कांग्रेस के लोग फिर झूठ बोलेंगे, भ्रम फैलाएंगे, लेकिन फंसना नहीं है: शर्मा

झूठ बोलना कांग्रेस के लोगों की आदत है। इन्होंने कर्जमाफी का झूठ बोला। अब चुनाव आ रहा है, इसलिए ये फिर आएंगे। ये जाति का चक्कर चलाएंगे, झूठ बोलेंगे, भ्रम फैलाएंगे। लेकिन आपको उसमें फंसना नहीं है। अपने क्षेत्र के विकास के लिए, मध्यप्रदेश के विकास के लिए और मध्यप्रदेश को बचाने के लिए आप भारतीय जनता पार्टी को जिताने का संकल्प लें।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को करैरा, सुमावली एवं गोहद की जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। श्री शर्मा ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ 28 विधानसभाओं का चुनाव नहीं है, पूरे प्रदेश की जनता ये चुनाव लड़ रही है, क्योंकि कमलनाथ सरकार ने पूरे प्रदेश के साथ झूठ बोला था, गद्दारी की थी। सभाओं को प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी संबोधित किया।
कर्जमाफी के नाम पर धोखा दिया, झूठ बोला
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने कर्जमाफी का झूठा वादा किया। इन्होंने 10 दिनों में कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन किसी किसान का कर्ज माफ नहीं किया। ये कहते हैं हमने 26 लाख किसानों का कर्जमाफ किया, लेकिन ये सूची भी फर्जी है। इसमें कई किसान ऐसे शामिल हैं, जिन्होंने खुद अपना कर्ज चुकाया है। महू के ऐसे तीन किसान मुझसे मिले थे, जिन्होंने अपना कर्ज स्वयं चुकाया और कमलनाथ सरकार ने उनका नाम कर्जमाफी वाले किसानों की सूची में जोड़ दिया।
कमलनाथ बताएं, किस अधिकार से छीना गरीबों का हक?
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया, बेरोजगार युवाओं को भत्ता नहीं दिया। हमारी सरकार ने गरीबों के लिए संबल योजना लागू की थी, जिसमें जन्म लेने से लेकर मृत्यु और अंतिम संस्कार तक के लिए अलग-अलग प्रावधान थे। मैं कमलनाथ जी से पूछना चाहता हूं, संबल योजना बंद क्यों की? जिन बेटियों को लोग अभिशाप मानते थे, उनके लिए हमारी सरकार ने लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की। मैं पूछना चाहता हूं कमलनाथ जी से कि बेटियों ने आपका क्या बिगाड़ा था। हमारी सरकार कन्यादान योजना में 25 हजार रुपये देती थी, लेकिन उद्योगपति मुख्यमंत्री ने 51 हजार देने की घोषणा कर दी। लेकिन किसी बेटी को यह राशि नहीं मिली। गरीब बहनों को प्रसव के बाद मजदूरी करने न जाना पड़े, इसके लिए हमारी सरकार उन्हें प्रसव से पहले 4 हजार और बाद में 12 हजार रुपये देती थी, लेकिन वो भी कमलनाथ ने बंद कर दिया। इन्होंने तो बुजुर्गों से तीर्थों के दर्शन का सपना भी छीन लिया। मैं पूछना चाहता हूं कि कमलनाथ आपको गरीब जनता का हक छीनने का क्या अधिकार था?

गरीबों का दर्द नहीं जानते
श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने सिर्फ 28 विधानसभाओं में नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की जनता से छीनने का काम किया। हमारे प्रधानमंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रदेश के 2.45 लाख गरीबों के लिए आवास स्वीकृत किए, ताकि पं. दीनदयाल जी का अंत्योदय का सपना साकार हो सके। लेकिन मैचिंग ग्रांट के पैसे न होने का बहाना करके कमलनाथ ने ये आवास लौटा दिये। श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ वल्लभभवन में बैठकर बैठकें करते रहे, जनता के बीच नहीं गए, क्योंकि उन्हें जनता ने मुख्यमंत्री नहीं चुना था, वो जननेता नहीं है। 2018 के चुनाव में हमारी कुछ सीटें कम रहीं और गांधी परिवार की मेहरबानी से कमलनाथ मुख्यमंत्री बन गए। ऐसा मुख्यमंत्री गरीब जनता का दर्द समझ सकता है क्या?
महिलाओं का अपमान कांग्रेस की संस्कृति
श्री शर्मा ने कहा भारतीय जनता पार्टी माता-बहनों का सम्मान करती है। नवरात्रि चल रही है और पूरा देश माता की आराधना कर रहा है। लेकिन इस पर्व में भी कमलनाथ ने एक दलित की बेटी का अपमान किया। इससे पहले कांग्रेस के नेता दिग्विजयसिंह ने भी मीनाक्षी नटराजन के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का अपमान कांग्रेस की संस्कृति है। श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ ने अपनी इस टिप्पणी से यह बता दिया है कि उनके मन में महिलाओं प्रति कितना सम्मान है, लेकिन नारी शक्ति के इस अपमान के लिए कमलनाथ को माफी मांगनी पड़ेगी।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को सौतेली दृष्टि से देखती रही है कांग्रेस : नरोत्तम मिश्रा
प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को सौतेली दृष्टि से देखा है। इसलिए कमलनाथ सहित कोई नेता यहां के गांवों में कभी नहीं आए। डॉ. मिश्रा ने कहा कि जिस तरह से फसल पकने के बाद उसे काटने के लिए चैतुए आ जाते हैं, उसी तरह चुनाव पास देखकर कांग्रेस के लोग आप लोगों के पास आ रहे हैं। उनकी नजर वोटों की फसल पर है। लेकिन चुनाव होते ही वे फिर गायब हो जाएंगे।
अपने क्षेत्र के विकास पर ध्यान रखे जनता
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस उन लोगों को गद्दार कह रही है, जिन्होंने इस्तीफे दिये। वास्तव में गद्दार तो कांग्रेस है, जिसने कर्जमाफी, बेरोजगारी भत्ते के नाम पर प्रदेश की जनता को धोखा दिया। लेकिन आप लोग इस सब में न उलझें, आप अपने क्षेत्र के विकास पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि विकास वही पार्टी कर सकती है, जिसकी सरकार है। बीते 6 महीनों में हमारी सरकार के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह जी ने कितनी तेजी से विकास का काम किया है, वह आप सभी ने देखा है। इसलिए आप भाजपा प्रत्याशी को जिताकर शिवराज जी की सरकार को मजबूती दें । उन्होंने कहा कि ध्यान रखें यह चुनाव सरकार बनाने का नहीं है, भारतीय जनता पार्टी की सरकार पहले से जनता की सेवा कर रही है, ये चुनाव उस सरकार को बनाए रखने का, मजबूती देने का चुनाव है। इसलिए हर सीट पर भाजपा को जिताने का संकल्प लें।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत, सांसद श्रीमती संध्या राय, श्री भागीरथ प्रसाद, सहित करैरा के पार्टी प्रत्याशी श्री जसमंत जाटव, सुमावली के पार्टी प्रत्याशी श्री एदल सिंह कंसाना, गोहद के पार्टी प्रत्याशी श्री रणवीर सिंह जाटव, जिलाध्यक्ष श्री राजू बाथम, जिलाध्यक्ष नाथू सिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष श्री योगेशपाल गुप्ता, श्री के के श्रीवास्तव सहित विधानसभा के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today