ड्रग माफियाओं के पकड़े जाने के बाद शिवराज सरकार नींद से जागी: सलूजा

मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने शिवराज सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इंदौर में एक बड़ी हाई प्रोफाइल महिला ड्रग माफिया के पकड़े जाने के बाद और नशे के अवैध बड़े कारोबार की परते खुलने के बाद शिवराज सरकार नींद से जागी है।ड्रग माफिया पर कार्यवाही को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज एक आपात बैठक बुलाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के दिखावटी निर्देश दिए है। यह वही ड्रग माफिया है जो शिवराज सरकार के 15 वर्ष के शासनकाल में व वर्तमान की 9 माह की सरकार में ही जमकर पनपे है।

सलूजा ने कहा कि शिवराज सरकार जब भी कोई इस तरह का माफियाओं का कारनामा सामने आता है या कोई माफिया पकड़ा जाता है तो नींद से जागती है और श्रेय लेने के लिये झूठी ,दिखावटी कार्रवाई करने में लग जाती है।माफ़ियाओ के ख़िलाफ़ अभियान के नाम पर अभी भी सिर्फ छोटी-छोटी मछलियों को ही निशाना बनाया जा रहा है ,अभी भी बड़े-बड़े मगरमच्छ रूपी माफिया पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं ,उनके चंगुल से बाहर हैं ,बेखौफ होकर अपने कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।
शिवराज जी यह वही ड्रग माफिया है जो आपकी 15 वर्ष की सरकार में जमकर पनपे हैं।इंदौर -भोपाल और प्रदेश के कई बड़े शहर इन ड्रग माफ़ियाओ की गिरफ्त में है।इन बड़े शहरों में हर प्रमुख चौराहों पर ,स्कूल- कॉलेजों के बाहर , पबों में , होटलों में खुले रुप से ड्रग की सप्लाई वर्षों से बेखौफ जारी है।
इनसे ऊपर भेजने के नाम पर जमकर वसूली होती है , महीने फ़िक्स है और इन ड्रग माफियाओं को खुला संरक्षण प्रदान किया जाता है।
आज भी कोरोना महामारी में आप देख लीजिये , एक तरफ़ जहाँ शादियों पर रात्रि 10 बजे के बाद प्रतिबंध है , 10 बजे के बाद आमजन के लिये कर्फ्यू है लेकिन आज भी इंदौर-भोपाल और कई बड़े शहरों में पब- डांस बार बेख़ौफ़ पूरी रात चालू है और इनमें जमकर ड्रग- नशा परोसा जा रहा है।कम उम्र के युवाओं को इसका शिकार बनाया जाता है।इस नशे के जाल में फस कर कई युवक-युवतियाँ बर्बाद हो चुके हैं , कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं ,कई परिवारों के चिराग बुझ चुके हैं और कई परिवार कर्ज के दलदल में फंस चुके हैं लेकिन ड्रग का यह अवैध कारोबार वर्षों से बेख़ौफ़ जारी है।आज भी चौराहे -चौराहे पर यह नशा आसानी से उपलब्ध है।सारे नशा बिक्री केंद्रों की जानकारी प्रशासन के अधिकारियों के पास है लेकिन वसूली लेकर इन्हें जमकर संरक्षण दिया जा रहा है।होनहार युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया जा रहा है।
प्रदेश के इंदौर-भोपाल और कई बड़े शहरों ने नशे के इस अवैध कारोबार के मामले में मुंबई और कई बड़े महानगरों को भी पीछे छोड़ दिया है।प्रदेश के इंदौर- भोपाल जैसे कई बड़े शहर इस नशे के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं।
सलूजा ने कहा कि शिवराज सरकार यदि वास्तव में प्रदेश के युवाओं को इस नशे के दलदल से बचाना चाहती है , उन्हें बर्बादी से रोकना चाहती है तो इन माफियाओं के खिलाफ कमलनाथ सरकार की तरह कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें , इन्हें नेस्तनाबूद करें सिर्फ़ एक दिन आपात बैठक बुलाकर दिखावटी कार्रवाई से कुछ होने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today