कमलनाथ और दिग्विजय की जोड़ी ने मध्यप्रदेश को लूट प्रदेश बना दिया था : सिंधिया

कांग्रेस के नेता इस उपचुनाव में सौदेबाजी की बात करके जनता को भ्रमित कर रहे है। कांग्रेस की कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की इस जोड़ी ने मध्यप्रदेश को लूट प्रदेश बना दिया था। प्रदेश में अगर सबसे बड़ा कोई सौदेबाज है तो वह कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की जोड़ी है। 15 महीने जब प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता रही तो इन्होनें मध्यप्रदेश के तबाह और बर्बाद कर लूटने का काम किया था। और आज वही जोड़ी दमोह की जनता के बीच झूठ बोलने का काम कर रही है।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को लक्ष्मण कुटी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को केन्द्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री प्रहलाद पटेल, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह, श्री रामखेलावन पटेल, पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी एवं जिला अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी ने भी संबोधित किया।

कांग्रेस सरकार में वादों की सूची लंबी थी और भाजपा में विकास की

                श्री सिंधिया ने कहा कि 15 महीने प्रदेश में जब कमलनाथ सरकार रही, तब प्रदेश के विकास को लॉकडाउन लग गया था। बल्लभ भवन में आम जनता का प्रवेश.निषेध था और कारोबारियों की लाईन लगी रहती थी। कमलनाथ जी ने किसानों के फसल बीमा की राशि लॉक कर दी थी। 7 हजार करोड़ की उस फसल बीमा की राशि का लॉक तोड़कर भाजपा सरकार ने उसे किसानों तक पहुँचाया। उन्होनें कहा कि चाहे सड़कों की बात हो या इंफ्रास्ट्रक्चर, पाईप लाइन की बात हो, भारतीय जनता पार्टी ने विकास की इबारत लिखी है। दमोह, टीकमगढ़ से झांसी तक 1200 करोड़ की 250 किमी की पाईपलाइन का काम और 255 किमी की सड़क का निर्माण केन्द्रीय सड़क निधि के द्वारा किया जा रहा है। उन्होनें कहा कि कांग्रेस और भाजपा में इतना फर्क है कि कांग्रेस सरकार में वादों की सूची लंबी थी और भाजपा सरकार में विकास की सूची लंबी है।

डबल इंजन की सरकार के साथ विकास के लिए दमोह जितायें

                उन्होनें कहा कि जिन योजनाओं का कमलनाथ जी ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था, शिवराज जी ने सरकार बनते ही उन्हें पुनः शुरू किया। भाजपा सरकार में किसानों को फसलों का दाम, युवाओं को काम, गरीबों का उत्थान एवं बुजुर्गों को सम्मान मिला है। उन्होनें कहा कि अटल जी ने बुंदेलखंड के लिए केन-बेतवा परियोजना का जो सपना देखा था, वह साकार हुआ है। इस योजना से 8 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। दमोह की 30 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। 518 करोड़ की सीतापुर परियोजना से यह क्षेत्र लहलहायेगा। इस क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य के लिए मेडिकल कॉलेज भी भाजपा ने दिया। उन्होनें कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मिलकर विकास का इतिहास लिख रहे है। दमोह उपचुनाव में भाजपा को जिताकर हम इस इतिहास के साक्षी बनें। डबल इंजन की सरकार के साथ हमें चलना है और विकास के लिए भाई राहुल सिंह को जिताना है।

जनमत विचार के साथ खड़ा होता है, तब मिलती है विजय : पटेल

                केन्द्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री प्रहलाद पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में हमारे 150 से अधिक कायकर्ता मारे गये है। उनके बूथ के पास गोलियां चली, लेकिन फिर भी हमारे कार्यकर्ताओं ने अपना बूथ नहीं छोड़ा। विचार के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले उन कार्यकर्ता के कारण बंगाल में परिवर्तन होना तय है, वहां भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होनें कहा कि जहां कोई आस भी नहीं दिखती थी, वहां भी पार्टी कार्यकर्ता झंडा लेकर आगे चलता था। किसी की मां को इसलिए मार दिया जाता है कि वह भाजपा कार्यकर्ता है और पार्टी का काम करता है। लेकिन जब जनमत पलटता है और विचार के साथ जो खड़े होते है तब विजय मिलती है, विष्वास मिलता है और विकास भी मिलता है।

जहर घोलने वालों को रोकना होगा

                श्री पटेल ने कहा कि इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी विकास और विचार के साथ मैदान में है। लेकिन कांग्रेस इस चुनाव में विकास और विचार की चर्चा नहीं करेगी। वह सिर्फ छल-कपट और प्रपंच करेगी। जातियों में जहर घोलने का काम होगा, लेकिन हमें इस चुनाव को विकास की कसौटी पर कसने की जरूरत है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास किया है और उस विकास का लाभ उसे मिलना चाहिए। उन्होनें कहा कि यह चुनाव राहुल सिंह लोधी नहीं लड़ रहे है, बल्कि यह चुनाव तो भारतीय जनता पार्टी लड़ रही है। उन्होनें कहा कि श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अगर फैसला नहीं करते तो आज मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार होती और जनता की वही हालत होती तो 15 महीने के शासन में हुई थी।

कांग्रेस ने हमेशा वादाखिलाफी की : सिंह

                सभा को संबोधित करते हुए राज्य शासन के मंत्री एवं विधानसभा उपचुनाव प्रभारी श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम पर विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन जब मुख्यमंत्री बनाने की बात आई तो कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं की मांग को दरकिनार करते हुए कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाकर ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के साथ धोखा किया। उन्होनें कहा कि सिंधिया जी ने कांग्रेस के इस निर्णय को भी स्वीकार किया। लेकिन जब उन्होनें कमलनाथ जी से जनता से किये वादे पूरे करने की बात कही तो कांग्रेस द्वारा लगातार सिंधिया जी का अपमान किया गया। उन्होनें कहा कि सिंधिया जी ने कर्ज माफी को लेकर सड़क पर उतरने की बात की तो, कमलनाथ जी ने उसे गंभीरता से नहीं लिया और परिणामस्वरूप कमलनाथ सरकार सड़क पर आ गई।

                इस अवसर पर मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, प्रधुमन सिंह तोमर, पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण कुसमरिया, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दर्शन सिंह चौधरी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत सिंह कुशवाह, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार, विधायक श्री प्रदीप पटेल, श्री पी एल तंतुवाय, पूर्व विधायक श्री लखन पटेल, श्रीमती सोनाबाई अहिरवार, श्री शिवचरण दद्दा, श्री सुखनंदन पटेल एवं श्री घासीराम पटेल मंचासीन थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today