष से हटाया है। वे बांसवाड़ा में हैं और उन्हें रैली की जानकारी नहीं है। पार्टी के जिला कार्यालय पर महामंत्री बैठे हैं और जो भी बातचीत होगी, वे उनसे करेंगे। विक्रम सिंह को मंडल अध्यक्ष से हटाने के कारण वे विरोध कर रहे हैं।
वाहन रैली में दर्जनों वाहन
भाजपा जिला रतलाम अध्यक्ष को हटाने के बैनर और भाजपा के झंडों के साथ आलोट से दर्जनों गाड़ियां दोपहर साढ़े बारह बजे निकली थीं। इन वाहनों के आगे डीजे में भाजपा की मोदी सरकार की योजनाओं और भाजपा के समर्थन में पिरोडी धुनें बज रही हैं। आलोट से गांव-कस्बों के बाजारों व गलियों से गुजरते हुए इस रैली का वीडियो बनाया गया है जो सोशल मीडिया पर चल रहा है। इस संबंध में भाजपा के प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका है।
Leave a Reply