पर्यटकों के लिये अद्वितीय अनुभव होगा नमस्ते ओरछा महोत्सव

मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थान ओरछा में आगामी 6 से 8 मार्च के बीच आयोजित किया जा रहा नमस्ते ओरछा महोत्सव पर्यटकों के लिये एक अद्वितीय अनुभव होगा। राज्य सरकार इस महोत्सव के माध्यम से प्रदेश में भविष्य के पर्यटन की दिशा निर्धारित कर रही है। इसमें इको-पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के नये अवसरों पर ध्यान केन्द्रित किया जायेगा। इस महोत्सव के दौरान ऐतिहासिक स्थल ओरछा से जुड़ी प्राचीन कहानियाँ फिर से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगी।

नमस्ते ओरछा महोत्सव का उदघाटन आगामी 6 मार्च को मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ द्वारा किया जायेगा। शीश महल में आयोजित उदघाट न समारोह में ओरछा के इतिहास तथा महोत्सव के बारे में जानकारी प्रसिद्ध अभिनेता मनोज बाजपेयी की आवाज में दी जायेगी। समारोह में समकालीन नृत्य की प्रस्तुति ‘सद्य’ संस्था द्वारा दी जायेगी। इनकी नृत्य प्रस्तुतियों में परम्परागत तथा आधुनिक नृत्य कला का मिश्रण होगा। इसके बाद प्रसिद्ध संगीतकार क्लिंटन सेजेरो की सांगीतिक प्रस्तुति होगी। इनके गीत ‘मदारी’ के यूट्यूब पर 40 लाख हिट्स है। संगीतकार क्लिंटन के साथ हिन्दी फिल्म की प्रसिद्ध गायिका शिल्पा राव भी प्रस्तुति देंगी। क्लिंटन के साथ बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश के स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। इसी के साथ भोपाल की संतूर वादिका श्रुति अधिकारी की प्रस्तुति होगी। प्रसिद्ध लोक गायक श्री प्रहलाद टिपाण्या की जुगलबंदी भी श्री क्लिंटन के साथ होगी। अंत में म्यूजिक ग्रुप इंडियन ओशियन की प्रस्तुति होगी, इसमें माँ रेवा गीत भी होगा। समारोह का संचालन अभिनेत्री मिनी माथुर और फिल्म गीतकार श्री स्वानंद किरकरे करेंगे।

महोत्सव के दूसरे दिन 7 मार्च को ओरछा किले और कन्वेन्शन सेंटर में बिजनेस कानक्लेव आयोजित होगा। कानक्लेव के माध्यम से पर्यटन, हॉस्पिटेलिटी, क्राफ्ट, मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में रोजगार वृद्धि पर विचार किया जायेगा। प्राथमिक सत्र ‘वन-म.प्र.’ मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.आर.मोहन्ती द्वारा संबोधित किया जायेगा। वे पर्यटन गतिविधियों में मध्यप्रदेश की अनुकूलता के बारे में बतायेंगे। कानक्लेव में प्रतिभागी ‘येस ओरछा’, ‘दिल से ओरछा’, ”इंडिजिनिस मध्यप्रदेश’ और ‘जिम्मेदार मध्यप्रदेश’ सत्रों में चर्चा देंगे। ये सत्र ओरछा को फिल्म और वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने, हॉस्पिटेलिटी गतिविधियों के विस्तार, पर्यटकों के लिये क्राफ्ट तथा मध्यप्रदेश में पर्यटन विस्तार पर केन्द्रित रहेंगे।

इसी दिन शाम को बेतवा नदी के तट पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध शासकीय गायिका सुश्री शुभा मुद्गल की प्रस्तुति होगी। साथ ही भारतीय शास्त्रीय संगीत में प्रसिद्ध गायिका सुश्री शुभांजलि भी प्रस्तुति देंगी। इसके बाद प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना सुश्री अदिति मंगलदास की प्रस्तुति होगी। संगीत समूह ‘सद्य’ की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध अभिनेत्री सुश्री स्वरा भास्कर करेंगी।

इसके बाद बाओबाब वृक्ष के नीचे खुले आकाश संगीत का कार्यक्रम होगा। इसमें म्यूजिक बैंड मृगया, लोक गायक श्री कालूराम बामनिया, सितार वादक सुश्री स्मिता नागदेव प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का संचालन टेलीविजन होस्ट सुश्री आलिया खान करेंगी।

तीसरे दिन 8 मार्च की सुबह वेलनेस और योगा सत्र होगा। इसी दिन पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिय विमलेन्दू झा के साथ नेचर वॉक का आयोजन होगा। साथ ही फोटोग्राफी वॉक और एडवेंचर स्पोर्टस – क्याकिंग और राफ्टिंग बेतवा नदी और उसके आस-पास आयोजित होंगे। साइकलिंग टूर भी होगा। आर्टिस्ट और डिजाइनर सुश्री अनुपमा दयाल के साथ क्यूरेटेड वॉक होगा, जिसमें बुंदेलखंड के हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग और निडल क्राफ्ट के बारे में जानकारी दी जायेगी।

इस तीन दिनी महोत्सव के दौरान ओरछा में स्थानीय कलाकारों के उत्पादों का क्राफ्ट बाजार लगेगा, जिसमें पांजा दरी, पिथोरा पेंटिंग्स, चंदेरी बुनाई, महेश्वरी साड़ी, बॅटिक, बाग प्रिंट और गोंड पेंटिंग्स पर फोकस रहेगा। यहाँ फूड बाजार भी लगाया जायेगा। महोत्सव के दौरान सुबह वेलनेस और योगा सत्र, फोटोग्राफी वॉक, साइकिलिंग टूर, नेचर वॉक और हाट एयर बैलून आदि गतिविधियाँ भी होंगी। कुल मिलाकर नमस्ते ओरछा महोत्सव के माध्यम से मध्यप्रदेश राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र में अपनी पहचान को और अधिक विस्तार देने की पहल कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today