कांग्रेस के पूर्व विधायक राहुल लोधी ने ली भाजपा की सदस्यता

कमलनाथ जी को आत्मचिंतन करने की जरूरत है कि कांग्रेस की यह दुर्गति क्यों हो रही है? मुझे गाली देने से काम नहीं चलेगा। मुझे तो कांग्रेस के लोग इतने विशेषण दे रहे हैं, लेकिन मुझे फर्क नहीं पड़ता। कोई कहता है ये ट्रक भरकर नारियल लेकर चलता है, कोई कहता है भूखा-नंगा है। लेकिन मैंने कमलनाथ जी से उद्योगति कहा, तो बुरा मान गए। कह रहे हैं मैं उद्योगपति नहीं हूं। कमलनाथ जी की इस बात से एक सवाल मेरे मन में आया है कि अगर कमलनाथ जी उद्योगपति नहीं हैं, तो फिर ये अरबों की संपत्ति कहां से आई, जिसकी उन्होंने घोषणा की है? बिना उद्योग-धंधे के कमाई का अगर कोई तरीका है, तो कमलनाथ जी को उसे प्रदेश की जनता को भी बताना चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने रविवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक राहुल लोधी के सदस्यताग्रहण समारोह में  कही। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं पूर्व विधायक श्री राहुल लोधी ने भी संबोधित किया।

बिखर रही है दिशाहीन, गतिहीन कांग्रेस

श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दिशाहीन और गतिहीन हो गई है। कमलनाथ जी ने मंत्री इमरती देवी पर टिप्पणी की। राहुल गांधी जी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण माना, क्षमा मांगी, लेकिन कमलनाथ ने माफी मांगने से मना कर दिया। कांग्रेस पार्टी ये किस दिशा में जा रही है। ऐसा लगता है जैसे राहुल गांधी की कांग्रेस अलग है और कमलनाथ जी की कांग्रेस अलग है। सारी चीजें एक व्यक्ति के हाथों में केन्द्रित हैं। पहले प्रदेश अध्यक्ष बन गए।  मुख्यमंत्री की बात आई तो मुख्यमंत्री बन गए, नेता प्रतिपक्ष की बात आई, तो नेता प्रतिपक्ष बन गए। बीच में नकुलनाथ के युवाओं के नेता बनने की भी बात सामने आई थी। सब कुछ कमलनाथ, बाकी कांग्रेस अनाथ। ऐसा लगता है कि कांग्रेस बिखर रही है।

कांग्रेस से हो रहा मोहभंग

श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार में रहते विकास ठप कर दिया। कोई वादा और वचन निभाया नहीं। जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दीं। इन सब चीजों से कांग्रेस के प्रति उन लोगों का मोहभंग हो रहा है, उम्मीद टूट रही है, जिनमें विकास की ललक है, जो अपने क्षेत्र और प्रदेश का विकास चाहते हैं। ऐसे लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा विकास के लिए ही है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की सदस्यता लेने पर श्री राहुल लोधी का स्वागत करता हूं और उन्हें यह विश्वास दिलाता हूं कि दमोह में मेडिकल कॉलेज भी खोलेंगे और विकास को लेकर जो बातें उनके मन में हैं, उन्हें भी पूरा करेंगे। अब हम सब मिलकर प्रदेश का विकास करेंगे।

भाजपा सरकार के कामों ने छुआ गरीबों का दिल: विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के दिन श्री राहुल लोधी जी ने हमारे नेतृत्व पर, हमारे विचारों और नीतियों पर विश्वास जताया है, उसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार परिवार है और इस परिवार में मैं उनका स्वागत करता हूं। श्री शर्मा ने कहा कि राहुल लोधी जी के पार्टी में आने से भाजपा और मजबूत हुई है और अब हम लोग एक परिवार की तरह मिलकर दमोह क्षेत्र और पूरे प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे। बीते 15 सालों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने स्वर्णिम मध्यप्रदेश की जो यात्रा शुरू की है, उसे और आगे बढ़ाएंगे। श्री शर्मा ने कहा कि बीते 6 महीनों में शिवराज जी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है। ये ऐसे काम हैं, जो गरीबों के दिल को छू गए हैं और इसी का परिणाम है कि राहुल जी और उनके जैसे अन्य लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं।

मोदी जी, शिवराज जी के नेतृत्व में ही हो सकता है विकास: राहुल लोधी

पार्टी में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक श्री राहुल लोधी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में अपने क्षेत्र में विकास का कोई काम नहीं करा पाया। लंबे समय से दमोह में मेडिकल कॉलेज की मांग लंबित है, लेकिन वो भी पूरी नहीं हुई। कांग्रेस की सरकार ने जनकल्याण की योजनाएं बंद कर दीं, वादे पूरे नहीं किये, बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। ऐसे में किस मुंह से जनता के सामने जाता? श्री लोधी ने कहा कि शिवराज जी ने पिछले 6 महीनों में विकास के काम शुरू किए, योजनाएं शुरू कीं, गरीबों, किसानों के खातों में योजनाओं की राशि पहुंचने लगी। इससे मुझे लगा कि विकास मोदी जी और शिवराज जी के नेतृत्व में ही हो सकता है और मैंने भाजपा की सदस्यता लेने का निर्णय लिया। श्री लोधी ने कहा कि कांग्रेस के नेता मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और अन्य लोगों पर जो टिप्पणियां कर रहे हैं, उससे यह स्प्ष्ट हो जाता है कि कांग्रेस बहुत निचले स्तर पर आ गई है।

श्री राहुल लोधी के सदस्यताग्रहण समारोह में मंत्री श्री भूपेंद्रसिंह एवं प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी भी उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today