भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान और जन-जन के नंदू भैया की पार्थिव देह बुधवार दोपहर पंचतत्व में विलीन हो गई। नंदू भैया के पैत्रृक नगर शाहपुर में धार्मिक रीतिरिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे हर्षवर्धनसिंह चौहान ने उन्हें मुखाग्नि दी। इसके पूर्व स्व. नंदू भैया की अंतिम यात्रा उनके पैत्रृक निवास से निकली। इस दौरान अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन करने, उन्हें विदाई देने समूचा शाहपुर सड़कों पर जमा हो गया। नंदू भैया अमर रहें के नारों से आसमान गूंज उठा।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद जी, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, थावरचन्द गेहलोत, फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन अपने प्रिय नेता नंदू भैया की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और नम आंखों से अंतिम विदाई दी।