मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज 65वां जन्मदिन है और वे आज 23 हजार 360 दिन के हो गए हैं। आज उनका जन्मदिन मनाने के लिए प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में शिव वाटिका बनाकर पौधरोपण किया तो सीएम जितने दिन के हुए उससे दोगुना 46 हजार पौधे लगा दिए गए। इस तरह प्रदेश के सीएम के जन्मदिन को अनोखे अंदाज में मनाया गया।
मुख्यमंत्री चौहान के जन्मदिन पर नगरीय विकास एंव आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने प्रदेश सभी नगरीय निकायों को अपने-अपने यहां शिव वाटिका विकसित करने के लिए पौधरोपण करनेे का टारगेट दिया था। इसके यह तय किया गया था कि मुख्यमंत्री का आज 65वां जन्मदिन है तो उन्होंने अब तक अपने जीवन के 23 हजार 360 दिन पूरे कर लिए हैं, इसलिए शिव वाटिकाओं में कम से कम 23 हजार 360 पौधरोपण होना चाहिए। सिंह ने सीएम को बताया कि प्रदेश के नगरीय निकायों से मिली जानकारी के मुताबिक 46 हजार पौधे शिव वाटिकाओं में आज के दिन लगाए गए हैं जो किसी व्यक्ति के जन्मदिन पर होने वाले पौधरोपण का विश्व रिकॉर्ड है।
रिकॉर्ड को दर्ज कराने की तैयारी
नगरीय विकास और आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति के जन्मदिन पर 46 हजार पौधों को लगाए जाने के रिकॉर्ड को विश्व स्तर पर दर्ज कराया जाएगा। सिंह ने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि यह रिकॉर्ड किस किताब में दर्ज हो सकता है। शिव वाटिका सोशल मीडिया पर भी आज जबरदस्त ट्रोल हुआ है।
Leave a Reply