अब और अधिक प्रभावी होंगे गौ संरक्षण एवं संवर्धन के उपायः विष्णु दत्त

भारतीय जनता पार्टी की सरकारें गौमाता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रही हैं। इन सरकारों का जोर गांव, गरीब और गायों के कल्याण पर रहा है। अब मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान जी की सरकार ने जो गौ कैबिनेट का गठन किया है, वह न सिर्फ देश में अपनी तरह की महत्वपूर्ण पहल है,बल्कि इसके माध्यम से प्रदेश में गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के उपाय अधिक प्रभावी तरीके से किए जा सकेंगे। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं मध्यप्रदेश की सरकार को धन्यवाद देता हूं।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णदुत्त शर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा गौ कैबिनेट के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कही। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए गौवंश का संरक्षण और संवर्धन प्राथमिकता वाला क्षेत्र रहा है और पार्टी की सरकारें इसके लिए लगातार प्रयास करती रही हैं। शर्मा ने कहा कि गौ पालन, उनका भरण-पोषण, रखरखाव और संरक्षण-संवर्धन एक व्यापक विषय है। इसे किसी एक विभाग द्वारा समग्र तरीके से लागू किया जाने में कई तरह की व्यवहारिक दिक्कतें आती हैं। लेकिन अब मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जो गौ कैबिनेट गठित की है, उसमें पशुपालन, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, गृह एवं किसान कल्याण जैसे उन सभी विभागों को शामिल किया है, जिनकी गौवंश के संरक्षण-संवर्धन में किसी न किसी प्रकार की भूमिका रहती है। उदाहरण के लिए यदि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग गौ संवर्धन की योजनाओं को लागू करता है,तो वन और राजस्व विभाग उनके लिए चारागाह की व्यवस्था कर सकेंगे।

वहीं, गृह विभाग गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और गौ संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई कर सकेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कृषि को गौ आधारित माना जाता है। गौ और कृषि एक दूसरे पर सिर्फ आश्रित ही नहीं हैं, बल्कि एक-दूसरे की आवश्यकताओं की पूर्ति भी करते हैं। ऐसे में किसान कल्याण विभाग को गौ कैबिनेट में शामिल करने से गौवंश और कृषि दोनों का कल्याण हो सकेगा। श्री शर्मा ने कहा कि गौ कैबिनेट की इस नई व्यवस्था से प्रदेश में गौ संरक्षण एवं संवर्धन का काम अधिक तालमेल के साथ किया जा सकेगा, जिसके परिणाम आने वाले वर्षों में दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today