कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की प्रगति सराहनीय

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2015 का उदघाटन राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी द्वारा प्रगति मैदान, नई दिल्ली में किया गया। इस वर्ष भारतीय अंर्तराष्ट्रीय व्यापार मेले में मध्य प्रदेश फोकस स्टेट के रूप में भाग ले रहा है। उद्घाटन समारोह में प्रदेश का प्रतिनिधित्व वाणिज्य, उद्योग एवं रोजगार मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा किया गया। राष्ट्रपति श्री मुखर्जी ने अपने संबोधन में मध्यप्रदेश द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई तरक्की की प्रशंसा की। उन्होंने विशेषतौर पर प्रदेश की डबल डिजिट कृषि विकास दर को उल्लेखनीय बताया। राष्ट्रपति ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिये मध्यप्रदेश के प्रयासों को सराहनीय बताया।

श्रीमती सिंधिया ने मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास एवं निवेश की सम्भावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश मेले में फोकस स्टेट होने के साथ पूरे भारत में औद्योगिक निवेश के फोकस स्टेट के रूप में उभरा है। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश में मध्यप्रदेश का 5वाँ स्थान है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए भूमि आवंटन और निर्माण की अनुमति देने में प्रदेश एक नम्बर पर है। श्रीमती सिंधिया ने मेले में मध्यप्रदेश पेवेलियन का शुभारंभ भी किया।

श्रीमती सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में बिजली, पानी, भूमि और कुशल श्रमिकों की प्रचुर उपलब्धता के कारण उद्योगों के अनुकूल परिस्थितियाँ हैं। राज्य सरकार द्वारा भी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक सहूलियतें उद्योगों को दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, आटोमोबाइल्स, इंजीनियरिंग गुडस, कौशल विकास, दवाइयाँ, सूचना प्रौद्योगिकी, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, नवकरणीय ऊर्जा, टेक्सटाइल्स और पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाएँ हैं।

इस अवसर पर केन्द्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन, बगंलादेश के उच्चायुक्त सैय्यद मुअज्जम अली, अफगानिस्तान के राजदूत शैदा मोहम्मद अब्दाली, झारखण्ड के ग्रामोद्योग मंत्री नीलकन्ठ सिंह मुण्डा, केन्द्रीय वाणिज्य सचिव रीता टियोटिया तथा आईटीपीओ के अध्यक्ष तथा प्रबंध संचालक श्री एल.सी. गोयल भी मंचासीन थे।

श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रदेश के पेवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न स्टाल का निरीक्षण भी किया। उद्योग आयुक्त एवं मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के प्रबंध संचालक श्री व्ही.एल. कान्ताराव उनके साथ थे।

इस वर्ष मेले की थीम ”Make in India” निर्धारित की गयी है। इसके तारतम्य में मध्य प्रदेश मण्डप की थीम”Make in India” एवं ”Make in Madhya Pradesh” रखी गयी है।

मध्यप्रदेश पेवेलियन

पेवेलियन का आमुख भी इसी विषय को प्रतिध्वनित करता है। प्रदेश में स्थित सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों जैसे साँची स्तूप, खजुराहो मंदिर, ग्वालियर किले के साथ प्रदेश में स्थापित तथा भविष्य में संभावित आधुनिक सुविधाओं जैसे विन्ड मिल, मेट्रो रेल आदि का समावेश भी किया गया है। प्रदेश के विभिन्न सेक्टर्स की गतिविधियों को दर्शित किया गया है।

भूतल पर प्रदेश के नक्शे ”Make in Madhya Pradesh” का स्वचलित माडल आकर्षक रूप में स्थापित किया गया है। यहाँ पर प्रदेश द्वारा विभिन्न सेक्टर्स में की गयी प्रगति एवं ग्रोथ को दर्शाया गया है। इसी तल पर उज्जैन में2016 में होने जा रहे सिंहस्थ, प्रदेश के गौरवशाली विकास के आंकड़े एवं प्रदेश के फोकस सेक्टर्स की जानकारी प्रदर्शित की गयी है।

प्रथम तल पर प्रदेश में स्थापित विभिन्न उद्योगों के उत्पाद सहित प्रदेश के Skill Development की गतिविधियों को प्रशिक्षणाथियों के Live model से दर्शाया गया है जो ISDS के अंतर्गत मध्य प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। द्वितीय तल पर प्रदेश के बाँस से बनने वाले उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी गयी है। खेल के क्षेत्र मे प्रदेश की प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया है।

तृतीय तल पर प्रदेश की कृषि, फूड प्रोसेसिंग एवं अन्य कृषि आधारित परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। प्रदेश में स्थापित टेक्सटाईल सेक्टर्स के बड़े उद्योगों के पैनल स्थापित किये गये हैं। जग प्रसिद्ध चन्देरी साड़ी की बुनाई का जीवन्त प्रदर्शन भी इसी तल पर किया जा रहा है। चतुर्थ तल पर प्रदेश में उत्पादित हस्तशिल्प एवं हाथकरघा उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री मृगनयनी स्टाल के माध्यम से की जा रही है। इसी तल पर प्रदेश में उपलब्ध पर्यटन स्थलों की झाँकी को आकर्षक स्वरूप में दिखाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today