मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं और जल्द ही दलबदल करने वाले नेताओं की खबरें तेजी के साथ आना शुरू होने वाली हैं। ऐसे ही एक नेताजी आज सत्ताधारी भाजपा को छोड़कर कांग्रेस को ज्वाइन करने वाले हैं जो शक्ति प्रदर्शन करते हुए भोपाल के लिए सड़क से गुजरे तो करीब तीन मिनिट तक उनकी कार का काफिला गुजरता रहा और दूसरे वाहनों को अपनी गाड़ी रोकना पड़ीं। देखिये वीडियो के साथ नेताजी की झांकी।
तीन साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र माने जाने वाले अशोकनगर-गुना में भाजपा को आज तगड़ा झटका देने के लिए मध्य प्रदेश के राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के उपाध्यक्ष अजय सिंह यादव के भाई यादवेंद्र सिंह कांग्रेस ज्वाइन करने भोपाल के लिए निकले। उन्होंने अपने शक्ति प्रदर्शन के रूप में समर्थकों को भी साथ लिया और जब कारों का काफिला सड़क से निकला तो करीब तीन मिनिट तक गाड़ियां निकलती रहीं।
पीसीसी में कमलनाथ-दिग्विजय-अरुण ने सदस्यता दिलाई
जब यादवेंद्र सिंह यादव मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के भोपाल मुख्यालय कार्यालय पहुंचे तो वहां अरुण यादव सबसे पहले पहुंचे। इसके बाद यादवेंद्र सिंह यादव को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के कार्यक्रम में पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह भी पहुंच गए। तीनों नेताओं ने यादवेंद्र सिंह का स्वागत किया और सदस्यता की औपचारिकता पूरी की।
कौन है यादवेंद्र सिंह व उनक परिवार
यादवेंद्र सिंह स्व. राव देशराज यादव के पुत्र हैं जो अशोकनगर-गुना से तीन बार विधायक रहे थे। उनके भाई अजय यादव राज्यमंत्री के दर्जा प्राप्त भाजपा नेता हैं तो मां अशोक नगर जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। यादवेंद्र सिंह यादव को कांग्रेस में लाने का श्रेय पूर्व मंत्री सचिन यादव और उनके बड़े भाई पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ले रहे हैं। सचिन मुंगावली उप चुनाव में प्रभारी थे और कहते हैं कि तब से वे प्रयासरत थे। वहीं, वर्तमान परिदृश्य में इसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को दिया जा रहा है क्योंकि वे कुछ समय से ग्वालियर-चंबल पर फोकस किए हैं। हाल ही में सिंधिया समर्थक मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया को वे सीधे धमकी भरे अंदाज में चुनौती भी दे चुके हैं।
Leave a Reply