अद्भुत नेता थे अटल जी- शिवराज सिंह चौहान

भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेयी के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और कई अन्य दिग्गज नेता भावुक हो गए। श्रद्धांजलि सभा मेें कैमरामेनों ने ऐसा क्लिक किया जो अविस्मरणीय साबित होगा। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती जहां शिवराज सिंह चौहान के मंच को शेयर करने से इन दिनों बचती हैं, वे मंच पर उनके साथ थीं। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान भी प्लेटफार्म मायूस नजर आए। सीएम ने यहां भी मंच पर जबरदस्त भावुक होकर बाजपेयी के प्रति श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, राजीव सिंह, प्रकाश जैन, पंकज चतुर्वैदी व नरेंद्र सलूजा आदि भी पहुंचे।

चौहान ने स्वर्गीय वाजपेयी को याद करते हुये कई संस्मरण सुनाये। उन्होंने कहा कि अटल जी कभी विदा नहीं हो सकते। वे करोड़ों भारतवासियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। श्री चौहान ने अटल जी के व्यक्तित्व के अनूठे तत्वों का उल्लेख करते हुये कहा कि वे हमेशा छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते थे। वे स्नेह से भरे हुये थे। उन्होंने पूरी दुनिया में हिन्दी का मान बढ़ाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी अपने भाग्य पर आश्चर्य करेगी कि उन्होंने अटल जी को देखा था। अटल जी जैसा बनने का प्रयास करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

केन्द्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी की उनके जीवन में बहुत बड़ी भूमिका रही है। वे क्षमाशील, उदार और विनोदी स्वभाव के थे। उनमें मिठास और सुगंध का अनूठा मेल था। उनसे भावनात्मक निकटता रही। उनका सबसे व्यापक संपर्क था। वे हिमालय के देवदार वृक्ष की तरह थे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी का पूरा जीवन देश के लिये समर्पित रहा। राजनीति में प्रतिद्वंदिता होती है शत्रुता नहीं, ऐसा सिखाने वाले व्यक्तियों में से एक अटल जी थे। पूर्व सांसद श्री कैलाश सारंग ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी युग पुरुष थे। उन्होंने जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं कर एक आदर्श कायम किया था।

सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी ने राजनीति की सीमा से हटकर लोगों के दिलों में स्थान बनाया। वे मध्यप्रदेश की माटी के लाल थे, इसका हमें गर्व है। वे व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार थे। भाजपा के महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी विराट व्यक्तित्व थे। वे हर व्यक्ति को अपने लगते थे। वे आनंद की प्रतिमूर्ति थे। विधानसभा उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी प्रेम और सद्भाव का दल से ऊपर उठकर संदेश देते थे। वे महान व्यक्ति थे। जो उनसे मिलता, उसे अपना बना लेते थे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्रीय बौद्धिक प्रमुख विलासराव बोले ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी ने राष्ट्र भाषा के नाम को विश्व में ऊंचा किया। उनका जाना एक साधक का प्रस्थान है।

समाजवादी नेता श्री रघु ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी को उनके जीवन के बाद भी लोग याद कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में बिना किसी विरोध के तीन नये राज्य निर्माण किये थे। वे सबके मन को जीत लेते थे। सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा ने स्वर्गीय अटल जी के पत्रकारिता से जुड़े कार्यकाल को याद किया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के श्री शैलेन्द्र शैली ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी राजनीति में नैतिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्षधर थे। वे पूरी मानवता के मूल्यों के प्रतिनिधि थे। समाजवादी पार्टी के श्री यश यादव ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी ने पूरे विश्व में लोकतंत्र में सबको साथ लेकर चलने का उदाहरण प्रस्तुत किया। आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष श्री आलोक अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी मतभेद को सम्मान से स्वीकार करते थे। उन्होंने बताया कि संवेदना से कैसे सेवा की जाती है। बहुजन समाज पार्टी के श्री अनिल पाण्डेय ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी दलगत राजनीति से हटकर शोषित और पीड़ितों के लिये काम करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today