आईजी-एसपी कांफ्रेंसः सीएम शिवराज का जनता के साथ बेहतर संवाद पर जोर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दूसरे दिन आईजी-एसपी कांफ्रेंस की जिसमें उन्होंने पुलिस अधिकारियों से यह अपेक्षा की कि जनता के साथ उनका बेहतर संवाद होना चाहिए। जन सामान्य से बेहतर संवाद से बेहतर नियंत्रण अधिक क्षमता के साथ हो सकता है। आईए आपको बताते हैं कि सीएम ने पुलिस के मैदानी अफसरों से क्या कहा।

मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संभाग आयुक्त-कलेक्टर कांफ्रेंस की थी और आज दूसरे दिन इन अधिकारियों के साथ प्रदेश के मैदानी आला अधिकारी आईजी-एसपी के साथ बैठक की। सीएम ने कहा कि प्रदेश पुलिस द्वारा मूलभूत पुलिसिंग में शुरू की गई पैदल गश्त की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रशंसा की है। बीट व्यवस्था, माइक्रो बीट सिस्टम, औचक निरीक्षण, कोबिंग ऑपरेशन और राशि गश्त व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आवश्यक है। पुलिस के सड़क पर मौजूद होने से असामाजिक तत्वों और सामान्य व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी असर होता है।
सिपाही से लेकर अधिकारी तक तकनीकी रूप से सक्षम हों
सीएम चौहान ने आरक्षक से लेकर अधिकारियों तक पुलिस तकनीकी रूप से सक्षम हों, यह समय की माँग है। इससे जन-सामान्य के साथ बेहतर संवाद और बेहतर नियंत्रण अधिक सक्षमता से किया जा सकता है। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों में चल रही भ्रांतियों और गलत जानकारियों का तत्काल खंडन किया जाए और आवश्यकता होने पर उपयुक्त कार्यवाही भी तत्काल सुनिश्चित की जाए।
माफिया की गतिविधियां समाप्त हुईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। यहाँ सभी माफिया गतिविधियों को समाप्त कर दिया गया है। डकैती उन्मूलन के साथ ही नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। प्रदेश में एक करोड़ 14 लाख के इनामी 6 नक्सलियों को समाप्त करने के लिए हॉक फोर्स बधाई की पात्र है। प्रदेश में नक्सली गतिविधियाँ केवल छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सीमा पर शेष हैं। प्रदेश के अंदरूनी जिलों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। यह हमारी प्रतिबद्धता और निरंतर चलने वाले अभियान का ही परिणाम है।
जुआ, सट्टा और ड्रग्स समाज के दुश्मन
चौहान ने कहा कि जुआ, सट्टा और ड्रग्स समाज के दुश्मन हैं। इनमें लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। माँ-बहन-बेटी के सम्मान की सुरक्षा और उन्हें सशक्त करने के प्रयासों के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उनके साथ दुर्व्यवहार करने वालों को आजीवन कारावास और फाँसी तक की सजा दी गई ऐसे व्यक्तियों की आर्थिक रूप से कमर भी तोड़ी गई है। यह कार्यवाही असामाजिक तत्वों में भय व्याप्त करने में सहायक रही हैं।
नशे के विरूद्ध अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाया जाए। जन-सामान्य को नशे के नुकसान की जानकारियाँ देने के साथ नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मांतरण के प्रयत्नों को विफल करना आवश्यक है। बेटियों को फुसला कर धर्मांतरण कराने के प्रकरणों तथा जमीन खरीदने के लिए जनजातीय बहनों से विवाह करने के प्रकरणों के प्रति अपने-अपने जिलों में सजग रहें। गुम हुई बच्चियों को वापस लाने में ऑपरेशन मुस्कान में हमें सफलता मिली है। कमजोर वर्गों को सुरक्षा प्रदान करना हमारा दायित्व है। साथ ही अत्याचार करने की प्रवृत्ति को नियंत्रित करने के लिए भी अभियान चलाया जाए। सूदखोरी से हो रहे शोषण के प्रति भी जागरूक रहें तथा इस प्रकार की जानकारी मिलने पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। समाज में फैल रहे नशे और ड्रग्स की लत को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा नशामुक्ति के लिए विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है।
सायबर अपराध उभरती चुनौती
चौहान ने कहा कि सायबर अपराध उभरती चुनौती है। सोशल मीडिया पर निरंतर नजर रखना आवश्यक है, क्योंकि थोड़ी से लापरवाही से इससे तनाव फैलना संभव है। पीएफआई सहित देश को कमजोर करने की गतिविधियों में संलग्न संगठनों के संबंध में सही समय पर जानकारी प्राप्त करने के लिए इंटेलीजेंस एजेंसियाँ सक्रिय रहें। इस कार्य में स्थानीय पुलिस भी अपना दायित्व निभाएँ। विदेशों से वित्तीय सहायता प्राप्त कर रहे एनजीओ किन गतिविधियों में लगे हैं, इस पर भी नजर रखी जाए। सामाजिक सोहार्द्र और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता और सावधानी आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today