खेलो इंडिया यूथ गेम्स का रंगारंग शुभारंभः खेलो इंडिया को अब पांच साल का 3200 करोड़ का बजट

भोपाल में आज खेलो इंडिया यूथ गेम्स का रंगारंग कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुभारंभ किया और ऐलान किया कि अब खेलो इंडिया का अगले पांच साल के लिए 3200 करोड़ रुपए का बजट कर दिया गया है। साथ ही हर साल खेल का बजट भी 2000 करोड़ रुपए कर दिया गया है। सीएम ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खिलाड़ियों को कहा यहां खेल भावना की जीत के लिए वे खेलें।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पांचवें एडिशन के शुभारंभ कार्यक्रम में टी-शर्ट को लांच किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में खेलों को जिस ऊंचाई पर ले जाने का काम किया है, उसका उदाहरण खेलो इंडिया यूथ गेम्स हैं। मध्य प्रदेश के नौ शहरों में 13 दिन तक यह आयोजन होगा और इसमें छह हजार से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिस तरह पिछली बार हरियाणा में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बारह रिकॉर्ड टूटे थे, जिसमें 11 रिकॉर्ड लड़कियों ने बनाए थे। मध्य प्रदेश की धरती पर देखना है कि कितने रिकॉर्ड टूटते हैं।


ऐसा आयोजन करो कि सबका दिल जीत लो
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मध्य प्रदेश के लोगों को आव्हान किया कि वे खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए रिकॉर्ड संख्या में उपस्थिति दर्ज कराएं जिससे नेशनल गेम्स या दूसरे कोई आयोजन करने का मध्य प्रदेश को भी मौका मिल सके। मध्य प्रदेश के लोगों को ठाकुर ने कहा कि ऐसा आयोजन करके दिखाओ कि सबका दिल जीत लो। ठाकुर ने कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस में जिस तरह मध्य प्रदेश की धरती पर लोगों का स्वागत हुआ वह सराहनीय है। वैसा ही अभिवादन खिलाड़ियों का इस बार भी कीजिए।


निखत जरीन के योगदान को याद किया
ठाकुर ने कहा कि अमूमन जब कोई भी बड़ा टूर्नामेंट होता है उससे पहले प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाते हैं। उन्होंने निखत जरीन के योगदान को याद किया। खेल मंत्री ठाकुर ने कहा है कि इस बार मलखंभ जैसे खेल को भी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल किया गया है। अब यह रीजनल नहीं बल्कि नेशनल गेम हो गया है। जल्द ही यह इंटरनेशनल गेम बनेगा, ऐसा मुझे उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि इन खेलों ने गरीब परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का मौका दिया है। स्थानीय खेल और प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं।
सीएम ने कहा खेल भावना की जीत होनी चाहिए
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के इस आयोजन में खेल भावना की जीत होनी चाहिए। खेलों में मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। कभी खेलों का हमारा बजट 5 करोड़ हुआ करता था लेकिन अब बढ़कर 347 करोड़ हो गया है। खेलो को आगे बढ़ाने तथा खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मध्यप्रदेश में धन की कोई कमी नहीं रखी जाएगी। सीएम ने खिलाड़ियों को सुंदर कल देने वाले, खिलाड़ियों का स्वर्णिम भविष्य गढ़ने वाले और नये भारत का स्वप्न साकार करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री निशीथ प्रमामिक, मध्य प्रदेश की खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया समेत खेलों से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित थे।13 दिनों तक चलने वाले खेलों के इस महाकुंभ में 27 खेल स्पर्धाओं में देश भर से करीब छह हजार खिलाड़ी करीब तीन सौ स्वर्ण पदक समेत 900 से अधिक पदकों के लिए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मध्य प्रदेश के आठ शहर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, मंडला, बालाघाट और महेश्वर और दिल्ली इस यूथ गेम्स के विभिन्न खेल आयोजनों की मेजबानी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today