तोमर ने कहा- हर बूथ पर जीत का संकल्प लें कार्यकर्ता

सिंधिया और उनके 22 साथियों ने मध्यप्रदेश को बचाने के लिए इस्तीफे दिये और कमलनाथ की भ्रष्टाचारी सरकार गिरा दी। प्रदेश के विकास के लिए इन लोगों ने शिवराजसिंह चौहान के हाथों में प्रदेश की सत्ता सौंपी है। अब भाजपा की सरकार को स्थिर बनाना, उसे मजबूती प्रदान करना हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर कमल खिलाने और भाजपा को जिताने का संकल्प लें।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने मालनपुर में आयोजित बैठक में गोहद और मेहगांव विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

दुर्भावना से काम कर रही थी कमलनाथ सरकारः विष्णुदत्त शर्मा

                प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह के इशारे पर तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी और हमारे विचार परिवार पर दुर्भावनापूर्वक हमले किए। भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लादे गए। लोकतंत्र सेनानी मीसाबंदियों की पेंशन को बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि गरीबों, मजदूरों, किसानों से झूठ बोलकर सत्ता में आई कमलनाथ सरकार ने 15 माह में वल्लभ भवन से लेकर प्रदेश के हर जिला में भ्रष्टाचार की सीमा तोड़ दी। जब छापा पड़ा तो उनके पीए के पास 281 करोड़ की संपत्ति निकली, जो तबादला उद्योग चलाकर जमा की गई थी। मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई थी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कमलनाथ सरकार के मंत्री डॉ. गोविंद सिंह रेत के अवैध खनन को लेकर हमेशा बातें करते रहे, लेकिन उनकी सरकार में, उनके संरक्षण में रेत की अवैध खदानों का संचालन होता रहा और भ्रष्टाचार का पैसा कमलनाथ सरकार के पास पहुंचता रहा।

जनसेवक नहीं, उद्योगपति हैं कमलनाथ

                श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ कोई राजनेता या जनसेवक नहीं हैं, बल्कि वे सिर्फ उद्योगपति हैं। उन्होंने कभी जमीनी स्तर पर जाकर गरीबों, मजदूरों, किसानों का हाल नहीं देखा। श्री शर्मा ने कहा कि 1984 के सिख दंगों में भी कमलनाथ की भूमिका की चर्चा रही है। इन दंगों में हजारों निर्दोष सिखों की हत्या कर दी गई थी। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ कभी किसानों के खेतों तक नहीं गए। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री बनते ही श्री शिवराजसिंह चौहान ने जनता के लिए खजाना खोल दिया। वे हर मुसीबत में गरीबों, किसानों के साथ रहे हैं और अब बाढ़ व अतिवृष्टि से हुई तबाही के दौरान भी किसानों के आंसू पोंछने का काम कर रहे हैं, उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

हर बूथ पर कांग्रेस को हराकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करें : नरेंद्र सिंह तोमर

                प्रमुख कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि आने वाले उपचुनाव में कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए कांग्रेस को हर बूथ पर हराएं और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लें। श्री तोमर ने कहा कि हम सब की यह जिम्मेदारी है कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम को जनता के सामने उजागर करते हुए भाजपा का पक्ष जनता के सामने रखें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को भी जनता तक ले जाएं। श्री तोमर ने कहा कि कार्यकर्ता पूरे मनोबल के साथ मैदान में उतरें और सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी भाजपा को आगे रखकर दोनों विधानसभाओं में पार्टी को जीत दिलाने के लिए कमर कस लें। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव भिंड जिले और पूरे मध्यप्रदेश के विकास की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है। इसलिये यह हमारी जवाबदारी है कि प्रदेश में शिवराज सरकार को मजबूत करने के लिए गोहद और मेहगांव दोनों विधानसभाओं के पार्टी प्रत्याशियों को जिताकर भोपाल पहुंचाएं।

                गोहद एवं मेहगांव विधानसभा की बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री श्री ओपीएस भदौरिया, प्रदेश शासन के मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह, संभागीय संगठन मंत्री श्री केशव सिंह भदौरिया, सांसद श्रीमती संध्या राय, पूर्व मंत्री श्री लालसिंह आर्य, पूर्व विधायक श्री रणवीर जाटव, जिला अध्यक्ष श्री नाथूसिंह गुर्जर, श्री राजेश सोलंकी, पूर्व विधायक श्री रसाल सिंह, पूर्व विधायक श्री राम जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री संजीव कांकर, पूर्व सांसद श्री अशोक अर्गल, पूर्व विधायक श्री मुकेश चौधरी, श्री राकेश शुक्ला, श्री नरेन्द्रपाल सिंह भदौरिया, श्री अवधेश सिंह कुशवाह, श्री कोकसिंह नरवरिया, श्री रमेश दुबे, श्री केपी सिंह भदौरिया, श्री श्यामसुंदर सिंह जादौन, श्री अजय सिंह भदौरिया, श्री मायाराम शर्मा मौजूद थे। गोहद विधानसभा बैठक का संचालन जिला मंत्री लक्ष्मीनारायण शर्मा ने और मेहगांव बैठक का संचालन जिला महामंत्री श्री सत्येन्द्र सिंह भदौरिया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today