कोरोना एक्टिव केसेज की संख्या में निरंतर हो रही कमी

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। संक्रमण की गति निरंतर धीमी हो रही है तथा बड़ी संख्या में मरीज स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में 50 कोरोना मरीज पॉजीटिव पाए गए और 174 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर गए हैं। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में कोरोना एक्टिव केसेज की संख्या में 129 की कमी आई है। तीन मई की स्थिति में प्रदेश में कोरोना एक्टिव केसेज की संख्या 1889 हो गई है। 

चौहान आज मंत्रालय में प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न प्रदेशों से हमारे मजदूरों को लाने के लिए कुल 31 ट्रेन का प्लान रेल मंत्रालय को भिजवाया गया है। शीघ्र ही हमारे मजदूर ट्रेनों से प्रदेश में वापस आएंगे।

आज ही डॉक्टर्स की स्पेशल टीम उज्जैन भेजें

उज्जैन जिले की समीक्षा के दौरान पाया गया कि वहाँ कोरोना मरीजों की मृत्यु दर अधिक है। इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि आज ही डॉक्टर्स की स्पेशल टीम उज्जैन रवाना की जाए, जो वहाँ जाकर इलाज संबंधी व्यवस्था देखे। श्री चौहान ने कहा कि हमें किसी भी हालत में हर मरीज को बचाना है।

संक्रमण क्षेत्रों में सर्विलांस सख्त करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रदेश के रेड जोन को ऑरेन्ज जोन में तथा ऑरेन्ज जोन को ग्रीन जोन में बदलना है। संक्रमण वाले क्षेत्रों में सर्विलांस सख्त किया जाए। बुरहानपुर जिला घनी आबादी का होने से मुख्यमंत्री ने वहाँ विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिये। धार जिले को भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया। धार कलेक्टर ने बताया कि जिले में 55 प्रकरणों में से 11 प्रकरण में मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए हैं तथा 26 मरीज आज-कल में डिस्चार्ज हो जाएंगे। शीघ्र ही जिला ऑरेन्ज जोन में आ जाएगा।

14 लैब में 2600 टेस्ट

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि प्रदेश में 14 लैब में 2600 टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं, जो पर्याप्त हैं। आज 3 मई को प्रदेश में कुल 2608 टेस्ट में से 50 पॉजीटिव पाए गए। इंदौर के 515 टेस्ट में से 23, भोपाल के 1029 टेस्ट में से 6, उज्जैन के 200 टेस्ट में से 9 तथा जबलुपर के 203 टेस्ट में से 4 पॉजीटिव पाए गए हैं।

किसी मजदूर से किराया न लिया जाए

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सूचना आई हैकि नासिक से आने वाले कुछ मजदूरों से वहाँ किराया लिया गया। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मजदूर से किराया न लिया जाए। अपर मुख्य सचिव श्री आई.सी.पी. केशरी ने बताया कि विभिन्न प्रदेशों से हमारे मजदूर वापस लाने के लिए रेल मंत्रालय को भेजे गए कुल 31 ट्रेन के प्लान में 22 ट्रेन महाराष्ट्र से, 2 गुजरात से, 1 दिल्ली से, 2 गोआ से तथा 4 अन्य प्रदेशों से मजदूरों को लेकर मध्यप्रदेश आएंगी।

बाहर से मजदूरों को लाने के लिए टोल फ्री नंबर 0755-2411180

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि दूसरे प्रदेश में फँसे  हमारे मजदूरों को प्रदेश में लाने के उद्देश्य से 100 नम्बर लाइन का टोल फ्री नंबर 0755-2411180 चालू है। इस पर फोन करके आवश्यक जानकारी तथा सहायता प्राप्त की जा सकती है। प्रमुख सचिव श्री संजय दुबे ने बताया कि इस नम्बर पर लगभग 1300 कॉल प्रति मिनट आ रहे हैं। इसलिये शीघ्र ही लाइनों की संख्या को और बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक राज्य में इस टोल फ्री नंबर का प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस,  पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today