खण्डवा लोकसभा में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रत्याशी: शर्मा

 भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है, तो उसका मुख्य आधार कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं का समर्पण भाव ही हमारे संगठन की सुदृढ़ता है। खण्डवा लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी बनकर चुनावी मैदान में उतरे और हर बूथ पर पार्टी को ऐतिहासिक मतों से विजय दिलाने का संकल्प लें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुरहानपुर के चुनावी प्रचार में जैनावाद में सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कन्यापूजन कर पार्टी प्रत्याशी श्री ज्ञानेश्वर पाटील समर्थन में पार्टी नेताओं के साथ जनसंपर्क किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को नेपानगर विधानसभा के दरियापुर मंडल में मातारानी के दर्शन एवं कन्यापूजन कर चुनाव प्रचार की शुरूआत की। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क कर भारतीय जनता पार्टी को जिताने की ग्रामीणों से अपील की। जिसके पश्चात् श्री शर्मा ने प्राचीन रूणुका माता मंदिर पहुंचकर मातारानी का पूजन कर प्रदेश के सुख समृद्धि की कामना की। प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश शासन के मंत्री श्री तुलसी सिलावट, श्री इंदरसिंह परमार, सांसद श्री सुमेर सिंह सोलंकी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री आलोक शर्मा, श्री बहादुर सिंह सोंधिया, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनीस, जिला अध्यक्ष श्री मनोज लधवे, विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, श्रीमती जयश्री ज्ञानेश्वर पाटील सहित पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद थे। चुनाव प्रचार के पश्चात् प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने खकनार मंडल के बूथ क्रमांक 193 के अध्यक्ष श्री प्रवीण पटेल के निवास पहुंचकर उनके परिजनों के साथ भोजन किया।
नन्दू भैया हमेशा संगठन के विस्तार और जनसेवा को समर्पित रहे
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान का स्मरण करते हुए कहा कि नन्दू भैया हमेशा संगठन के विस्तार और खंडवा लोकसभा के साथ पूरे निमाड़ के विकास को समर्पित रहे। सरकार की योजनाओं का लाभ क्षेत्रवासियों को दिलाने के लिए वे हमेशा लगे रहते थे उन्होंने इस क्षेत्र के विकास को लेकर जो संकल्प लिया, उसे ज्ञानेश्वर पाटील पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि आपके लाड़ले नेता नंदू भैया को तभी सच्ची श्रद्धांजलि होगी जब पार्टी के प्रत्याशी श्री ज्ञानेश्वर पाटील रिकॉर्ड मतों से यहां से विजयी होंगे।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने गरीबों को उनका अधिकार दिया
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हमेशा गरीबों को समर्पित रहीं हैं। मोदी सरकार की सारी योजनाएं गरीबों के उत्थान के लिए केंद्रित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को सिर्फ वोट बैंक समझा और उन्हें भ्रमित किया। उनके हक और अधिकार का छीनने का काम कांग्रेस 70 वर्षों से करती आई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गरीबों को उनका हक देकर उन्हें अधिकारी संपन्न बनाया है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व में हम शक्ति की अराधना करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश की माताओं-बहनों की चिंता करते हुए 9 करोड़ गरीब परिवारों की माताओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर उन्हें चूल्हे के धुए से मुक्ति दी। उन्होंने कहा कि देश में मोदी जी और प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान गरीब कल्याण के अभियान में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today