आखरी तीस दिन चुनाव के सबसे महत्वपूर्ण: सिंधिया

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में गठित चुनाव अभियान समिति की पहली बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया भी उपस्थित थे। समिति की दूसरी बैठक आगामी 11 जून को होगी। 
कमलनाथ ने कहा कि चुनाव प्रचार में देश और प्रदेश के कौन-कौन प्रतिष्ठित लोग चुनाव प्रचार के लिए आयेंगे इसकी रणनीति और कार्यक्रम अभी से बना लिया जाये। उन्होंने जिला स्तर पर मीडिया और सोशल मीडिया की टीम जल्द से जल्द गठित करने के लिए कहा। यह टीम मॉनिटरिंग कर फीडबेक मुख्यालय को देगी। उन्होंने कहा कि राजनैतिक परिवर्तन को समझकर चुनाव अभियान समिति अपनी रणनीति बनाये। हमें सीट को जीत में बदलना है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण आखिरी के तीस दिन होते हैं, जिन पर पांच साल की पूरी मेहनत टिकी रहती है। जिला स्तर पर मीडिया विशेषज्ञ को लेकर ऐसी प्रचार टीम गठित करें जो अपनी बात को मीडिया में अच्छी तरह संप्रेषित कर सके। चुनाव अभियान प्रभावी रूप से किस तरह जमीन पर उतरे यह हमारी समिति की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए चुनाव अभियान समिति के एक-एक सदस्य की चुनाव के अंत तक स्पष्ट भूमिका होना चाहिए। श्री सिंधिया ने कमेटी के दस सदस्यों को संभागवार जिम्मेदारी और चार सदस्यों को महिला, युवा, किसान, आदिवासी, और अनुसूचित जाति के मुद्दे खोजने की जिम्मेदारी दी।
अरूण यादव को पूरे प्रदेश के ओबीसी वर्ग के लोगों को जोड़ने, विवेक तन्खा को जबलपुर संभाग के साथ पूरे प्रदेश की शहरी रणनीति और प्रोफेशनल्स को जोड़ने और मुकेश नायक को सागर संभाग के साथ पूरे प्रदेश की धार्मिक संस्थाओं, लोक कलाकारों और कलापथक दलों को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई। हृदय मोहन जैन को चंबल संभाग के साथ प्रदेश के सारे व्यापारियों को जोड़ने की रणनीति बनाने, आरिफ अकील को भोपाल संभाग के साथ पूरे प्रदेश के अल्पसंख्यक और संगठित-असंगठित मजदूरों को जोड़ने और राजवर्धनसिंह दत्तीगांव को उज्जैन संभाग के साथ प्रदेश के युवा और सोशल मीडिया का काम दिया गया। कांतिलाल भूरिया को प्रदेश के अनुसूचित जनजाति और सुरेन्द्र चौधरी को अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की समस्याऐं जानने और पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।
रामवरनसिंह गुर्जर को ग्वालियर संभाग, इंद्रजीत कुमार पटेल को रीवा, राजमणि पटेल को शहडोल, रामगोपाल सिंह राजपूत को होशंगाबाद, सज्जन वर्मा को इंदौर संभाग की जिम्मेदारी दी गई। अर्चना जायसवाल को प्रदेश की महिलाओं के मुद्दे, मनोज पाल यादव को प्रदेश के किसान और एनजीओ को जोड़ने का काम दिया गया। श्री सिंधिया ने कहा कि हमें सभी वर्गों की आवश्यकताओं के संबंध में चार-चार, पांच-पांच बडे़ मुद्दे चाहिए।
श्री सिंधिया ने कहा कि जिन सदस्यों के पास संभाग की जिम्मेदारी है, वे अपने जिलों में वरिष्ठ कांग्रेसजनों की सूची तैयार करेंगे, जिनमें वर्तमान और पूर्व सांसद और विधायक, 2013 का प्रत्याशी, वर्तमान ब्लाक अध्यक्ष, जिले के जनपद और नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा पार्षद और सरपंचों के नाम देंगे। इसके अलावा वरिष्ठ समाज सेवी, डॉक्टर, अभिभाषक, गैर राजनीतिक और गैर कांग्रेसियों को लाकर जोड़ने का काम भी समिति करेगी। जिन नेताओं की सभा प्रदेश में कराना है उनकी सूची सितम्बर के अंत तक तैयार कर ली जाये।
श्री सिंधिया ने कहा कि सरकारी योजनाएं पूरी तरह फेल हो चुकी है, आत्महत्या करने वाले किसानों की विधानसभावार सूची, भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र की पूरी न होने वाली घोषणाओं की विधानसभावार जानकारी एकत्र करें।
प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि चुनाव अभियान समिति की उप-समिति भी बनायी जाये, जो एक-एक विषय पर केंद्रित हो। उन्होंने कहा कि इसमें चुनाव समिति, आई.टी. और कम्युनिकेशन, होर्डिंग, बोर्डिंग और क्षेत्र प्रचार, भाषण शैली विकसित करना, मीडिया आदि शामिल किये जा सकते हैं।
बैठक में समिति के सदस्यों के अलावा अभा कांग्रेस के सचिव जुबेर खान, उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल, प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी, पंकज शर्मा सहित मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष श्रीमती मांडवी चौहान और विपिन बानखेड़े उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today